बिहार के मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है. सोमवार को शिवांगी की हल्दी का कार्यक्रम हुआ. इस दौरान अनंत सिंह के तीनों बेटे- अंकित, अभिषेक और अभिनव पीले कुर्ते में दिखे. वहीं, दुल्हन शिवांगी पिच पिंक रंग के लहंगे में नजर आईं.
शिवांगी की शादी अनंत सिंह के पैतृक गांव नदमां में हो रही है. यहां कई दिनों से ही मेहमानों का जमावड़ा लगा हुआ है. अब जब शादी में दो ही दिन बाकी रह गए हैं तो मेहमानों का आना और बढ़ गया है.
सोमवार को हो रहे हल्दी कार्यक्रम की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं. एक वीडियो में तीनों भाई अपनी बहन शिवांगी को स्टेज पर लाते दिख रहे हैं. इस दौरान पीछे गाना-बजाना भी चल रहा है. बहन को स्टेज पर लाते हुए यह वीडियो भाई अंकित ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है.
वहीं एक और वीडियो है, जिसमें अनंत सिंह खुद स्टेज पर नजर आ रहे हैं. अनंत सिंह ट्रैक सूट पहने नजर आ रहे हैं. तभी वह अपनी मूंछों पर तनाव देते हैं और स्टेज पर मौजूद सिंगर भोजपुरी में गाना गाने लगता है.
हल्दी कार्यक्रम की एक तस्वीर में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी भी अपनी बेटी के साथ नजर आ रही हैं.
वहीं, एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्टेज पर अनंत सिंह के तीनों बेटे और बेटी स्टेज पर हैं और इस दौरान 'मुबारक हो तुमको ये शादी तुम्हारी' गाना बज रहा है.

अनंत सिंह की बेटी की शादी के लिए लाखों लोगों का खाना बनाया जा रहा है. जहां शादी हो रही है, वहां 100 फीट लंबा एक टेंट लगाया गया है और मेगा किचन तैयार की गई है. इस किचन में 200 से ज्यादा कारीगर लगे हुए हैं. इसमें 50 लाख से ज्यादा गुलाब जामुन बनाने की तैयारी चल रही है.
इस शादी में मिठाई बनाने के लिए सुधा मिल्क के 10 हजार किलो के टैंकर से सीधा दूध मेगा किचन में भेजा जा रहा है.
इस शादी में हाई प्रोफाइल मेहमान भी आने वाले हैं. इसके लिए गांव में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है. हालांकि, बारिश के कारण इसमें समस्या भी आ रही है. हालांकि, अनंत सिंह के करीबी रिश्तेदार ने बताया कि हेलीपैड तैयार किया जा रहा है. बारिश के कारण थोड़ा मुश्किल हो गया है लेकिन सब कुछ दो दिन में तैयार कर लिया जाएगा.
इतना ही नहीं, शादी वाले दिन यहां पर घुड़दौड़ भी होनी है. उसके लिए भी रेस कोर्स तैयार किया जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं