यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से दुनिया में अलग-थलग पड़े रूस को एक मीटिंग ने संजीवनी दे दी. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 'महारथी' बनकर उभरे. ये मीटिंग चीन में हुई. जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग के साथ एक घंटे से अधिक समय तक पुतिन मौजूद रहे.
ट्रंप-शी-पुतिन की बैठक से क्या निकला
करीब 81 मिनट तक चली इस मीटिंग में तीनों देश संयुक्त राष्ट्र में सुधार लाने, तेल की आपूर्ति बढ़ाने और परमाणु जोखिमों को कम करने के लिए बातचीत करने पर सहमत हुए. बयान में कहा गया है कि नेता संयुक्त राष्ट्र में सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि वैश्विक चुनौतियों से अधिक प्रभावी ढंग से निपटा जा सके. साथ ही, वे ऊर्जा की स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तेल उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने, परमाणु जोखिमों को कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने की दिशा में काम करने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं. तीनों देशों ने इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारियों को कोर्ट की कानूनी कार्रवाई से छूट (इम्युनिटी) मिलनी चाहिए और चेतावनी दी कि कोर्ट को अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए. पुतिन इस कोर्ट द्वारा वांछित हैं.
तो पुतिन कैसे बने महारथी
- इस सवाल का पहला जवाब तो यही है कि जिस रूस को यूरोप ने अलग-थलग करने की पूरी कोशिश की, वही रूस आज चीन और अमेरिका के साथ पूरी दुनिया के भाग्य का फैसला करने वाली टेबल पर बैठा था. पुतिन ने पूरी दुनिया को बगैर कहे बता दिया कि आज भी रूस सुपरपावर है.
- दूसरा और सबसे महत्वपूर्ण पहलू ये है कि तेल आपूर्ति बढ़ाने पर तीनों देश सहमत हुए. इसमें सबसे ज्यादा फायदा रूस का ही है. रूस तेल और गैस का बड़ा सप्लायर है. तेल आपूर्ति बढ़ाने पर सहमति बताती है कि अब उसकी आर्थिक स्थिति और सुधरने वाली है.
- तीसरा सबसे अहम पहलू ये है कि तीनों देशों ने इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) को एक तरह से उसकी हद बता दी. इस कोर्ट ने पुतिन को ही वांटेड घोषित कर रखा है. इसकी वजह से पुतिन कई अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग नहीं ले पा रहे. एक तरह से इस कोर्ट ने भी उन्हें अलग-थलग करने में बड़ी भूमिका निभाई है. ऐसे में इस कोर्ट को फटकार पुतिन की बड़ी जीत है.
- इस मीटिंग से पुतिन ने यूक्रेन को सीधा मैसेज ये दिया कि जिसके बल पर उसने रूस से लड़ाई मोल ली, वो उसके साथ डील करता है. इस मीटिंग में ट्रंप ने पुतिन को अपना दोस्त बताया. जाहिर है यूक्रेन के हौसले इस मीटिंग के बाद और पस्त हो गए होंगे.
- यूक्रेन युद्ध लंबा खींचने की वजह से रूस के लोगों को भी काफी दिक्कतें हुईं. पुतिन ने इस मीटिंग के जरिए उन तक भी संदेश पहुंचा दिया कि भले ही कुछ दिनों की दिक्कत हुई पर वो विजेता बनकर निकले हैं और आगे आने वाले दिनों में रूस का दम-खम दुनिया मानेगी.
यह भी पढ़ें | Explainer: नये वर्ल्ड ऑर्डर में चीन भी सुपरपावर; वो 5 वजहें जिनसे ट्रंप-पुतिन के सामने जिनपिंग दिखे बॉस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं