विज्ञापन

BS-VI नियम पूरे NCR में लागू हों... वायु प्रदूषण पर SC ने केंद्र से क्यों कहा- कुछ श्रेय प्रकृति को भी दीजिए

दिल्ली-NCR प्रदूषण मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि BS-VI मानकों का पालन केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे NCR में सुनिश्चित किया जाना चाहिए. कोर्ट ने हरियाणा, यूपी और राजस्थान को स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया.

BS-VI नियम पूरे NCR में लागू हों... वायु प्रदूषण पर SC ने केंद्र से क्यों कहा- कुछ श्रेय प्रकृति को भी दीजिए
सांकेतिक तस्वीर.
NDTV
  • सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि BS-VI वाहन मानकों का पालन केवल दिल्ली तक सीमित न रहकर पूरे NCR में होना चाहिए
  • हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सरकार को प्रदूषण नियंत्रण पर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के निर्देश दिए गए
  • कोर्ट ने व्यावसायिक वाहनों के दिल्ली में आने पर रोक लगाने और वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था पर योजना बनाने को कहा
नई दिल्ली:

दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण के मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि BS-VI मानकों का पालन केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे NCR में सुनिश्चित किया जाना चाहिए. कोर्ट ने कहा कि इससे प्रदूषण कम करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल सकता है.

तीन राज्यों से मांगी रिपोर्ट

चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के एडवोकेट जनरल को सुनवाई में बुलाया जाए. कोर्ट ने तीनों राज्यों को दिल्ली-NCR में प्रदूषण से निपटने के लिए उठाए गए कदमों पर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया.

CJI ने सवाल उठाया कि व्यावसायिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से पूरी तरह कैसे रोका जा सकता है और जरूरी सामान की आपूर्ति का वैकल्पिक इंतजाम क्या होगा? उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था इस साल या अगले साल संभव न हो, लेकिन अगले पांच वर्षों में ऐसा करने की योजना क्यों नहीं बनाई जा सकती?

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केंद्र की ओर से किए गए प्रयासों पर टिप्पणी करते हुए कहा- कुछ श्रेय प्रकृति को भी दीजिए.

यह भी पढ़ें | SC ने खारिज की यूपी वोटर लिस्ट में मकान नंबर गड़बड़ी से जुड़ी याचिका, 'ये सामूहिक नहीं व्यक्तिगत अधिकार है'

दिल्ली में केवल BS-VI वाहन चलें: सुप्रीम कोर्ट

दिल्ली-NCR में प्रदूषण के मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि दिल्ली में कम से कम केवल BS-VI मानक वाले वाहनों को ही चलने की अनुमति होनी चाहिए. उन्होंने कहा- हम यही चाहते हैं… दिल्ली में कम से कम केवल BS-VI वाहन होने चाहिए, अगर पूरे NCR में ऐसा संभव नहीं है तो भी.

दरअसल, वकील राकेश खन्ना ने 15 साल से पुराने वोल्वो वाहन के मालिक की ओर से दलील दी थी कि पहले सुप्रीम कोर्ट ने BS-IV वाहनों को दंडात्मक कार्रवाई से छूट दी थी, इसके बावजूद उनके मुवक्किल को ईंधन नहीं दिया जा रहा है. 

इस पर जस्टिस बागची ने दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों की अनुमति देने की बात कही.

इस सर्दी हम खुशकिस्मत हैं

सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली-NCR प्रदूषण मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा, इस सर्दी में हम खुशकिस्मत हैं. फिलहाल लोगों के फेफड़े सुरक्षित हैं.

वहीं, CJI सूर्यकांत ने पड़ोसी राज्यों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें आश्चर्य है कि पड़ोसी राज्य प्रदूषण से निपटने के प्रयासों में सक्रिय रूप से भाग लेने के बजाय निष्क्रिय भूमिका क्यों निभा रहे हैं. 

उन्होंने कहा कि दिल्ली-NCR में प्रदूषण से निपटने के लिए सभी पड़ोसी राज्यों को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Supreme Court, Delhi NCR Pollution, Delhi AQI, Delhi Air Pollution, Delhi NCR Air Pollution
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com