विज्ञापन

मॉस्को में अचानक उतरा US एयरफोर्स का विमान, रूस ने कहा- 'हमें तो नहीं पता'

Flightradar24 के डेटा से पता चला कि यह फ्लाइट रविवार दोपहर को 5 बजे से ठीक पहले मैरीलैंड में US एयर फोर्स के जॉइंट बेस एंड्रयूज से रवाना हुई थी. यह बेस मुख्य मिलिट्री फैसिलिटी है.

मॉस्को में अचानक उतरा US एयरफोर्स का विमान, रूस ने कहा- 'हमें तो नहीं पता'
सांकेतिक तस्वीर
AFP

रूस और अमेरिका के तनाव भरे रिश्तों के बीच मास्को के वनुकोवो एयरपोर्ट पर अचानक अमेरिकी वायुसेना का एक सैन्य विमान लैंड हुआ. इसके बाद दुनिया भर में इस लैंडिंग को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं. फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट 'फ्लाइटराडार24' के आंकड़ों के मुताबिक, इस अमेरिकी सी-17 ग्लोबमास्टर विमान ने मंगलवार को मास्को की धरती पर लैंड किया. हालांकि, इस लैंडिंग को लेकर रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने पूरी तरह से अनभिज्ञता जताई है. 

क्रेमलिन ने कहा कि उसे ऐसे किसी भी अमेरिकी विमान की जानकारी नहीं है.

वॉशिंगटन से रीगा और फिर मास्को तक कैसे पहुंचा?

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, अमेरिकी टेल नंबर वाले इस ग्लोबमास्टर विमान ने रविवार शाम करीब 5 बजे अमेरिका के मैरीलैंड स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज से उड़ान भरी थी. जॉइंट बेस एंड्रयूज वही सैन्य अड्डा है, जिसका इस्तेमाल अमेरिकी राष्ट्रपति और आला प्रशासनिक अधिकारी अपनी आधिकारिक यात्राओं के लिए करते हैं.

इसके बाद, 23 अगस्त को यह विमान लातविया की राजधानी रीगा पहुंचा. फिर मंगलवार को रीगा से उड़ान भरकर सुबह करीब 7 बजे पर यह मास्को के वनुकोवो एयरपोर्ट पर उतरा.

क्रेमलिन ने बैठक के कयासों से किया इनकार

जब इस अचानक हुई लैंडिंग को लेकर क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेशकोव से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि इस सप्ताह अमेरिकी प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ कोई बैठक निर्धारित नहीं है.

गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी में एक अमेरिकी विमान सीधे यूरोप से रूस पहुंचा था, जब विशेष दूत स्टीवन विटकॉफ और जेरेड कुशनर यूक्रेन युद्ध पर शांति वार्ता के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने मॉस्को आए थे.

सैन्य विमान की लैंडिंग पर गहराया सस्पेंस

सी-17 ग्लोबमास्टर मुख्य तौर से भारी सैन्य उपकरण, रसद और सैनिकों के ट्रांसपोर्ट के लिए जाना जाता है. ऐसे में इस भारी-भरकम सैन्य विमान के मास्को में उतरने से कई तरह की अटकलों का बाजार गर्म हो गया है.

रिपोर्टों के मुताबिक, इस उड़ान को हाल के महीनों में हुए कैदियों के आदान-प्रदान से जोड़कर देखा जा रहा है. अगस्त 2026 की शुरुआत में पूर्व अमेरिकी मरीन रॉबर्ट गिलमैन की रिहाई के बाद, माना जा रहा है कि यह  यात्रा किसी अन्य हाई-प्रोफाइल स्वैप से जुड़ी हो सकती है.

रूस और यूक्रेन के बीच जारी शांति वार्ता भले ही रुकी हुई दिख रही हो, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि पर्दे के पीछे दोनों देशों के बीच बातचीत का कोई गुप्त रास्ता खुला हो सकता है. फिलहाल, न तो वाशिंगटन और न ही मास्को की तरफ से इस रहस्यमयी उड़ान के असली मकसद को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है.

यह भी पढ़ें: अमेरिका जाने का क्रेज घटा? अंडरग्रेजुएशन कोर्स में भारतीय छात्रों के आवेदन में 15% की गिरावट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Army, Flight, Russia - US, Moscow Airport
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com