RBI Polymer Notes: आपके साथ भी कभी न कभी ऐसा हुआ होगा कि आपने दुकानदार को पैसे दिए, जिसमें 10 या 20 रुपये का कोई फटा हुआ नोट होगा, लेकिन दुकानदार ने उसे लेने से मना कर दिया होगा. छोटे नोटों के साथ ये परेशानी आम है. ये ज्यादा चलन में होते हैं. एक-एक नोट लाखों हाथों, बटुए, जेबों और न जाने कहां-कहां से होकर गुजरता है. पुराना होना, घिसना-फटना आम बात है. लेकिन जल्द ही इससे राहत मिल सकती है. आप समझ ही गए होंगे कि हम क्या बताने वाले हैं. कुछ अपडेट्स भी हैं.
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जल्द ही 10 और 20 रुपये के कागज वाले नोटों की जगह प्लास्टिक जैसे दिखने वाले पॉलीमर नोट लाने की तैयारी कर रहा है. इस बारे में RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया है. उनके मुताबिक, इन नोटों की खासियत ये होगी कि ये मौजूदा कागज के नोटों के मुकाबले दो से चार गुना ज्यादा चल सकते हैं.
नए नोटों को इस तरह डिजाइन करने की तैयारी है कि इनका आकार मौजूदा 10 और 20 रुपये के नोटों जैसा ही रहे. RBI शुरुआत में इन्हें पायलट प्रोजेक्ट के तहत जारी करने की योजना बना रहा है. इसके लिए अप्रैल 2027 संभावित समयसीमा बताई जा रही है.
नए नोट आने पर ATM में क्या बदलेगा?
आमतौर पर जब किसी करेंसी नोट का आकार बदलता है, तो ATM मशीनों में भी बदलाव करना पड़ सकता है. इसके लिए नोट पहचानने वाले सेंसर, कैश कैसेट और दूसरी टेक्निकल सेटिंग्स को अपडेट करना पड़ता है. इससे बैंकों पर अतिरिक्त खर्च आता है.
लेकिन RBI इस बार नए पॉलीमर नोटों का आकार मौजूदा 10 और 20 रुपये के नोटों के समान रखने की तैयारी कर रहा है. इसका फायदा ये होगा कि नए नोट मौजूदा ATM स्लॉट और कैश कैसेट में फिट हो सकेंगे. ऐसे में मशीनों में बड़े बदलावों की जरूरत नहीं पड़ेगी. हालांकि थोड़े बहुत टेक्निकल सेटिंग्स करने पड़ सकते हैं.
इससे पहले 100 और 200 रुपये के नए नोट जारी होने के बाद देश के करीब 2.4 लाख ATM में बदलाव करना पड़ा था. इस काम पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च हुए थे. सरकारी बैंक SBI से रिटायर हो चुके अधिकारी विजय प्रसाद के मुताबिक, एक सरकारी बैंक के ही पास 8,500 ATM हैं, उसे इस बार करीब 21.25 करोड़ रुपये की बचत हो सकती है.
RBI कितने पॉलीमर नोट छापने की तैयारी में है?
RBI ने इस पायलट प्रोजेक्ट के लिए कुल 200 करोड़ पॉलीमर नोटों का प्रस्ताव रखा है. इसमें 10 और 20 रुपये के नोट बराबर संख्या में शामिल होंगे.
- ₹10 के 100 करोड़ पॉलीमर नोट.
- ₹20 के 100 करोड़ पॉलीमर नोट.
इस प्रोजेक्ट के लिए RBI की सब्सिडियरी भारतीय रिजर्व बैंक नोट मुद्रण प्राइवेट लिमिटेड (BRBNMPL) को 6 कंपनियों से बोलियां मिली हैं. पॉलीमर साइंस कंपनी यूफ्लेक्स ने अमेरिकी कंपनी स्पेक्ट्रा सिस्टम के साथ मिलकर भी बोली लगाई है.
क्या पुराने 10 और 20 रुपये के नोट बंद हो जाएंगे?
नए पॉलीमर नोट आने का मतलब ये बिल्कुल नहीं है कि पुराने कागज के नोट बंद हो जाएंगे. RBI की योजना के मुताबिक, नए नोट मौजूदा नोटों के साथ ही चलेंगे.
यानी अगर आपके पास घर में पुराने 10 और 20 रुपये के नोट रखे हैं, तो उन्हें बैंक में जाकर बदलवाने की जरूरत नहीं होगी. वो पहले की तरह वैध रहेंगे और उनका इस्तेमाल किया जा सकेगा.
शुरुआत में नए पॉलीमर नोट बैंक काउंटर और ATM के जरिए लोगों तक पहुंचाए जा सकते हैं.
कागज के मुकाबले कितने ज्यादा टिकाऊ होंगे पॉलीमर नोट?
पॉलीमर नोट लाने की सबसे बड़ी वजह उनकी मजबूती और लंबी उम्र है. जैसा कि हमने खबर की शुरुआत में उदाहरण दिया है कि कागज के नोट रोजमर्रा के इस्तेमाल में जल्दी फट सकते हैं. पानी, नमी और गंदगी से भी उनकी हालत खराब हो जाती है.
इसके मुकाबले पॉलीमर नोट प्लास्टिक जैसे खास पदार्थ से बनाए जाते हैं. ये सामान्य कागज के नोटों के मुकाबले ज्यादा टिकाऊ होते हैं और इन्हें साफ रखना भी आसान हो सकता है.
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने अगस्त में बताया था कि पॉलीमर नोटों की उम्र कागज के नोटों के मुकाबले दो से चार गुना तक हो सकती है. कुछ देशों में ऐसे नोट 30 साल से ज्यादा समय तक इस्तेमाल किए गए हैं.

कब से मिल सकते हैं नए पॉलीमर नोट?
फिलहाल RBI की योजना के मुताबिक, अप्रैल 2027 से इन नोटों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत जारी करने की तैयारी है. पहले सीमित स्तर पर इन नोटों का इस्तेमाल और परीक्षण किया जाएगा. इसके नतीजों के आधार पर तय होगा कि इन्हें पूरे देश में बड़े पैमाने पर जारी किया जाए या नहीं.
नए पॉलीमर नोटों से जहां आम लोगों को ज्यादा टिकाऊ करेंसी मिलने की उम्मीद है. वहीं दूसरी ओर बैंकों को ATM में बड़े बदलाव पर होने वाले खर्च से बचत हो सकती है.
यह भी पढ़ें | प्लास्टिक के नोट कब तक आएंगे, RBI गवर्नर ने 10-20 के पॉलिमर नोटों पर दी डिटेल में जानकारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं