- ईरानी सेना ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने एक अमेरिकी F-16 विमान को नुकसान पहुंचाया
- अमेरिका ने ईरान के इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे झूठा और निराधार बताया है
- IRGC ने बताया कि अब तक उसने कुल पचपन अमेरिकी ड्रोन नष्ट कर दिए हैं और नए एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल किया है
ईरान और अमेरिका युद्ध में दोनों सेनाएं ना सिर्फ युद्ध लड़ रही हैं, बल्कि एक-दूसरे को हर स्तर पर पटखनी दे रही हैं. सरकारी समाचार एजेंसी 'तस्नीम' के अनुसार, ईरान की सेना ने शनिवार को दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने फारस की खाड़ी के ऊपर एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान को नुकसान पहुंचाया. इसके कारण पायलट को इलाके के एक एयरबेस पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार रात को हुई.
शनिवार को जारी एक बयान में, ईरानी सेना के जनसंपर्क कार्यालय ने दावा किया कि देश में ही विकसित किए गए एयर डिफेंस सिस्टम ने फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ रहे एक अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान का पता लगाया और उसकी पहचान की. बयान के अनुसार, ईरान की एयर डिफेंस फोर्स ने विमान को ट्रैक किया और फिर उसकी ओर एक मिसाइल दागी.
बयान में दावा किया गया है कि मिसाइल लड़ाकू विमान के पास जाकर फटी, जिससे विमान को नुकसान पहुंचा. ईरानी सेना ने कहा कि इसके चलते पायलट को अपना मिशन बीच में ही रोकना पड़ा और इलाके के सबसे नजदीकी हवाई अड्डों में से एक पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. ईरान ने यह नहीं बताया कि विमान ने किस हवाई अड्डे पर लैंडिंग की.
ईरान के इस दावे पर अमेरिका ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे पूरी तरह से खारिज कर दिया और इसे "झूठा" बताया. एक्स पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने एक बयान में लिखा...
🚫 CLAIM: Iran's Islamic Revolutionary Guard Corps claims it targeted and damaged a U.S. F-16 fighter aircraft yesterday, forcing an emergency landing. This is FALSE. ✅ FACT: Iran did not attack a U.S. F-16 fighter aircraft yesterday — at all. All U.S. military fighter jets in the Middle East are safe and accounted for.
— U.S. Central Command (@CENTCOM) November 21, 2026
- दावा: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का दावा है कि उसने कल अमेरिका के F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाकर उसे नुकसान पहुंचाया, जिसके कारण विमान को आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी. यह दावा झूठा है.
- तथ्य: "ईरान ने कल अमेरिका के किसी F-16 लड़ाकू विमान पर कोई हमला नहीं किया. मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिका के सभी सैन्य लड़ाकू विमान सुरक्षित हैं और अपनी जगह पर हैं."
इसके अलावा, IRGC ने दावा किया है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अमेरिका के एक MQ-9 रीपर ड्रोन को रोका और उस पर हमला किया. IRGC के अनुसार, अब तक उसने कुल 58 अमेरिकी ड्रोन नष्ट कर दिए हैं.
IRGC ने बताया कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने एक नए एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल करके इस मानवरहित विमान (ड्रोन) का पता लगाया, उसे ट्रैक किया और निशाना बनाया. बयान के अनुसार, यह ड्रोन तब निशाना बनाया गया जब ईरानी सेना इस रणनीतिक जलमार्ग के ऊपर हवाई गतिविधियों पर नजर रख रही थी.
ये नए दावे ऐसे समय में सामने आए हैं, जब IRGC कमांडर मेजर जनरल अहमद वाहिदी ने IRGC एयरोस्पेस फोर्स द्वारा संचालित भूमिगत मिसाइल शहरों में से एक का दौरा किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं