विज्ञापन

जापान के खिलाफ मैच से पहले कप्तान अय्यर का बड़ा बयान, हालात और पिच के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं, मुकाबला रोमांचक होगा

एशियन गेम्स 2026 में भारत और जापान की टीम आमने-सामने होगी, मैच से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने पिच और हालात को लेकर अपनी बात रखी है.

जापान के खिलाफ मैच से पहले कप्तान अय्यर का बड़ा बयान, हालात और पिच के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं,  मुकाबला रोमांचक होगा
एशियन गेम्स 2026 में भारत और जापान आमने-सामने

भारत और जापान की पुरुषों क्रिकेट टीम के बीच मंगलवार को सानो इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ऐतिहासिक टी20 मैच खेला जाना है, लेकिन सोमवार को तेज बारिश के कारण भारत का ट्रेनिंग सेशन रद्द करना पड़ा. हालांकि, कप्तान श्रेयस अय्यर मेजबान जापान के खिलाफ भारतीय पुरुष क्रिकेट इतिहास के पहले टी20 मैच को लेकर पूरे जोश में हैं. उन्होंने इस मुकाबले को एक नई जगह पर 'रोमांचक चुनौती' बताया है. 

मुकाबले से पहले अय्यर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से कहा, "यह हमारे लिए एक रोमांचक और दिलचस्प मुकाबला होने वाला है. ऐसा पहली बार है, जब हम जापान के विरुद्ध खेलेंगे. मुझे वहां के हालात और पिच के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन एक शानदार मैच की उम्मीद है."

भारतीय टीम पहली बार जापान के खिलाफ टी20 मैच खेलने जा रही है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने जापानी खिलाड़ियों के बारे में जानने के लिए वीडियो फुटेज और डिजिटल क्लिप्स का सहारा लिया.

कप्तान अय्यर ने कहा, "मैंने इधर-उधर कुछ वीडियो क्लिप्स देखी हैं. लेकिन हां, हम खिलाड़ियों के बारे में और जानकारी हासिल करेंगे और कल के मैच के लिए बहुत उत्साहित हैं. उम्मीद है कि बारिश नहीं होगी और स्टेडियम में आने वाले सभी दर्शकों को एक अच्छा, कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा."

अय्यर ने यह भी बताया कि कैसे वे देश जहां पारंपरिक रूप से क्रिकेट नहीं खेला जाता था, अब तेजी से इस खेल को अपना रहे हैं. उन्होंने कहा, "मैंने कभी इस बारे में सोचा नहीं था, लेकिन हां, अब हर देश में क्रिकेट लोकप्रिय हो रहा है और सभी टीमें अपने-अपने तरीके से मजबूत हो रही हैं. इसलिए मुझे यकीन है कि कल का मैच भी रोमांचक होगा."

भारतीय टीम के लिए जापान का दौरा पारंपरिक विदेशी दौरों से बिल्कुल अलग अनुभव है. कप्तान ने कहा, "निश्चित रूप से यह ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जाने के हमारे पुराने अनुभवों से बिल्कुल अलग है. यह हमारा पहला दौरा है, और यहां की संस्कृति और लोगों का अनुशासन का तरीका बहुत अलग है. मुझे नई संस्कृतियों को अपनाना और वहां के माहौल व रहने-सहने के तौर-तरीकों में जल्द से जल्द ढलना पसंद है. इसलिए यह हमारे लिए एक नई चुनौती है, और हम निश्चित रूप से इसके लिए उत्साहित हैं. हमने देखा है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और जापान के बीच दोस्ती मजबूत हुई है. उम्मीद है कि सब अच्छा होगा. यहां की मेहमाननवाजी शानदार है." 

(IANS इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Japan Men's Cricket Team, Cricket, Shreyas Santosh Iyer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com