विज्ञापन

दुनिया में बढ़ती मुस्लिम आबादी के बीच ईरान, तुर्की समेत इन 5 इस्लामिक देशों की घट रही जन्मदर

प्यू रिसर्च के मुताबिक, साल 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा. लेकिन ईरान, तुर्की, इंडोनेशिया, ट्यूनीशिया और यूएई जैसे अमीर मुस्लिम देशों में फर्टिलिटी रेट रिप्लेसमेंट लेवल से नीचे आ गई है.

दुनिया में बढ़ती मुस्लिम आबादी के बीच ईरान, तुर्की समेत इन 5 इस्लामिक देशों की घट रही जन्मदर
कई मुस्लिम देशों में प्रजनन दर में गिरावट भी आ रही है.
Photo: IANS
  • प्यू रिसर्च के मुताबिक, 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा और ईसाई धर्म को पीछे छोड़ देगा.
  • अनुमान लगाया गया है कि 2070 तक मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब और ईसाइयों की संख्या 3 अरब से थोड़ी कम होगी.
  • तुर्की में फर्टिलिटी रेट लगातार नौवें साल गिरकर 2025 में 1.42 पर पहुंच गई है.

दुनिया में मुस्लिमों की आबादी 2035 में सबसे अधिक होगी और ईसाई दूसरे नंबर पर आ जाएंगे. प्यू रिसर्च सेंटर के ऐसे दावे वाली रिपोर्ट इन दिनों काफी चर्चा में है. इस रिपोर्ट का आधार है कि मुस्लिमों की प्रजनन दर अन्य ईसाई, हिंदू और बौद्ध आदि से अधिक है. इसके चलते उनकी आबादी का अनुपात बढ़ जाएगा. लेकिन इस बीच इस्लामिक जगत में ही एक विरोधाभास देखने को मिल रहा है. एक तरफ कुछ मुस्लिम बहुल देशों में आबादी तेजी  से बढ़ रही है तो वहीं कई ऐसे इस्लामिक मुल्क भी हैं, जो आबादी बढ़ने की धीमी गति से परेशान हैं. इनमें से एक तुर्की में तो परिवार बढ़ाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित तक किया जा रहा है.  

यह पूरी चर्चा प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट 'द फ्यूचर ऑफ वर्ल्ड रिलीजन्स: पॉपुलेशन ग्रोथ प्रोजेक्शन्स' आने के बाद से तेज हुई है. रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया कि जनसंख्या वृद्धि की मौजूदा दर को देखते हुए, 2070 तक दुनिया भर में मुसलमानों की तादाद 3.6 अरब और ईसाइयों की संख्या 3 अरब से थोड़ी कम होगी. इसके साथ ही पाकिस्तान में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी होने का अनुमान है. वह इंडोनेशिया को पीछे छोड़ देगा. मौजूदा वक्त में मुसलमानों की औसत प्रजनन दर 3.1 है, जबकि ईसाइयों की 2.5 है. 

वहीं, ज्यादा समृद्ध और शिक्षित मुस्लिम देशों में दुनिया के अन्य इलाकों के मुकाबले काफी अलग स्थिति है. ईरान, तुर्की, इंडोनेशिया, ट्यूनीशिया और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में प्रजनन दर गिरकर 'रिप्लेसमेंट लेवल' से भी नीचे आ गई है.

ईरान 

ईरान की जनसंख्या अगले 75 साल में 87 मिलियन से घटकर 31 मिलियन रह सकती है. 'नेशनल पॉपुलेशन हेडक्वार्टर' की सचिव, मरजिये वाहिद दस्तजेर्दी ने एक अंतरराष्ट्रीय फर्टिलिटी सम्मेलन में बताया कि ईरान में फर्टिलिटी रेट गिरकर प्रति महिला 1.34 बच्चे रह गई है. यह 'रिप्लेसमेंट लेवल' (करीब 2.1) से काफी कम है, जबकि सरकार ने कई साल तक लोगों को बड़े परिवार रखने के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश की थी. उन्होंने बताया कि 1986 में ईरान में प्रजनन दर प्रति महिला छह से सात बच्चों की थी, लेकिन मार्च 2026 में खत्म होने वाले ईरानी कैलेंडर वर्ष में यह घटकर 1.34 रह गई.

