AIMIM की बिहार इकाई के अध्यक्ष और अमौर से विधायक अख्तरुल ईमान के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. अख्तरुल ईमान ने अपने भाषण में मुस्लिम समाज में विवाह के बाद होने वाले रिसेप्शन और महिलाओं के सजने-संवरने को लेकर टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाओं के लिए पर्दा जरूरी है और दुल्हनों को लोगों के सामने सजाकर बैठाने की परंपरा पर सवाल उठाए.
अपने भाषण में अख्तरुल ईमान ने कहा, "जिसको आप वेश्या कहते हैं, वे भी सज-संवर कर इस तरह से बेहयाई से नहीं बैठतीं, जितना आप अपनी बहू को बिठाकर रखते हैं." उन्होंने पुरुषों से सवाल करते हुए कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए कि उनकी बहू को दूसरे लोग घूरकर देखें. उन्होंने आगे कहा कि मुस्लिम समाज में वलीमा का उद्देश्य लोगों को निकाह का गवाह बनाना है, न कि दिखावा करना. उनके मुताबिक, वर्तमान में वलीमा और रिसेप्शन की परंपराएं अपने मूल उद्देश्य से भटक गई हैं.
वायरल वीडियो में विधायक को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘‘मैं पुरुषों से पूछना चाहता हूं कि क्या उनमें शर्म नाम की कोई चीज नहीं बची है? इस तरह का खुला मेलजोल सूअरों के व्यवहार के समान है.''
बीजेपी ने किया पलटवार
बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी दानिश इकबाल ने अख्तरुल ईमान के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि वे 'पिछड़ी सोच वाले मौलाना' की तरह बात कर रहे हैं. जो महिलाओं को अपमानित करने वाली और उनके अधिकारों का हनन करने वाली बातें करते रहे हैं।
उन्होंने कहा,‘हमारी महिलाएं शिक्षित हो रही हैं और जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं. अगर उन्हें शरिया की इतनी ही चिंता है तो उन्हें अफगानिस्तान जाकर रहना चाहिए.'
वहीं अख्तरुल ईमान ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने भले ही कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया हो, लेकिन ये ऐसे हैं जैसे किसी जिद्दी बच्चे को थप्पड़ मारकर जगाने की कोशिश की जाती है, जो समय पर उठने से इनकार करता है.
विधायक ने कहा, ‘‘मुस्लिम महिलाओं के लिए पर्दा हिंदू महिलाओं के लिए सिंदूर से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है. वैसे भी, मेरी बातें उन सामान्य, आस्थावान और धर्म का पालन करने वाले मुसलमानों के लिए थीं.''
यह भी पढ़ें | 'रस्सी जल गई ऐंठ नहीं गई', आजम खान के बयान पर असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM का तंज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं