विज्ञापन

जग्गू भगवानपुरिया गैंग के गुरुप्रीत सिंह की अमेरिका में तलाश, FBI ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में डाला

FBI के अनुसार, गुरुप्रीत सिंह पर रैकेटियरिंग (RICO) साजिश, बिना लाइसेंस हथियारों के कारोबार की साजिश, प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी, नशीले पदार्थों को बेचने और सप्लाई करने जैसी गंभीर धाराओं में आरोप लगाए गए हैं.

जग्गू भगवानपुरिया गैंग के गुरुप्रीत सिंह की अमेरिका में तलाश, FBI ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में डाला
अमेरिका ने एक और भारतीय को वांटेड लिस्ट में डाला. (NDTV इमेज)
  • अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने एक और भारतीय नागरिक को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया
  • FBI ने पंजाब के रहने वाले गुरुप्रीत सिंह को वांटेड घोषित किया है
  • गुरुप्रीत सिंह जग्गू भगवानपुरिया के अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का सक्रिय सदस्य है
वाशिंगटन:

अमेरिका की सबसे बड़ी जांच एजेंसी FBI ने एक और भारतीय नागरिक को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल कर लिया है.  FBI ने पंजाब के रहने वाले गुरुप्रीत सिंह को वांटेड घोषित किया है. एजेंसी का आरोप है कि गुरुप्रीत सिंह कुख्यात गैंगस्टर और ड्रग माफिया जग्गू भगवानपुरिया के अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का सक्रिय सदस्य है. जांच एजेंसी का कहना है कि यह गैंग भारत से लेकर अमेरिका, कनाडा और यूरोप तक फैले संगठित अपराध,ड्रग तस्करी और अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल रहा है.

कई देशों में फैला जग्गू भगवानपुरिया गैंग का आतंक

अमेरिकी जांच एजेंसी के मुताबिक, गुरुप्रीत सिंह जिस संगठन से जुड़ा है, उसका नाम जग्गू भगवानपुरिया ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप है. इस गैंग की शुरुआत पंजाब से हुई थी. लेकिन बाद में इसने अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत कई देशों में अपना नेटवर्क फैला लिया. जांच एजेंसी का आरोप है कि यह गिरोह बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों के कारोबार और दूसरे संगठित अपराधों को अंजाम देता रहा है. 

गुरुप्रीत सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

FBI के अनुसार, गुरुप्रीत सिंह पर रैकेटियरिंग (RICO) साजिश, बिना लाइसेंस हथियारों के कारोबार की साजिश, प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी, नशीले पदार्थों को बेचने और सप्लाई करने जैसी गंभीर धाराओं में आरोप लगाए गए हैं. एजेंसी का कहना है कि 25 जून 2026 को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजिलिस की फेडरल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. उस पर मुख्य रूप से ड्रग्स की तस्करी और ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े आरोप लगाए गए हैं.

जग्गू भगवानपुरिया गैंग पर FBI का शिकंजा

इससे पहले FBI ने ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत जग्गू भगवानपुरिया गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की थी. इस अभियान के दौरान अमेरिका, कनाडा और यूरोप में फैले गैंग के कई सदस्यों और उनके नेटवर्क पर शिकंजा कसा गया था. जांच में सामने आया था कि यह गिरोह सीमाओं के पार ड्रग्स की तस्करी, हथियारों की सप्लाई और संगठित अपराधों के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चला रहा था.

गुरुप्रीत की तलाश में अमेरिका में छापेमारी

अब गुरुप्रीत सिंह को मोस्ट वांटेड घोषित किए जाने के बाद FBI ने आम लोगों से भी उसकी गिरफ्तारी में सहयोग की अपील की है. एजेंसी का मानना है कि वह फरार है और उसके बारे में किसी भी तरह की जानकारी जांच के लिए अहम हो सकती है. FBI और अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियां उसकी तलाश में लगातार छापेमारी और जांच अभियान चला रही हैं.

ये भी पढे़ं-कौन है भारतीय गैंगस्टर नितिश कौशल जिसे अमेरिका ने किया गिरफ्तार, जग्गू भगवानपुरिया गैंग में था शामिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FBI Wanted List, Gurpreet Singh, Jaggu Bhagwanpuria Gang, US Criminal, Indian Criminal Gangs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com