ऋषभ पंत रविवार को सभी चार SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले एशियाई विकेटकीपर बन गए है. उन्होंने यह यह उपलब्धि रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन अपने चिर-परिचित आक्रामक अंदाज में शतक जड़कर हासिल की. अगस्त में श्रीलंका दौरे के बाद भारत के लिए अपना पहला मैच खेल रहे 29 वर्षीय पंत ने अपनी 135वीं गेंद पर शतक पूरा किया. उन्होंने पार्ट-टाइम स्पिनर ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर एक शानदार रिवर्स-स्वीप शॉट खेला, जो शॉर्ट थर्ड मैन के पास से निकल गई और उन्हें 99 रन तक पहुंचा दिया. इसके बाद, अगली गेंद पर उन्होंने आगे बढ़कर मिड-ऑफ के ऊपर से छक्का जड़ा और अपना शतक पूरा किया.
पंत 153 गेंदों में 128 रन बनाकर डीप मिडविकेट पर कैच आउट हुए, लेकिन तब तक लंच ब्रेक तक भारत की बढ़त 261 रनों तक पहुंच चुकी थी. मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, विराट कोहली और केएल राहुल के बाद, पंत दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक लगाने वाले छठे भारतीय बन गए हैं.
केएल राहुल ने एक दिन पहले ही इस सूची में जगह बनाई थी, और ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय ओपनर बने थे. इस सूची में शामिल अन्य एशियाई बल्लेबाजों में पाकिस्तान के सईद अनवर और यूनिस खान, तथा श्रीलंका के कुमार संगकारा शामिल हैं. वैश्विक स्तर पर, ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट और इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो ऐसे अन्य विकेटकीपर हैं जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है.
यह पंत का बतौर विकेटकीपर नौवां टेस्ट शतक था. इस मामले में वे अब एडम गिलक्रिस्ट (17 शतक) और जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर (12 शतक) के बाद तीसरे स्थान पर हैं. उनके नौ टेस्ट शतकों में से सात शतक विदेशी सरजमीं पर आए हैं। इसके अलावा, न्यूजीलैंड में किसी भारतीय विकेटकीपर द्वारा टेस्ट शतक लगाने का रिकॉर्ड भी पंत के नाम दर्ज हो गया है.
पंत के SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में शतकों का सिलसिला 2018 में द ओवल में 114 रन बनाने के साथ शुरू हुआ. इसके बाद उन्होंने 2019 में सिडनी में नाबाद 159 रन बनाए, जो आज भी उनका टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर है. फिर जनवरी 2022 में केप टाउन में नाबाद 100 रन बनाए और उसी साल बाद में एजबेस्टन में 146 रनों की पारी खेली. पिछले साल, पंत ने लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ 134 और 118 रन बनाए थे.
सभी चार SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले एशियाई बल्लेबाज
- मोहम्मद अज़हरुद्दीन
- सचिन तेंदुलकर
- सईद अनवर
- राहुल द्रविड़
- यूनिस खान
- कुमार संगकारा
- विराट कोहली
- केएल राहुल
वेलिंगटन टेस्ट में भारत का शिकंजा
भारत ने तीसरे दिन स्टंप्स पर 118 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी. टीम इंडिया ड्राइविंग सीट पर थी और चौथे दिन के पहले सेशन का खेल होते-होते मेहमान टीम ने ब्लैक कैप्स को मैच से पूरी तरह से बाहर कर दिया है. भारत ने पहले सेशन में 143 रन बटोरे. दिन की शुरुआत ऑलराउंडर अंशुल कंबोज (42 गेंदों में 38 रन) ने कई चौके लगाकर की. उन्होंने पांचवें विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की, जिससे कीवी टीम और भी दबाव में आ गई.
पंत ने दिन की शुरुआत संभलकर की, लेकिन जैसे ही उन्होंने काइल जैमीसन की गेंद को लॉन्ग-ऑन के ऊपर से हवा में उड़ाते हुए 'बेसिन रिज़र्व कार पार्क' में पहुंचाया, तो उनके शॉट्स की झड़ी लग गई. उन्होंने ऑफ-स्पिनर ग्लेन फिलिप्स (22 ओवर में 1/127) की जमकर खबर ली. एक बेहतरीन रिवर्स स्वीप के साथ वे 99 रन पर पहुंचे, और फिर आगे बढ़कर एक जोरदार शॉट खेलते हुए अपनी शानदार सेंचुरी पूरी की.
यह चौथी बार था जब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया. इसके साथ ही, उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने के मामले में ब्रेंडन मैकुलम के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. इतना ही नहीं, उन्होंने फिलिप्स की एक और गेंद को एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया. कुल मिलाकर, पंत ने 10 चौके और 6 छक्के लगाए. हाल ही में हुई आलोचनाओं के बावजूद, ऐसा कहीं से भी नहीं लगा कि उन्होंने अपने खेलने के अंदाज़ में कोई बदलाव किया है.
पंत की बल्लेबाजी का अपना एक खास अंदाज़ है, और जब यह अंदाज़ चल पड़ता है, तो विपक्षी टीम के पास इसका कोई जवाब नहीं होता. व्यक्तिगत तौर पर भी यह पारी बहुत अहम थी, क्योंकि वे पिछले सात हफ्तों से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे. यहां तक कि वे 'इंडिया ए' के लिए भी नहीं खेल पाए थे, क्योंकि बेंगलुरु स्थित 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' ने उन्हें फिट घोषित नहीं किया था.
इस बात को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि क्या पंत मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं या नहीं, लेकिन इस मैच में उनकी विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी ने उनकी फॉर्म और फिटनेस को लेकर सभी संदेहों को दूर कर दिया है.
भारत पहली पारी में एक बड़ी बढ़त की ओर बढ़ रहा था, जिसमें ध्रुव जुरेल (32 रन पर नाबाद) ने भी अपना योगदान दिया और कई चौके जड़ते हुए रनों की बारिश में साथ दिया. इन दोनों ने मिलकर 75 रन जोड़े. प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप डग-आउट के पास खड़े होकर, रिज़र्व अंपायर द्वारा लाई गई नई 'कूकाबुरा' (गेंद) को बॉक्स से निकालकर देख रहे थे.
यह भी पढ़ें: धोनी नंबर-1, सचिन नंबर-2, 98 पर आउट होते ही शुभमन गिल भी नर्वस 90s वाली अनचाही लिस्ट में शामिल
यह भी पढ़ें: पांच पारियों में नहीं चला बल्ला, इस बार आएगा वैभव सूर्यवंशी का तूफान? पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा है रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं