विज्ञापन

अवैध सोने की खदान में 26 मजदूर फंसे; बाढ़ का पानी घुसने से मचा हड़कंप, इंडोनेशिया में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

भारी बारिश के बाद नदी का पानी सीधे अवैध सोने की खदान में घुस गया और देखते ही देखते 26 मजदूर 100 मीटर गहराई में फंस गए. अंधेरा, फिसलन और लगातार खराब मौसम के बीच इंडोनेशिया की रेस्क्यू टीम समय के खिलाफ जंग लड़ रही है.

अवैध सोने की खदान में 26 मजदूर फंसे; बाढ़ का पानी घुसने से मचा हड़कंप, इंडोनेशिया में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
अवैध सोने की खदान में फंसे 26 मजदूर, बाढ़ का पानी घुसते ही मची अफरा-तफरी
प्रतीकात्मक तस्वीर (File Photo)
  • इंडोनेशिया में बड़ा खनन हादसा, 100 मीटर नीचे फंसे दर्जनों मजदूर
  • सोने की अवैध खदान में बारिश बनी आफत, रेस्क्यू टीम के सामने चुनौती
  • खदान में अंधेरा, पानी और फिसलन; मजदूरों तक पहुंचने की जंग जारी
जकार्ता:

इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा प्रांत में एक अवैध सोने की खदान में बड़ा हादसा हो गया है. बोगोर जिले में मूसलाधार बारिश के बाद पास की नदी का पानी खदान में भर गया, जिससे कम से कम 26 मजदूर अंदर फंस गए. अधिकारियों के अनुसार मजदूर करीब 100 मीटर गहराई में हैं और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू कार्य प्रभावित हो रहा है. अफसरों ने यह भी बताया कि 11 लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता मिली है. रेस्क्यू टीम अभी भी फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

बारिश के बाद अचानक बढ़ा जलस्तर, 100 मीटर गहरी खदान में फंसे मजदूर

न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार इंडोनेशिया पुलिस ने बताया कि पश्चिम जावा के बोगोर जिले के पोंगकोर क्षेत्र में संचालित एक ओपन अवैध सोने की खदान में सोमवार को भारी बारिश के बाद पास की नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा और पानी खदान में घुस गया था. इस दौरान अंदर काम कर रहे मजदूर बाहर नहीं निकल सके और खदान में फंस गए. अधिकारियों के अनुसार घटना की जानकारी प्रशासन को मंगलवार को मिली, जिसके बाद राहत अभियान शुरू किया गया.

पश्चिम जावा पुलिस के प्रवक्ता हेंद्रा रोचमावान ने बताया कि अब तक 26 लोगों को बाहर नहीं निकाला जा सका है. 

उन्होंने कहा कि संयुक्त बचाव दल लगातार खदान तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है, लेकिन बारिश और खदान तक जाने वाले संकरे रास्ते अभियान को मुश्किल बना रहे हैं. इंडोनेशिया की सर्च और रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार मजदूर लगभग 100 मीटर गहरी खदान में फंसे हुए हैं. एजेंसी ने बताया कि खदान तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा, अंधेरा और फिसलन भरा है. अभी यह जानकारी नहीं दी गई है कि फंसे मजदूरों से संपर्क हो पाया है या नहीं.

बचाव दल के सामने कई चुनौतियां, 11 मजदूर सुरक्षित बाहर निकले

जकार्ता खोज एवं बचाव कार्यालय की प्रमुख देसियाना कार्तिका बहारी ने कहा कि सभी एजेंसियों के साथ समन्वय कर जलस्तर और खदान के भीतर पहुंच की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. उन्होंने बताया कि खदान की गहराई, सीमित प्रकाश व्यवस्था और संकरे मार्ग के कारण बचाव रणनीति बेहद सावधानी से तैयार की जा रही है ताकि राहतकर्मी सुरक्षित तरीके से काम कर सकें. पुलिस के अनुसार पानी भरने से पहले 11 मजदूर खदान से सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे थे. इंडोनेशिया में अवैध और छोटे स्तर की खदानों में हादसे की खबर आती रहती है. वहीं माइनिंग कंपनी एंटाम (Antam) ने स्पष्ट किया है कि यह हादसा उसकी आधिकारिक खनन परियोजना में नहीं, बल्कि एक अवैध सोने की खदान में हुआ है. पिछले सप्ताह भी बोगोर क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 30 सोने की खदानों को बंद कराया था.

यह भी पढ़ें : गिनी: सोने की खुदाई के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हुई झड़पों में 10 लोग मारे गए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indonesia, Gold Mine, Illegal Gold Mine, Mining Accident, Miners Trapped
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com