विज्ञापन

अमेरिका से इस साल कितने भारतीय डिपोर्ट किए गए? विदेश मंत्रालय ने बता दिया आंकड़ा

अमेरिका से साल 2026 की शुरुआत से अब तक 1,700 भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट किया गया है. विदेश मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी.

अमेरिका से इस साल कितने भारतीय डिपोर्ट किए गए? विदेश मंत्रालय ने बता दिया आंकड़ा
सांकेतिक तस्वीर.
AFP
नई दिल्ली:

अमेरिका में कथित तौर पर अवैध रूप से घुसे भारतीयों को वापस भेजने का सिलसिला जारी है. विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि इस साल की शुरुआत से अब तक कुल 1,700 भारतीय नागरिकों को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि विदेशों से जो लोग डिपोर्ट किए जाते हैं, उनकी भारत पहले नागरिकता की जांच करता है. 

बुधवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने कहा कि भारत माइग्रेशन और मोबिलिटी के मुद्दों पर अमेरिका के साथ सहयोग करता है, लेकिन अवैध प्रवासन का कड़ा विरोध करता है.

जायसवाल ने कहा, 'मैंने पहले भी कहा है कि प्रवासन और आवाजाही के मामलों में अमेरिका के साथ हमारा सहयोग जारी है, और भारत अवैध प्रवासन के पूरी तरह खिलाफ है. डिपोर्टेशन के मामलों में भी हम अमेरिका के साथ सहयोग करते हैं. जब हमें किसी व्यक्ति को डिपोर्ट किए जाने की जानकारी मिलती है, तो हम उसकी नागरिकता की पुष्टि करते हैं और उसके बाद ही उसे वापस लेने के लिए सहमत होते हैं. अमेरिका के संदर्भ में बताऊं तो, इस साल की शुरुआत से अब तक 1,700 भारतीय नागरिकों को वहां से डिपोर्ट किया गया है.'

यह आंकड़ा जुलाई में साझा किए गए आंकड़ों से ज्यादा है. जुलाई में विदेश मंत्रालय ने बताया था कि 1 जनवरी से 31 जुलाई 2026 के बीच 1,273 भारतीय नागरिकों को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया था.

उस समय रणधीर जायसवाल ने कहा था, 'हम डिपोर्टेशन के मुद्दों पर कई विदेशी सरकारों के साथ मिलकर काम करते हैं. हम अपनी तरफ से पूरी जांच-पड़ताल करते हैं ताकि संबंधित व्यक्ति की नागरिकता की पुष्टि हो सके.'

उन्होंने यह भी साफ किया कि भारत वापसी या यात्रा की व्यवस्था तभी की जाती है, जब सरकार संबंधित व्यक्ति की नागरिकता को लेकर पूरी तरह संतुष्ट हो जाती है. 

जुलाई की ब्रीफिंग में पिछले साल के आंकड़े देते हुए, जायसवाल ने बताया था कि 2025 में कुल 3,567 भारतीय नागरिकों को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MEA, Randheer Jaiswal, Indians Deportation, Indians Deported By US, India US
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com