- ईरान के IRGC के सीनियर सलाहकार मोहम्मद रजा नकदी ने अमेरिका के साथ युद्ध लंबा खींचने की बात कही है
- नकदी के अनुसार ईरान चाहता है कि युद्ध डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद से बाहर होने तक जारी रहे
- नकदी ने कहा कि अमेरिकी सेना उम्मीद से कम मजबूत साबित हुई है और जीत ईरान की तरफ है
ईरान अमेरिका के साथ लंबी लड़ाई के लिए तैयार है और वह यह जंग डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता से बाहर निकलने के बाद तक खींच सकता है. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC के कमांडर के एक सीनियर सलाहकार ने यह बात कही है. CNN की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने साफ-साफ कहा है कि ईरान अमेरिका के साथ युद्ध को डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद से बाहर होने तक लंबा खींच सकता है.
IRGC के कमांडर के सीनियर सलाहकार मोहम्मद रजा नकदी ने PBS को दिए एक इंटरव्यू में कहा, “हमें इतनी मजबूत स्थिति बनानी होगी कि दुश्मन हम पर हमला करने की हिम्मत ही न करे और हम सुरक्षित रह सकें.” उन्होंने कहा, “इसका एक तरीका यह है कि युद्ध को इतना लंबा खींचा जाए कि हम राष्ट्रपति पद के अगले कार्यकाल तक पहुंच जाएं और दुश्मन को इतना नुकसान हो कि अगर कोई और ईरान पर हमला करने के बारे में सोचे, तो उसे पता हो कि इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी.”
रिपोर्ट के अनुसार जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि इस समय युद्ध पर ईरान का कंट्रोल है, तो नकदी ने कहा कि बिल्कुल, जीत हमारी तरफ है. उन्होंने अमेरिका पर बिना रणनीति के युद्ध लड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “अमेरिका बिना किसी रणनीति के युद्ध कर रहा है. हर दो-तीन दिन में वे अपना नया टारगेट बताते हैं.”
क्यों युद्ध को लंबा खींचना चाहता है ईरान?
नकदी ने कहा कि अमेरिका के इन टारगेट में खार्ग द्वीप पर कब्जा करना और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना भी शामिल था. उन्होंने आगे कहा, “यह युद्ध जितना लंबा चलेगा, हमें उतना ज्यादा अनुभव मिलेगा. हमने इससे पहले कभी असली युद्ध नहीं देखा था, जिससे हमें यह सीखने का मौका मिले कि अमेरिका के साथ कैसे लड़ना है. इन पांच महीनों में हमने यह सीख लिया है.”
उन्होंने कहा, “हमने यह भी देखा है कि अमेरिकी सेना उतनी मजबूत नहीं है, जितना हम पहले उसे समझते थे.”
यह भी पढ़ें: 'अल्लाह का शुक्र है...', ट्रंप ने किस बात पर कहा ऐसा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं