- समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच आज दिल्ली में सीट बंटवारे पर बैठक
- सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस ने 130 सीटों पर कैंडिडेट की लिस्ट एसपी को सौंपी
- अब एसपी कांग्रेस की मांग पर अपने अध्यक्ष अखिलेश यादव से बात करेगी
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में आज सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में प्रमोद तिवारी के घर बैठक हुई. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में कांग्रेस ने करीब 130 सीटों की सूची समाजवादी पार्टी के नेताओं को सौंपी है. पार्टी ने सैफई छोड़कर लगभग हर जिले में कम से कम एक सीट पर लड़ने की इच्छा जताई है. कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली की सारी सीटों पर दावा पेश किया है.
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी के घर हुई बैठक में पार्टी की तरफ से यूपी कांग्रेस चीफ आराधना मिश्रा, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, सांसद इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए. समाजवादी पार्टी की तरफ से रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन शामिल हुए. एसपी की तरफ से डेटा एक्सपर्ट भी मीटिंग में शामिल हुए.
मीटिंग में क्या हुआ
सूत्रों ने मुताबिक समाजवादी पार्टी के नेता 11 बजकर 50 मिनट पर प्रमोद तिवारी के घर पहुंचे. कांग्रेस के नेता वहां उनका अंदर इंतजार कर रहे थे. मीटिंग में पहुंचते ही रामगोपाल यादव ने पूछा कि आप लोगों ने क्या तय किया है? इसपर कांग्रेस ने 130 सीटों की सूची पकड़ा दी. लिस्ट पकड़ते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि अखिलेश यादव से बातचीत करने के बाद कल फिर से बातचीत होगी. इसके बाद चाय पी गई और करीब सवा बारह बजे वे सबलोग बाहर आ गए.
अखिलेश से होगी बात
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि वो कांग्रेस की मांग पर अखिलेश यादव से बात कर कल दोबारा चर्चा करेंगे. गौरतलब है कि राज्य में अगले साल के शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी राज्य में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. इस बैठक के बाद कांग्रेस और एसपी के नेताओं ने कहा था कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई है. यूपी कांग्रेस चीफ आराधना मिश्रा ने कहा कि दोनों दलों के बीच कल भी बैठक होगी.
यह भी पढ़ें | दिल्ली में कांग्रेस-एसपी सीट बंटवारे पर महज 15 मिनट ही चली बैठक, कल फिर मीटिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं