अमेरिका के एक बड़े हिंदू मंदिर में कत्लेआम मचाने की साजिश पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. विदेश मंत्रालय ने इस साजिश को 'नस्लवादी और हिंदू विरोधी' करार देते हुए कहा कि यह घटना बेहद परेशान करने वाली है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'हम इलिनोइस के अरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर मास शूटिंग करने की कथित साजिश की खबरों को लेकर बेहद चिंतित हैं. इस कथित साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लवादी होना, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बातें भी शामिल हैं, विशेष रूप से चिंताजनक है.'
अमेरिका में शिकागो के पास इलिनोइस के अरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की साजिश रचने के आरोप में 19 साल के एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया गया है.
उसे तब गिरफ्तार किया गया, जब मास शूटिंग की कथित साजिश की जांच के दौरान उसके पास से एक मेनिफेस्टो बरामद हुआ. इस मेनिफेस्टो में 'व्हाइट सुप्रीमेसिस्ट' विचारधारा का जिक्र था और इसमें 'भारतीय मूल' के लोगों के खिलाफ हिंसा की बातें भी शामिल थीं.
भारत ने इस घटना पर क्या कुछ कहा?
विदेश मंत्रालय ने नस्लीय दुश्मनी और भारत विरोधी नफरत की बढ़ती घटनाओं की ओर इशारा करते हुए ऐसी घटनाओं के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने की बात कही है.
रणधीर जयसवाल ने कहा, 'यह घटना अमेरिका में नस्लीय शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर बढ़ती चिंताओं को और बढ़ाती है. भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और ज्यादा सतर्कता बरतने, नफरत से प्रेरित हिंसा के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' अपनाने और निर्णायक कार्रवाई करने की जरूरत है.'

विदेश मंत्रालय के बयान में यह उम्मीद भी जताई गई है कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की जांच करेंगे और न्याय सुनिश्चित करेंगे.
जायसवाल ने आगे कहा, 'हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की गहन जांच करेंगे, दोषियों को न्याय के दायरे में लाएंगे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे.'
यह भी पढ़ेंः अमेरिका में हिंदुओं का कत्लेआम क्यों करना चाहता था 19 साल का लड़का? ऐन वक्त पर हुआ यह चमत्कार
क्या करना चाहता था पैपोराकिस?
एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस पैलेटाइन के 'टैको बेल' में कैशियर के तौर पर काम करता था. पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी है.
एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि वह हिंदू मंदिर में कत्लेआम मचाने की साजिश रच रहा था.
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पैपोराकिस ने उस व्यक्ति के साथ एक दस्तावेज साझा किया था, जिसमें कथित तौर पर मास शूटिंग करने की प्लानिंग का जिक्र था.
इसके साथ ही, उसने राइफल, राइफल मैगजीन, बॉडी आर्मर और अन्य उपकरणों और सामान की तस्वीरें भी भेजी थीं.
आरोप है कि पैपोराकिस ने 'टैको बेल' में अपने साथ काम करने वालों से कहा था कि रविवार का दिन 'एक खास दिन' होने वाला है.
जांचकर्ताओं ने बताया कि रविवार को पैपोराकिस ने अपने एक सहकर्मी को फोन करके कहा कि उसकी बंदूक जाम हो गई है, और फिर वह बिना किसी की नजर में आए वहां से 'बहुत तेजी से' निकल गया.
ये वीडियो भी देखें- राइफल उठाई, निशाना साधा, लेकिन... अमेरिका में ऐसे नाकाम हुई हिंदू मंदिर में गोलीबारी की साजिश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं