विज्ञापन

अमेरिका में हिंदुओं का कत्लेआम क्यों करना चाहता था 19 साल का लड़का? ऐन वक्त पर हुआ यह चमत्कार

नवरात्रि के मौके पर अमेरिका में मंदिर में हिंदुओं के नरसंहार की कोशिश में एक 19 साल के लड़के को अरेस्ट किया गया है. ये लड़का बड़े पैमाने पर भारतीय मूल के लोगों को शिकार बनाने की तैयारी में था.

अमेरिका में हिंदुओं का कत्लेआम क्यों करना चाहता था 19 साल का लड़का? ऐन वक्त पर हुआ यह चमत्कार
अमेरिका में मंदिर में हिंदुओं के नरसंहार की कोशिश में 19 साल का लड़का अरेस्ट (फोटो- शिकागो पुलिस)

नवरात्रि के पहले ही दिन अमेरिका के बड़े हिंदू मंदिर में कत्लेआम मचाने की प्लानिंग थी और इसे अंजाम देने की कोशिश केवल 19 साल एक लड़का कर रहा था. पुलिस के अनुसार अमेरिका के इलिनोइस राज्य के शिकागो में एक हिंदू पूजा स्थल में अटैक करने की साजिश रचने के आरोप में 19 साल के एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया गया है. वो तो शुक्र है कि उसकी राइफल जाम हो गई और वह मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी यानी मास शूटिंग नहीं कर पाया. यह आरोपी टैको बेल में कैशियर का काम करता है और उसने हिंदू मंदिर में भारतीय लोगों की बड़े पैमाने पर हत्या करने की साजिश रची थी.

कैसे साजिश हुई फेल?

एनबीसी शिकागो ने पुलिस के हवाले से बताया कि पैपोराकिस रविवार को पैलेटिन में अपनी मां के घर से ऑरोरा के एक मंदिर तक गया था, जहां उसका इरादा 'बड़ी संख्या में भारतीयों को मारने' का था. रिपोर्ट के अनुसार, उसने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन उसकी राइफल जाम हो गई, जिसके कारण उसे वापस अपने घर लौटना पड़ा. पुलिस ने बताया कि घर पहुंचकर उसने 'इंटरनेट पर यह सर्च करने की कोशिश की कि बंदूक को कैसे ठीक किया जाए, और अपने साथ काम करने वाले साथी को फोन करके बताया कि वह मास शूटिंग की योजना बना रहा है."

पैपोराकिस का सटीक निशाना कौन सा मंदिर था, इसकी अभी भी जांच चल रही है. लेकिन पुलिस का मानना ​​है कि वह दक्षिण-पश्चिमी उपनगरीय ऑरोरा में स्थित सबसे बड़े हिंदू मंदिर को निशाना बनाना चाहता था. ऑरोरा में 'श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर' सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है.

रविवार को रहती है भीड़, उस दिन तो नवरात्रि का पहला दिन भी था

रविवार के दिन, मंदिर का यह विशाल परिसर आमतौर पर श्रद्धालुओं से भरा रहता है. 11 अक्टूबर को नवरात्रि का पहला दिन भी था. पुलिस के अनुसार आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक मॉडिफाइड AR-स्टाइल राइफल और 300 राउंड कारतूस मिले. इतनी मात्रा में कारतूस से रीलोडिंग के लिए दस मैगजीन भरी जा सकती हैं. इसके अलावा, वहां से बॉडी आर्मर (सुरक्षा कवच), गैसोलीन के डिब्बे और कई स्वास्तिक चिह्न भी बरामद हुए.

मामले से जुड़े सूत्रों का हवाला देते हुए, NBS ने बताया कि पैपोराकिस के साथ काम करने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को इस साजिश की जानकारी दी थी. इसके बाद, रविवार को हिंदू मंदिर वापस लौटने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया. कहा जा रहा है कि पैपोराकिस ने अपने साथी से कहा था कि रविवार का दिन 'एक खास दिन' होने वाला है. बाद में उसने उसी व्यक्ति को फोन करके बताया कि उसकी बंदूक जाम हो गई है, और वह बिना किसी की नजर में आए बहुत तेजी से वहां से निकल गया.

हिंदुओं को क्यों मारना चाहता था?

पुलिस ने बताया कि उसके घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) मिला, जिसे पैपोराकिस ने ही लिखा था. इसमें उसने खुद को 'ऑरोरा शूटर' बताया है. पुलिस के अनुसार, इसमें नफरत, हिंसा, अच्छी नस्ल के होने (सुपीरियर रेस) की भावना और भारतीय लोगों की मास शूटिंग की बातें लिखी गई थीं. उसकी नफरत यहूदी लोगों, अफ्रीकी-अमेरिकियों, भारतीयों और गैर-श्वेत लोगों के खिलाफ थी.

मंदिर की ओर से क्या कहा गया?

बालाजी मंदिर प्रबंधन ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उन्हें स्थिति की पूरी तरह से जानकारी है और ऑरोरा पुलिस विभाग के साथ सीधे संपर्क में हैं. मंदिर प्रशासन ने एक बयान में कहा, "कृपया ध्यान दें कि हमारे भक्तों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. हमने तत्काल प्रभाव से सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम लागू कर दिए हैं, जिसमें मंदिर में सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बढ़ाना शामिल है. इसके अलावा, हम मंदिर में सभी के लिए सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए और भी कदम उठा रहे हैं."

वहीं हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने 'X' (ट्विटर) पर कहा, "हम कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हैं. हम समुदाय से भी सतर्क रहने और किसी भी संभावित खतरे की सूचना देने की अपील करते हैं. हर समुदाय को बिना किसी डर के पूजा करने का अधिकार है."

बुधवार को जज ने उसे हिरासत में भेजने का आदेश दिया. अब उसे 30 अक्टूबर को फिर से अदालत में पेश होना है.

यह भी पढ़ें | अमेरिका के मंदिर में करना चाहता था हिंदुओं का नरसंहार, 19 साल के लड़के की साजिश ऐसे हो गई नाकाम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Mass Shooting, Us Hindu Temple, US Hindus Attack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com