- UAE के अभियोजक ने बताया कि फ्लाईदुबई के को-पायलट हमम अल हम्ममी ने फ्लाइट 1073 पर कब्जा करने की साजिश रची थी
- हम्ममी ने 2017 में चरमपंथी संगठन मुस्लिम ब्रदरहुड से जुड़ी संस्था के संपर्क में आकर विचार बदले
- जनवरी 2026 में फ्लाईदुबई एयरलाइंस जॉइन करने से पहले हम्ममी कई अन्य एयरलाइंस में काम कर चुका था, जांच जारी है
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने फ्लाईदुबई के को-पायलट हमम अल हम्ममी पर कई खुलासे किए हैं. संयुक्त अरब अमीरात के मुख्य अभियोजक हमद सैफ अल शम्सी ने शुक्रवार को बताया कि ओमान के जिस को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया था, वो चरमपंथी ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई के दौरान बना.वर्ष 2017 में वो मेलबर्न के उत्तरी उपनगरों में "माई सेंटर" नाम के एक इस्लामिक केंद्र के संपर्क में आया, जिसे शेख समीर मोहतादी (अबू हमजा) चलाते थे. उसका दावा था कि इसे मुस्लिम ब्रदरहुड से जुड़ी एक संस्था से मदद मिलती थी.
फ्लाईदुबई की गलती नहीं दिखी
यूएई ने शुक्रवार को कहा कि फ्लाईदुबई की फ़्लाइट 1073 के ओमान के रहने वाले फ़र्स्ट ऑफिसर हम्ममी ने 30 सितंबर को फ्लाइट पर कब्जा करने और उसे इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट के टर्मिनल से टकराकर सुसाइड अटैक करने की योजना बनाई थी. यह योजना 11 सितंबर, 2001 को अमेरिका पर हुए हमलों से प्रेरित थी, लेकिन कैप्टन स्मित मच्छार और कई यात्रियों ने उसका प्लान फेल कर दिया. UAE की सरकारी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट में इस मामले पर हफ्ते की शुरुआत से आ रही कई खबरों की पुष्टि की गई. अटॉर्नी जनरल हमद सैफ़ अल-शम्सी के बयान से ऐसा नहीं लगा कि फ्लाईदुबई की इसमें कोई गलती थी. साथ ही, इसमें सरकारी वकीलों की ओर से अब तक का सबसे विस्तृत ब्यौरा दिया गया कि उनके अनुसार क्या हुआ था.
हम्ममी ने बॉक्सिंग ट्रेनिंग ली थी
अल-शम्सी ने कहा कि संदिग्ध ने हमला करने की कोशिश करने से पहले तेल अवीव की दो पिछली उड़ानों का इस्तेमाल "फ्लाइट रूट और एयरपोर्ट से वाकिफ होने" के लिए किया था. UAE ने बताया कि हमम अल-हम्ममी ने अकेले ही इस घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है, लेकिन अटॉर्नी जनरल ने कहा कि उसके संभावित साथियों के बारे में अभी भी जांच चल रही है. अल-शम्सी ने बताया कि हम्ममी ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने हमले के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयारी की थी. इसके लिए उसने आतंकवाद घटना को बढ़ावा देने वाली वीडियो देखी थी और बॉक्सिंग की ट्रेनिंग भी ली थी.
शिन बेट एजेंट्स यूएई में
अटॉर्नी जनरल ने कहा कि जनवरी 2026 में फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले, हम्ममी ने ओमान एयर और रॉयल एयर मारोक समेत कई देशों की एयरलाइंस के लिए काम किया था. जांच में पता चला कि संदिग्ध के ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई के दौरान ही, 2017 में उसके "चरमपंथ और आतंकवाद" की ओर झुकाव के संकेत मिले थे. रॉयल एयर मारोक ने बताया कि उसने 2025 में वहां तीन महीने की ट्रेनिंग ली थी, और इसके बाद एयरलाइन में काम करने के लिए उसका आवेदन खारिज कर दिया गया था. इस बीच इजरायल के शिन बेट के अधिकारी हम्ममी से पूछताछ में शामिल होने के लिए UAE में हैं.
यह भी पढ़ें-
फ्लाईदुबई प्लेन में कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने वाला को-पायलट हम्ममी कौन है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं