- कनाडा की पील रीजनल पुलिस ने मनप्रीत सिंह और पेड्रम रबी को मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल किया
- मनप्रीत सिंह पर ब्रैम्पटन में हुई गोलीबारी में फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की कोशिश का आरोप है
- पेड्रम रबी पर कब्रिस्तान में हुई गोलीबारी में हत्या की कोशिश समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं
कनाडा में गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित दो आरोपियों को देश के 25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल किया गया है. दोनों आरोपियों के नाम पील रीजनल पुलिस ने BOLO (बी ऑन द लुक आउट) प्रोग्राम की टॉप-25 मोस्ट वांटेड लिस्ट में जुड़वाए हैं. इनमें मनप्रीत सिंह और पेड्रम रबी शामिल हैं. दोनों अलग-अलग शूटिंग और हत्या की कोशिश के मामलों में वांछित हैं.
कौन हैं दोनों आरोपी?
पहला आरोपी मनप्रीत सिंह है, जिसकी उम्र 28 साल है. उस पर फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की कोशिश का आरोप है. जांच के मुताबिक, 19 अगस्त 2025 को कनाडा के ब्रैम्पटन शहर के बेहेम्पटन ड्राइव स्थित एक घर में गोलीबारी हुई थी. दो हथियारबंद आरोपी घर में घुसे और वहां मौजूद दो लोगों पर गोलियां चला दीं. इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद बच गया. पुलिस ने जांच के दौरान मनप्रीत सिंह को इस वारदात के आरोपियों में से एक के तौर पर चिन्हित किया था. उसके खिलाफ 24 अक्टूबर 2025 को पूरे कनाडा में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया. पुलिस का मानना है कि मनप्रीत गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार है. जांच में मिले सबूतों के मुताबिक, वह हत्या के कुछ समय बाद ही कनाडा छोड़कर भाग गया था और उसके अमेरिका में भी संपर्क हो सकते हैं.
दूसरा आरोपी पेड्रम रबी है, जो हत्या की कोशिश के मामले में वांछित है. यह मामला 31 अगस्त 2020 का है. उस दिन ब्रैम्पटन के चिंगुआकौसी रोड स्थित मेमोरियल गार्डन कब्रिस्तान में गोलीबारी हुई थी. वहां कुछ लोग एक व्यक्ति की याद में इकट्ठा हुए थे. इसी दौरान उनके बीच विवाद हुआ और कई राउंड गोलियां चलाई गईं. गोलीबारी में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. जांच के बाद पुलिस ने पेड्रम रबी को इस मामले में वांछित आरोपी के तौर पर चिन्हित किया. उसके खिलाफ 19 फरवरी 2026 को कनाडा-व्यापी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था.
पेड्रम रबी पर दो लोगों की हत्या की कोशिश, प्रतिबंध के बावजूद हथियार रखने, प्रतिबंधित हथियार रखने, बिना लाइसेंस बंदूक रखने, गाड़ी में हथियार रखने और अपराध से हासिल संपत्ति रखने समेत कई आरोप हैं. पुलिस के मुताबिक, उसके ग्रेटर टोरंटो एरिया और ईरान से भी संपर्क हो सकते हैं.
बेहद खतरनाक हैं दोनों आरोपी
पील रीजनल पुलिस ने दोनों आरोपियों को बेहद खतरनाक बताया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर मनप्रीत सिंह या पेड्रम रबी कहीं दिखाई दें तो उनके पास जाने या उन्हें पकड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें, क्योंकि दोनों के पास हथियार हो सकते हैं.
पील रीजनल पुलिस के चीफ निशान दुराईअप्पा के मुताबिक, आम लोगों के बीच आरोपियों की तस्वीरें और जानकारी पहुंचाना पुलिस की जांच का एक अहम हिस्सा है. BOLO प्रोग्राम के जरिए इन दोनों की तलाश को और तेज किया जाएगा, ताकि उन्हें गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जा सके.
पुलिस के मुताबिक, BOLO प्रोग्राम कनाडा की अलग-अलग पुलिस एजेंसियों के साथ मिलकर काम करता है. इसके तहत देश के सबसे ज्यादा वांछित अपराधियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाती है और उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचनाओं के लिए इनाम भी दिया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं