- वर्जीनिया के पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर ने अपनी पत्नी को गोली मारकर हत्या की और खुद भी आत्महत्या कर ली.
- फेयरफैक्स पर महिलाओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिससे उनका राजनीतिक करियर प्रभावित हुआ था.
- तलाक की प्रक्रिया के दौरान फेयरफैक्स को घर खाली करने का आदेश मिला था और परिवार में तनाव की स्थिति थी.
अमेरिका के वर्जीनिया में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पूर्व लेफ्टिनेंट गवर्नर और कभी डेमोक्रेटिक पार्टी के उभरते चेहरे माने जाने वाले जस्टिन फेयरफैक्स ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद खुद की भी गोली मारकर जान ले ली. पुलिस और अदालत रिकॉर्ड के मुताबिक, फेयरफैक्स ने यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद राजनीतिक भविष्य खत्म होने और अदालत की ओर से पारिवारिक घर से बाहर निकालने की समय सीमा के कुछ सप्ताह पहले ही यह खौफनाक कदम उठाया.
फेयरफैक्स काउंटी के पुलिस प्रमुख केविन डेविस ने बताया कि गुरुवार तड़के वाशिंगटन डीसी के उपनगर एनांडेल स्थित घर से 911 कॉल मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. घर में 47 साल के जस्टिन फेयरफैक्स और उनकी 49 साल की पत्नी डॉ. सेरिना फेयरफैक्स के शव मिले. सेरिना पेशे से एक सफल डेंटिस्ट थीं.

बेटे ने इमरजेंसी कॉल कर दी सूचना
पुलिस के अनुसार, जस्टिन फेयरफैक्स ने घर के बेसमेंट में पत्नी को गोली मारी और फिर ऊपर बेडरूम में जाकर खुद को गोली मार ली. दोनों के दो किशोर बच्चे भी उसी वक्त घर पर मौजूद थे और बेटे ने ही इमरजेंसी कॉल की थी.
जस्टिन फेयरफैक्स के एक पुराने दोस्त ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि पिछले साल फेयरफैक्स की पत्नी ने तलाक की अर्जी दी थी, जिसके बाद से ही वह काफी निराश थे. तलाक के केस की सुनवाई कर रहे जज ने हाल ही में लिखा कि उनका अकेलापन, शराब पीना और पारिवारिक जीवन में भागीदारी की कमी से उनमें निराशा की भावना नजर आती है.
महिलाओं ने लगाया था यौन उत्पीड़न का आरोप
करीब एक दशक पहले जस्टिन फेयरफैक्स का राजनीतिक करियर तेजी से आगे बढ़ रहा था. उन्होंने 2017 में लेफ्टिनेंट गवर्नर का चुनाव जीता और दो साल बाद वर्जीनिया के दूसरे अश्वेत गवर्नर बनने की पूरी संभावना थी. हालांकि जब डेमोक्रेटिक गवर्नर राल्फ नॉर्थम को उनके मेडिकल स्कूल की वार्षिक पुस्तिका में छपी एक नस्लवादी तस्वीर के कारण व्यापक रूप से इस्तीफे की मांग का सामना करना पड़ा, अगर नॉर्थम ने इस्तीफा दे दिया होता तो फेयरफैक्स गवर्नर बन जाते. हालांकि दो महिलाओं ने सामने आकर फेयरफैक्स पर वर्षों पहले यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया.
फेयरफैक्स ने कहा कि शादी से पहले की ये घटनाएं आपसी सहमति से हुई थीं और उन्होंने इस्तीफे की मांग को ठुकरा दिया. उन्होंने 2021 में गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ने की कोशिश की, लेकिन वर्जीनिया के डेमोक्रेट्स ने उन्हें बड़े पैमाने पर दरकिनार कर दिया और डेमोक्रेटिक प्राइमरी में उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
सेरिना फेयरफैक्स ने अदालत में दायर दस्तावेजों में कहा कि वह और उनके पति करीब दो साल पहले अलग हो गए थे, लेकिन डेविस ने बताया कि वे अभी भी अपने दो किशोर बच्चों के साथ उसी घर में रह रहे थे, जो दोनों ही मौतें होने के समय घर पर मौजूद थे.
फेयरफैक्स को घर खाली करने का दिया था आदेश
30 मार्च के एक आदेश में जज ने जस्टिन फेयरफैक्स को अप्रैल के अंत तक घर को खाली करने का निर्देश देते हुए लिखा कि यह साफ है कि फेयरफैक्स परिवार में लंबे समय से बेहद तनाव है.
जज ने अदालत के दस्तावेजों में कहा कि जस्टिन फेयरफैक्स के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को दो झटकों के बाद नुकसान पहुंचा. 2013 में अटॉर्नी जनरल के पद के लिए डेमोक्रेटिक नामांकन की असफल मुहिम और 2019 का यौन उत्पीड़न कांड. इन दोनों के बाद उन्होंने अत्यधिक शराब पीना शुरू कर दिया और अपने परिवार से दूरी बना ली, लेकिन जहां पहले झटके से उबरने में उन्हें करीब एक महीना लगा, वहीं दूसरे झटके से वे कभी उबर नहीं पाए.
तलाक की कार्यवाही के दौरान सेरिना फेयरफैक्स ने अपनी गवाही में कहा कि उनके पति रोजाना शराब पीते थे और उनका कमरा खाली शराब की बोतलों और गंदे कपड़ों के ढेर से भरा रहता था. अदालती रिकॉर्ड से पता चला कि उन्होंने 2022 में अपने बच्चों की हॉर्स राइडिंग के लिए रखे पैसों से एक बंदूक खरीदी थी.
2019 की घटना से उबर नहीं पाए फेयरफैक्स: नेल्सन
वर्जीनिया की लेखिका और पत्रकार सोफिया ए नेल्सन ने जस्टिन फेयरफैक्स को अपना करीबी दोस्त बताया और कहा कि वह 2019 के स्कैंडल से कभी उबर नहीं पाए.
उन्होंने बताया कि मंगलवार रात को उनके और एक अन्य मित्र के साथ ग्रुप टेक्स्ट मैसेज के दौरान फेयरफैक्स ने बताया कि कैलिफोर्निया के डेमोक्रेटिक सांसद एरिक स्वॉलवेल के खिलाफ हाल ही में लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों ने उन्हें उस घटना की याद दिला दी है, जिसे वे लगातार अनुचित और जल्दबाजी में लिया गया फैसला बताते रहे हैं.
नेल्सन ने कहा कि उन्होंने और अन्य दोस्तों ने फेयरफैक्स से बार-बार मदद लेने का आग्रह किया था. उन्होंने उनसे घर छोड़कर चले जाने का आग्रह किया, लेकिन उनका मानना था कि उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. उन्होंने कहा कि मैं चिंतित थी और मेरे अन्य करीबी दोस्त कॉलेज के साथी और परिवार के सदस्य भी चिंतित थे.
दस्तावेजों से पता चलता है कि यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद जस्टिन फेयरफैक्स को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्होंने एक प्रतिष्ठित लॉ फर्म में पार्टनर के पद से इस्तीफा दे दिया. आयकर विभाग ने दंपति पर 91,000 डॉलर से अधिक के बकाया करों के लिए मामला दर्ज किया था, जिसे 2021 में सुलझा लिया गया.
| Helplines | |
|---|---|
| Vandrevala Foundation for Mental Health | 9999666555 or help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (Monday-Saturday: 8 am to 10 pm) |
| (If you need support or know someone who does, please reach out to your nearest mental health specialist.) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं