- अमेरिकी सेना ने सैनिकों को GTA 6 के लॉन्च के अवसर पर चार दिन की छुट्टी देने का स्पेशल ऑफर पेश किया है
- यह छुट्टी उन सैनिकों को दी जाएगी जो अगस्त से नवंबर के बीच दोबारा सेना में भर्ती होकर सेवा का वादा करेंगे
- GTA गेम सीरीज की शुरुआत 1997 में हुई थी और GTA 6 इस साल नवंबर में लॉन्च होगा
अमेरिकी सेना ईरान के साथ जंग में उलझी हुई है और उसे लगातार सैनिकों की जरूरत है. ऐसे में वह बड़ा दिलचस्प ऑफर लेकर आई है. वह अपने सैनिकों को फेमस वीडियो गेम ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' यानी GTA के नए वर्जन GTA 6 के लिए 4 दिन की छुट्टी देने की तैयारी में है. फैंस के लंबे इंतजार के बाद यह GTA 6 इस साल नवंबर के महीने में लॉन्च होने वाला है. ऐसे में अमेरिकी सेना इसकी बदौलत सैनिकों को अपने साथ लंबे समय के लिए जोड़ना चाहती है. अमेरिकी सैनिकों के गेम खेलने के लिए 4 दिन की छुट्टी मिलेगी लेकिन बदले में एक शर्त पूरी करनी होगी.
छुट्टी लो और गेम खेलो
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी सेना की एक बटालियन के कमांडर ने सैनिकों को एक खास ऑफर दिया है. जो सैनिक सेना में कुछ और साल सेवा करने के लिए दोबारा भर्ती होंगे, उन्हें 19 नवंबर को लॉन्च होने वाले इस वीडियो गेम के लिए 4 दिन की छुट्टी मिलेगी. अमेरिकी सैन्य न्यूज वेबसाइट टास्क एंड पर्पस की रिपोर्ट के मुताबिक, जॉर्जिया के फोर्ट स्टीवर्ट में तैनात 9वीं ब्रिगेड इंजीनियर बटालियन के जो सैनिक 1 अगस्त से 14 नवंबर के बीच दोबारा सेना में भर्ती होंगे, उन्हें यह “स्पेशल 4-डे पास” मिलेगा.
यह जानकारी यूनिट के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल रयान हॉजसन के एक मेमो में दी गई है. बता दें कि GTA VI को पिछले 6 साल से बनाया जा रहा है. इसे बनाने में 2 अरब डॉलर तक खर्च होने की बात सामने आई है. यानी भारतीय करेंसी में लगभग 20 हजार करोड़ रुपए.
20 सैनिकों ने ऑफर ले भी लिया
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 130 योग्य सैनिकों में से 20 सैनिक इस ऑफर के तहत दोबारा सेना में भर्ती हो चुके हैं. इस ऑफर के लिए सैनिकों को कम से कम 2 साल और सेना में सेवा करने का वादा करना होगा. यह जानकारी लेफ्टिनेंट कर्नल एंजेल टॉमको ने दी है. वह करीब 15,000 सैनिकों वाली 3वीं इन्फैंट्री डिवीजन की प्रवक्ता (स्पोक्सपर्सन) हैं. इसी डिवीजन में 9वीं ब्रिगेड इंजीनियर बटालियन शामिल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं