विज्ञापन

अमेरिका में वजन घटाने की नकली दवाई बेच रहे थे दो भारतीय, चीन से करते थे तस्करी

स्वप्नदीप रॉय और विक्की रामंचा पर अमेरिका में नकली दवाएं तस्करी करने और बेचने के साथ ही अमेरिका के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है. दोषी पाए जाने पर उन्हें 71 साल तक की जेल हो सकती है.

अमेरिका में वजन घटाने की नकली दवाई बेच रहे थे दो भारतीय, चीन से करते थे तस्करी
US Crime: ओजेम्पिक आज के वक्त में दुनिया भर में वजन घटाने वाली एक सुपर फेमस दवा है (फाइल फोटो- AFP)
  • अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने दो भारतीय नागरिकों पर नकली ओजेम्पिक इंजेक्शन तस्करी का आरोप लगाया है
  • आरोपियों ने जुलाई 2023 से अप्रैल 2024 के बीच चीन से नकली दवा मंगाकर अमेरिकी बाजार में बेची है
  • स्वप्नदीप रॉय को इटली से लाकर कोर्ट में पेश किया गया, जिसमें उसने खुद को बेगुनाह बताया है

अमेरिका में दो भारतीय नागरिकों पर गंभीर आरोप लगे हैं. मंगलवार, 29 सितंबर को अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने बताया कि एक फेडरल ग्रैंड जूरी ने इन दो भारतीय नागरिकों पर नकली ओजेम्पिक की तस्करी और उसे बेचने का आरोप लगाया है. ओजेम्पिक के इंजेक्शन आते हैं जिसका इस्तेमाल डायबिटीज और वजन घटाने में किया जाता है. जस्टिस डिपार्टमेंट के अनुसार, दोनों आरोपियों में से एक, 33 साल के स्वप्नदीप रॉय को इटली से लाए जाने के बाद मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया और उसने खुद को बेगुनाह बताया.

दूसरे आरोपी का नाम विक्की रामंचा है, जिसकी उम्र 37 साल है. अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने बताया कि जुलाई 2023 और अप्रैल 2024 के बीच, स्वप्नदीप रॉय और विक्की रामंचा ने कथित तौर पर चीन से नकली ओजेम्पिक मंगवाई और उसे कम कीमत पर अमेरिकी डीलर्स को बेचा. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार नकली दवा की पैकेजिंग, उसमें लगी पर्ची और लेबल ऐसे थे जिनसे खरीदारों को यह यकीन हो जाए कि उन्हें असली ओजेम्पिक मिल रही है.

चेतावनी  के बावजूद जारी थी गोरखधंधा

ओजेम्पिक आज के वक्त में दुनिया भर में वजन घटाने वाली एक सुपर फेमस दवा है, जिसकी कीमत मरीजों के लिए हर महीने सैकड़ों डॉलर हो सकती है. जस्टिस डिपार्टमेंट ने कहा कि दिसंबर 2023 में FDA द्वारा कुछ नकली ओजेम्पिक सीज करने और इन उत्पादों के बारे में सार्वजनिक चेतावनी जारी करने के बाद भी यह गोरखधंधा जारी रहा.

रॉय और रामंचा पर नकली दवाएं तस्करी करने और बेचने, तस्करी की साजिश रचने और अमेरिका के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है. दोषी पाए जाने पर उन्हें 71 साल तक की जेल हो सकती है.

प्रेस रिलीज में बताया है कि इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर स्वप्नदीप रॉय की गिरफ्तारी के बाद, जस्टिस डिपार्टमेंट के ऑफिस ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स ने उनकी हिरासत जारी रखने की प्रक्रिया पूरी की और फिर इटली से उनके प्रत्यर्पण के लिए समय पर रिक्वेस्ट फाइल की. प्रत्यर्पण यानी डिपोर्टेशन का अर्थ है किसी अपराधी या आरोपी व्यक्ति को एक देश द्वारा उस दूसरे देश को सौंप देना जहां उसने अपराध किया है.

यह भी पढ़ें: अमेरिका जाना जैसे पहाड़- वीजा तो छोड़िए सिर्फ इंटरव्यू के लिए एक साल का इंतजार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Crime, Indian Criminals In US, US Crime News, Ozempic
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com