मशहूर गायिका को 74 कोड़े मारने के बाद अब ईरान में एक 19 साल की गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसने ऑनर किलिंग का मामला बताया जा रहा है. पीड़िता की पहचान हेलिया फतेही के रूप में हुई है. पिछले हफ्ते जब उसने परिवार को एक युवक से संबंध के बारे में बताया तो उस समय वह 2 महीने की गर्भवती थी. एक युवक से रिलेशन की खबर से गुस्साये माता-पिता ने उसे लगभग 30 गोलियां निगलने के लिए मजबूर किया. उसे बुरी तरह पीटा गया और उसके बाद तकिए से मुंह-गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई. ये घटना ईरानी शहर सनंदज शहर में हुई. रिपोर्ट के मुताबिक- आरोपी माता-पिता (वोरिया फतेही और लीला वेइस) को बेटी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. पूछताछ के दौरान माता-पिता ने बेटी की हत्या की बात कबूली है.
बेटी को 30 गोलियां निगलने को किया मजबूर
लड़की के माता-पिता बेटी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने के लिए कोर्ट गए थे, वहां से लौटने के बाद उन्होंने उसे गोलियां निगलने के लिए मजबूर किया, हालांकि जब उन्हें लगा कि लड़की अभी भी जीवित है तो उन्होंने तकिये से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. मानवाधिकार समूहों ने इसे ऑनर कीलिंग बताया है. हेंगाव मानवाधिकार संगठन ने बताया कि ईरान में घरेलू हिंसा से महिलाओं और बच्चों की रक्षा करने वाले प्रभावी कानून नहीं है.
हाल ही में गायिका को हिजाब न पहनने पर मारे गए थे 74 कोड़े
इस घटना ने एक बार फिर ईरान में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर बहस छेड़ दी है. फत्ताही की मौत ईरान में एक हफ्ते से भी कम समय में हुई तीसरी युवा महिला की हत्या है. 18 नवंबर को गिलान प्रांत में 23 वर्षीय सदाफ को उसके जन्मदिन की पार्टी में उसे पूर्व प्रेमी गने गोली मार दी, क्योंकि उसने उससे शादी करने से इंकार कर दिया था.इससे पहले 16 साल की स्कूली छात्रा सोगंद सयादी की एक इमारत की पांचवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी. उसने स्कूल के कर्मचारियों को चेतावनी दी थी कि अगर वे उसे उसके पिता के साथ घर भेजेंगे तो वह उसे मार डालेगा. इसी हफ्ते ईरानी अधिकारियों ने एक मशहूर गायिका और उसकी टीम के चार सदस्यों को 74 कोड़े मारे, क्योंकि उनकी परफॉर्मेंस को यूट्यूब पर लाखों बार देखा गया और महिला ने हिजाब नहीं पहना था. 29 साल की परस्तू अहमदी और उनकी टीम के चार सदस्यों के साथ कोड़े मारने की सजा सुनाई गई थी.
ईरान से जुड़ा ये वीडियो भी देखें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं