विज्ञापन

Starlink लाइसेंस विवाद में कूदे राहुल गांधी; एलन मस्क ने तुरंत दे दिया जवाब

भारत में स्टारलिंक की एंट्री को लेकर चल रही बहस अब राजनीतिक मोड़ ले चुकी है. एलन मस्क ने लाइसेंस में देरी पर सवाल उठाए तो राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर टिप्पणी की. राहुल के पोस्ट पर मस्क के जवाब ने नए सिरे से बहस छेड़ दी है.

Starlink लाइसेंस विवाद में कूदे राहुल गांधी; एलन मस्क ने तुरंत दे दिया जवाब
स्टारलिंक विवाद पर राहुल गांधी और एलन मस्क आमने-सामने
अल्टर्ड बाय NDTV (Rahul Gandhi / Elon Musk X Post)
  • Starlink पर राहुल गांधी और एलन मस्क की बातचीत से बढ़ी सियासत
  • भारत में स्टारलिंक की एंट्री पर मचा घमासान, मस्क ने उठाए सवाल
  • ‘भारत में आपका स्वागत है एलन’, राहुल गांधी की पोस्ट पर मस्क का आया रिएक्शन
वाशिंगटन:

भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक की संभावित एंट्री को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने भारत में लाइसेंस मंजूरी में देरी को लेकर सवाल उठाए हैं और दावा किया है कि उनकी कंपनी पिछले पांच वर्षों से भारतीय कानूनों और नियामकीय आवश्यकताओं का पालन कर रही है. इस बीच राहुल गांधी भी इस बहस में शामिल हो गए. राहुल की टिप्पणी पर मस्क ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह स्थिति 'वाकई चिंताजनक' है.

राहुल गांधी की टिप्पणी पर मस्क का जवाब

स्टारलिंक को भारत में कमर्शियल ऑपरेशन लाइसेंस नहीं मिलने को लेकर एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि स्टारलिंक दुनिया के 165 से अधिक देशों में लाइसेंस प्राप्त कर चुकी है और भारत में भी पिछले पांच वर्षों से सभी आवश्यक नियमों का पालन कर रही है.

मस्क की इसी पोस्ट पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, 'भारत में आपका स्वागत है एलन. इंतजार कीजिए जब आप दूसरे व्यक्ति को भी जानेंगे.'

राहुल गांधी की टिप्पणी के जवाब में एलन मस्क ने लिखा, “Thank you, Rahul. This is indeed troubling.” यानी “धन्यवाद राहुल, यह वास्तव में चिंताजनक है.”

स्टारलिंक को लेकर राहुल गांधी और मस्क की पोस्ट

स्टारलिंक को लेकर राहुल गांधी और मस्क की पोस्ट
Photo Credit: X पोस्ट का स्क्रीनशॉट

लाइसेंस में देरी पर उठाए सवाल

एलन मस्क ने अपने एक अन्य पोस्ट में पूछा कि जब स्टारलिंक ने भारत सरकार की सभी शर्तों का पालन किया है और दुनिया के 165 से अधिक देशों में उसे संचालन की अनुमति मिली हुई है, तो भारत में लाइसेंस देने में देरी क्यों हो रही है. मस्क ने अपनी पोस्ट में यह भी सवाल उठाया कि आखिर किन कारणों से कंपनी अब तक भारतीय बाजार में सेवाएं शुरू नहीं कर पाई है.

कारोबारी हितों को लेकर आरोप

एक अन्य पोस्ट में मस्क ने आरोप लगाया कि कुछ शक्तिशाली कारोबारी हित स्टारलिंक की भारत में एंट्री को रोक रहे हैं. उन्होंने कहा कि कुछ प्रभावशाली समूह अपने एकाधिकार को बनाए रखने के लिए कंपनी के रास्ते में बाधा बन रहे हैं. मस्क ने यह भी कहा कि इस तरह की स्थिति भारतीय उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ है और प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करती है.

सरकार ने आरोपों को किया खारिज

वहीं संचार मंत्रालय ने ऐसे आरोपों को पहले ही खारिज कर दिया है. सरकार का कहना है कि भारत का दूरसंचार नियामकीय ढांचा निष्पक्ष और गैर-भेदभावपूर्ण है तथा सभी कंपनियों के लिए समान नियम लागू होते हैं.

मंत्रालय के अनुसार सैटेलाइट संचार सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना होता है. सुरक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पेक्ट्रम आवंटन सहित अगली प्रक्रियाएं आगे बढ़ती हैं.

सरकार का कहना है कि संबंधित सभी कंपनियां फिलहाल लगभग समान नियामकीय चरण में हैं और किसी एक कंपनी के साथ भेदभाव किए जाने का दावा निराधार है.

भारत में निवेश और तैयारियों का दावा

इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 के दौरान स्टारलिंक की बिजनेस ऑपरेशंस वाइस प्रेसिडेंट लॉरेन ड्रेयर ने कहा कि कंपनी भारत के लिए विशेष सुरक्षा नियंत्रण विकसित कर चुकी है और भारतीय बाजार में सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है.

उन्होंने बताया कि कंपनी भारत में 20 गेटवे साइट्स और सैकड़ों एंटीना वाले ग्राउंड इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर चुकी है. इसके अलावा भारतीय उपयोगकर्ताओं का डेटा देश के भीतर ही रखने की व्यवस्था की गई है.

ड्रेयर के अनुसार स्टारलिंक पिछले पांच वर्षों से भारतीय नियामकों, उद्योग जगत और दूरसंचार क्षेत्र के हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि उसकी सेवाएं भारतीय आवश्यकताओं के अनुरूप हो सकें.

यह भी पढ़ें : भारत में Starlink के साथ नहीं हो रहा कोई भेदभाव, एलन मस्क के 'जानबूझकर रोकने' वाले दावे पर सरकार का जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Elon Musk, Rahul Gandhi, Starlink India, Satellite Internet India, Starlink Licence
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com