तुर्की

तुर्की सांख्यिकी संस्थान (TurkStat) द्वारा मई में जारी आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में तुर्की की कुल प्रजनन दर घटकर 1.42 बच्चे प्रति महिला हो गई है. यह लगातार नौवें साल है, जब यह दर जनसंख्या रिप्लेसमेंट लेवल से नीचे बनी हुई है. TurkStat के 'बर्थ स्टैटिक्स 2025' बुलेटिन में शामिल इन आंकड़ों से पता चलता है कि 2001 में जो दर 2.38 बच्चे प्रति महिला थी, उसमें 2014 से लगातार गिरावट आ रही है.

कुल प्रजनन दर का मतलब उन बच्चों की औसत संख्या से है, जो एक महिला के अपने प्रजनन वर्षों (15 से 49 वर्ष की उम्र) के दौरान होने की उम्मीद की जाती है.

यह दर 2024 में 1.49 से घटकर 2025 में 1.42 हो गई. कुल 895,374 जीवित जन्म दर्ज किए गए, जिनमें लड़कों का हिस्सा 51.4 फीसदी और लड़कियों का हिस्सा 48.6 फीसदी रहा.

यह गिरावट एक ऐसी जनसांख्यिकीय प्रवृत्ति को दर्शाती है, जिसके चलते राष्ट्रपति तुर्की के एर्दोगन और सरकारी अधिकारियों ने तुर्की की बढ़ती उम्र वाली आबादी, धीमी होती जनसंख्या वृद्धि और सिमटते परिवारों को लेकर बार-बार चेतावनी दी है.

इंडोनेशिया

इंडोनेशिया के फर्टिलिटी रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. Macrotrends के मुताबिक, साल 2026 में इंडोनेशिया का फर्टिलिटी रेट 2.17 दर्ज किया गया है, जो साल 2025 के मुकाबले 0.69 फीसदी की गिरावट है. साल 2025 में यह दर 2.19 थी, जो 2024 के मुकाबले 0.73 फीसदी कम थी. साल 2024 में फर्टिलिटी रेट 2.20 रही, जो 2023 के मुकाबले 0.72 फीसदी कम थी. वहीं, साल 2023 में यह दर 2.22 थी जो 2022 के मुकाबले 0.89 प्रतिशत की गिरावट थी.

ट्यूनीशिया

ट्यूनीशिया की फर्टिलिटी रेट भी लगातार घट रही है. साल 2026 में ट्यूनीशिया की फर्टिलिटी रेट 2.05 दर्ज की गई है, जो साल 2025 के मुकाबले 0.73 प्रतिशत की गिरावट है. साल 2025 में यह दर 2.06 थी, जो 2024 के मुकाबले 0.77 प्रतिशत कम थी. वहीं, 2024 में फर्टिलिटी रेट 2.08 रही, जो 2023 के मुकाबले 0.76 फीसदी कम थी. इसके अलावा, साल 2023 में यह दर 2.10 थी, जो 2022 के मुकाबले 0.99 फीसदी की गिरावट थी.

यूएई 

साल 2014 और 2023 के बीच UAE के नागरिकों के जन्म दर में 13.5% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि कुल जन्मों की तादाद में बढ़ोतरी हुई है. अमीराती नागरिकों के बीच जन्म की तादाद 2014 में 34,618 से घटकर 2023 में 29,926 हो गई. वहीं, UAE में कुल जन्म (नागरिकों और प्रवासियों दोनों को मिलाकर) 2014 में 95,860 से बढ़कर 2023 में 101,088 हो गए, जो 5.45% की बढ़ोतरी है.

अमीराती पुरुषों की पहली शादी के वक्त औसत उम्र 2018 में 30 साल 6 महीने से बढ़कर 2022 में 32 साल 7 महीने हो गई और महिलाओं के लिए यह 26 साल 4 महीने से बढ़कर 28 साल 9 महीने हो गई. नागरिकों के लिए कुल प्रजनन दर 2021 में प्रति महिला 3.2 बच्चों से घटकर 2023 में 2.9 हो गई.

यह भी पढ़ें | 'ईसाइयों से ज्यादा होंगे मुसलमान', डोनाल्ड ट्रंप की पूर्व अफसर बोलीं- ज्यादा बच्चे पैदा करें अमेरिकी, बहस तेज

यह भी पढ़ें | मुंबई की डेमोग्राफी का बदलता गणित! क्या 2051 तक मुस्लिम आबादी 31% हो जाएगी? क्या कहते हैं आंकड़े?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pew Research Center, Muslims And Christians, Turkey, Indonesia, UAE
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com