विज्ञापन

'अमेरिका समंदर में डकैती कर रहा'... 3 भारतीय नाविकों की मौत पर ईरान का आया रिएक्शन

भारत के विदेश मंत्रालय ने ओमान के तट के पास एक व्यापारिक जहाज सेटेबेलो पर हुए हमले की निंदा की थी. यह हमला अमेरिकी सेना ने किया है और इसमें 3 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है.

'अमेरिका समंदर में डकैती कर रहा'... 3 भारतीय नाविकों की मौत पर ईरान का आया रिएक्शन
US Iran War: ईरान ने भारतीय जहाज पर अमेरिकी हमले की निंदा की है (फोटो- एएफपी)
  • ईरान ने भारत के नाविकों को ले जा रहे जहाजों पर हुए अमेरिकी हमलों की निंदा की
  • इन हमलों में कम से कम तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई है
  • ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने इन हमलों को “हथियारों के बल पर की गई लूट” बताया

ईरान ने भारत के जहाजों पर हुए अमेरिकी हमलों की निंदा की है, जिनमें कम से कम तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई है. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने इन हमलों को “हथियारों के बल पर की गई लूट” और अमेरिकी सरकार द्वारा स्पॉन्सर की गई समुद्री डकैती बताया है. साथ ही उन्होंने मारे गए भारतीय नाविकों के परिवारों के लिए संवेदना जाहिर की और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अमेरिका को उसके हमलों के लिए जिम्मेदार ठहराने की अपील की.

ईरान ने क्या कहा है?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई एक पोस्ट में बघाई ने लिखा, “भारतीय व्यापारिक जहाजों पर अमेरिका के क्रूर हमले, जिनमें कम से कम तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, अमेरिका की हथियारों के बल पर लूट और राज्य प्रायोजित समुद्री डकैती की लगातार जारी नीति का स्पष्ट सबूत हैं. हम मारे गए भारतीय नाविकों के परिवारों और दोस्तों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं और भारत की जनता तथा सरकार के प्रति गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हैं.”

पोस्ट में आगे कहा गया, “अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अमेरिका को उसके बिना कानून वाले व्यवहार के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए. अमेरिका की यह कार्रवाई वैश्विक शांति और सुरक्षा को लगातार खतरे में डाल रही है और समुद्री आवागमन की स्वतंत्रता को भी जोखिम में डाल रही है.”

भारत ने भी की है निंदा

इससे पहले, भारत के विदेश मंत्रालय ने ओमान के तट के पास एक व्यापारिक जहाज सेटेबेलो पर हुए हमले की निंदा की थी. जहाज पर मौजूद 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीयों की मौत हो गई. पहले इन तीन नाविकों को लापता बताया गया था लेकिन फिर शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इसे एक "दुखद" नुकसान बताते हुए कहा कि लापता तीनों नाविकों के शव बरामद कर लिए गए हैं. 

उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा, "पलाऊ के झंडे वाले जहाज MT सेटेबेलो पर हुई दुखद घटना के बारे में जानकर बहुत अफसोस हुआ. दुख की बात है कि जिन तीन भारतीय नाविकों के शुरू में लापता होने की खबर थी, उनके शव मिलने और पहचान होने के बाद अब उनकी मौत की पुष्टि हो गई है." तीन मृत नाविकों की पहचान डेक कैडेट आदित्य शर्मा, इंजन फिटर शिवानंद चौरसिया और चीफ इंजीनियर पटनाला सुरेश के तौर पर हुई है.

यह भी पढ़ें: 'यह युद्ध अपराध..' ओमान तट पर अमेरिकी हमले में मारे गए भारतीय के पिता का फूटा गुस्सा, सरकार से एक्शन की मांग

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, US Iran War Updates, US Attack In Hormuz
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com