कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के लैंगली इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक जलती हुई कार के अंदर इंसानी अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान मृतक की पहचान भारतीय मूल के तुषार शर्मा (25) के रूप में हुई है, जो कनाडा के सरे (Surrey) शहर का रहने वाला था. पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजकर 26 मिनट पर लैंगली के रावलिसन क्रिसेंट इलाके में एक गाड़ी में आग लगने की सूचना मिली थी. जानकारी मिलते ही लैंगली RCMP पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड के कर्मचारी जब गाड़ी में लगी आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी उन्हें कार के अंदर कुछ ऐसा दिखाई दिया, जिसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया. गाड़ी के अंदर इंसानी अवशेष मिले. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और इसे हत्या से जोड़कर देखा जाने लगा.
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि तुषार शर्मा की हत्या कब और किन परिस्थितियों में की गई. पुलिस घटनाक्रम की पूरी टाइमलाइन तैयार कर रही है. यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या से पहले तुषार कहां था और किन लोगों के संपर्क में था.
मृतक के दोस्तों और परिवार से बात कर रही पुलिस
पुलिस ने मृतक की पहचान 25 साल के तुषार शर्मा के तौर पर की है. जांच अधिकारियों के मुताबिक, तुषार का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और कनाडा में उसके बहुत ज्यादा जान-पहचान वाले लोग भी नहीं थे.
IHIT की अधिकारी सार्जेंट फ्रेडा फोंग के मुताबिक, पुलिस तुषार के परिवार और दोस्तों से बातचीत कर रही है. कनाडा के अलावा विदेश में रहने वाले उसके रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया जा रहा है, जिससे तुषार की जिंदगी, उसकी दिनचर्या और हत्या से पहले उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी, सीसीटीवी फुटेज या संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ा इनपुट है, तो वह जांच एजेंसी से संपर्क करे.
यह भी पढ़ें | मूर्ख और बेकार कहने पर पति नहीं होगा गिरफ्तार, पत्नी की आत्महत्या केस में सुप्रीम कोर्ट आदेश
यह भी पढ़ें | कनाडा की लग्जरी लाइफ छोड़ हिमालय के गांव में शिफ्ट हुआ कपल, बताया पहले महीने का खर्च
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं