- स्मित मच्छार ने पहली बार इंटरव्यू में हमले के दौरान लगी चोट और विमान के नीचे गिरने की घटना का वर्णन किया
- एयर फ्रांस ने पाकिस्तानी पायलटों और केबिन क्रू को इजरायल आने-जाने वाली उड़ानों में काम करने से रोक दिया
- अमेरिका की यूनाइटेड एयरलाइंस और चेक गणराज्य की एयरलाइन स्मार्टविंग्स ने भी पाबंदियां लागू कीं
30 सितंबर 2026 को संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई में फिदाइन हमले की कोशिश हुई. उस फ्लाइट के कैप्टन स्मित मच्छार ने अन्य यात्रियों के साथ मिलकर अपने को-कैप्टन हमम अल हम्ममी के मंसूबों को नाकाम कर दिया. अभी एक तरह स्मित का दुबई में इलाज चल रहा है तो हम्ममी से पूछताछ चल रही है. पहली बार स्मित मच्छार ने एक इंटरव्यू में पूरे वाक्ये को विस्तार से बताया है. ये इंटरव्यू आज रात प्रसारित होगा.
क्या कह रहे स्मित मच्छार
इंटरव्यू के प्रोमो में स्मित ने बताया, "पहली बार जब मुझे चोट लगी, तो मुझे लगा कि शायद विमान के ढांचे से कुछ मेरे सिर पर आ गिरा है." इंटरव्यू के अगले हिस्से में वो बताते हैं, " वार लगातार होते रहे और मुझे एक झलक भी दिखी." यहां शायद वो हम्ममी के बारे में बता रहे हैं. इसके बाद वो प्लेन के नीचे तेजी से गिरने की घटना बताते हुए कहते हैं, "दूसरी बात यह है कि विमान तेजी से नीचे जा रहा था. फिर मैं मुड़ा और अपने हाथ से उन्हें रोका, और इसी वजह से मुझे यहां (हाथ दिखाते हुए)चोट लगी." फिर वो अपनी हालत के बारे में बताते हैं, "वार इतने जोरदार थे कि मैं बार-बार बेहोश हो रहा था और फिर होश में आ रहा था." प्रोमो के अंत में वो कहते हैं, "मैं बस एक आम इंसान हूं. इंशाअल्लाह!मैं बहुत जल्द वापस काम पर लौट आऊंगा."
पाकिस्तानी पायलटों को किया बैन
इस घटना के बाद दुनिया में पायलटों और क्रू मेंबर्स के चयन पर बहस छेड़ दी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एयर फ्रांस ने पाकिस्तानी पायलटों और केबिन क्रू को इजरायल आने-जाने वाली उड़ानों में काम करने से रोक दिया है. ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि इज़रायली अधिकारी उन देशों के नागरिकों पर लगी पाबंदियों को सख्ती से लागू कर रहे हैं, जिनके साथ इज़रायल के राजनयिक संबंध नहीं हैं. अमेरिका की यूनाइटेड एयरलाइंस और चेक गणराज्य की एयरलाइन स्मार्टविंग्स ने भी इन नियमों का पालन करने के लिए कदम उठाए हैं. इससे यह चिंता पैदा हो गई है कि राष्ट्रीयता के आधार पर लगाई गई ये पाबंदियां अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन और प्रभावित रूटों पर क्रू की तैनाती को कैसे प्रभावित कर सकती हैं.
मालदीव में दो पायलट गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्लाईदुबई में काम करने वाले मालदीव के दो पायलटों को UAE पुलिस ने गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी ओमान के एक को-पायलट द्वारा दुबई-तेल अवीव उड़ान को हाईजैक करके क्रैश करने की कथित कोशिश के मामले में की गई है. इस साजिश को नाकाम करने के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार घायल हो गए थे. मालदीव के समाचार पोर्टल 'अधाधु' की रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों को 3 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया था. संयुक्त अरब अमीरात में मालदीव के दूतावास ने उनके परिवारों को उनकी गिरफ्तारी के बारे में आधिकारिक तौर पर सूचित कर दिया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि मालदीव के अधिकारियों ने इन दो पायलटों की गिरफ्तारी पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.
यह भी पढ़ें-
कांग्रेस को मिली रामलीला मैदान में प्रदर्शन की परमिशन, दीवाली से पहले भरेगी हुंकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं