कनाडा के सरे शहर में एक वॉलमार्ट स्टोर के बाहर भारतीय मूल के एक दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस का मानना है कि इस घटना को निशाना बनाकर औक पूरी प्लानिंग के तहत अंजाम दिया गया. दंपति की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत (गैरी) रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में हुई है. उन्हें 15 नवंबर की रात को करीब 10:38 बजे पार्किंग में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में पाया गया. सरे पुलिस ने बताया- मौके पर पहुंचे बचाव दल ने पुरुष और महिला को होश में लाने की कोशिश की. दोनों पीड़ितों को अस्पताल ले जाया गया. जहां कुछ समय बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने बताया कि दोनों पीड़ित डेल्टा टाउनशिप में रहते थे. रेहल हथियारों से जुड़े अपराधों के मामलों में पुलिस के रिकॉर्ड में था, जबकि कौर के कनाडा में परिचित लोगों की संख्या गिनी-चुनी थी.
गोलीबारी निशाना बनाकर की गई- पुलिस
सीबीसी न्यूज ने सार्जेंट फ्रेडा फोंग के हवाले से बताया कि पुलिस का मानना है कि रात 10 बजकर 51 मिनट पर घटनास्थल के पास एक कार में लगी आग का गोलीबारी से संबंध है. उन्होंने कहा कि जला हुआ वाहन संदिग्धों की कार माना जा रहा है. पुलिस ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि उसका मानना है कि गोलीबारी को निशाना बनाकर अंजाम दिया गया और इसका संबंध संगठित अपराध से है.अधिकारी ने बयान में कहा कि इस गोलीबारी में दो लोगों की असमय जिंदगियों को खोने का दुख है. जांचकर्ताओं ने सीसीटीवी फुटेज या डैश कैमरा फुटेज रखने वाले किसी भी व्यक्ति इस संबंध में कोई भी जानकारी के लिए संपर्क करने का अनुरोध किया है.
IHIT has taken over conduct of a homicide investigation where one male and one female was found with gunshot wounds in the area of 88 Ave and 124 St and both later pronounced deceased. Anyone with info is asked to call 1-877-551-IHIT (4448). Details: https://t.co/QUmRi0IRcP #SurreyBC
— Surrey Police Service (@surreyps) November 16, 2026
पिछले महीने जलती हुई कार के अंदर मिला था भारतीय युवक का शव
पिछले महीने भी ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली इलाके में एक जलती हुई कार के अंदर 25 वर्षीय भारतीय युवक का शव मिला था.मृतक की पहचान तुषार शर्मा के रूप में हुई थी.
पुलिस ने बताया कि उन्हें 29 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे लैंगली के रॉलिंसन क्रिसेंट इलाके में एक जलते हुए वाहन की सूचना मिली थी. आग बुझाने की कोशिशों के दौरान कर्मचारियों ने वाहन के अंदर मानव अवशेष देखे, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत हत्या की जांच शुरू कर दी. तुषार शर्मा का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और कनाडा में उनका कोई बड़ा सामाजिक दायरा नहीं था. जांचकर्ताओं ने बताया कि वे शर्मा के परिवार और दोस्तों से बात कर रहे हैं और उनकी मृत्यु से पहले उनके निजी जीवन, दिनचर्या और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए विदेश में रहने वाले उनके रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं. जांचकर्ताओं को संदेह है कि तुषार शर्मा को जानबूझकर निशाना बनाया गया था. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी थी या इस मर्डर की कोई और वजह थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं