विज्ञापन

'कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत का PM भी इस टेबल पर होता'; ट्रंप-शी-पुतिन की फोटो शेयर कर राहुल गांधी का अटैक

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्रंप, शी जिनपिंग और पुतिन की तस्वीर शेयर कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत का प्रधानमंत्री भी उस टेबल पर मौजूद होता. वहीं शिकागो विश्वविद्यालय में उन्होंने भाजपा और सरकार पर भी तीखे राजनीतिक हमले किए.

'कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत का PM भी इस टेबल पर होता'; ट्रंप-शी-पुतिन की फोटो शेयर कर राहुल गांधी का अटैक
राहुल गांधी ने ट्रंप-शी-पुतिन की फोटो शेयर कर PM मोदी पर साधा निशाना
Rahul Gandhi X Post
  • राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला, वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका को लेकर उठाए सवाल
  • ट्रंप-शी-पुतिन की फोटो शेयर कर PM मोदी पर साधा निशाना
  • शिकागो में राहुल गांधी बोले- अगले 8 महीनों में दिखेगा BJP पर असर
शिकागो:

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो यूनिवर्सिटी में छात्रों से संवाद के दौरान भाजपा की संगठनात्मक स्थिति, केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली और विपक्ष की भूमिका को लेकर कई दावे किए. इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि यदि केंद्र में कांग्रेस की सरकार होती तो भारत का प्रधानमंत्री भी इस ग्लोबल पावर सेंट्रल टेबल पर मौजूद होता.

सोशल मीडिया पोस्ट से साधा निशाना

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर ट्रंप, शी जिनपिंग और पुतिन की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा 'अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस टेबल पर बैठे होते. एक कंप्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री कभी इस टेबल पर नहीं बैठ सकता.'

शिकागो विश्वविद्यालय में भाजपा पर हमला

इससे पहले यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस ने भारत में भाजपा की राजनीतिक अवधारणा को काफी हद तक कमजोर कर दिया है. उन्होंने कहा 'हमने भारत में भाजपा की राजनीतिक सोच को लगभग ध्वस्त कर दिया है. इसका असर अगले आठ महीनों में दिखाई देगा.' राहुल गांधी ने यह भी कहा कि भाजपा का आंतरिक ढांचा कमजोर हो चुका है और केंद्र सरकार के कुछ मंत्री भी विपक्ष के संपर्क में हैं तथा जानकारियां साझा कर रहे हैं.

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पुलिस, खुफिया एजेंसियां, सीबीआई, आयकर विभाग और नौकरशाही सहित कई संस्थाएं भाजपा के प्रभाव में हैं.

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद दिल्ली में छात्रों द्वारा किए गए आंदोलनों ने सत्ता की ताकत को चुनौती दी और यह दिखाया कि संगठित सत्ता के सामने भी जनआंदोलन प्रभावी हो सकते हैं.

'शिवजी की बारात' से की कांग्रेस की तुलना

राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी की कार्यशैली का जिक्र करते हुए उसकी तुलना 'शिवजी की बारात' से की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस विभिन्न विचारों, समुदायों और पृष्ठभूमि वाले लोगों का व्यापक मंच है. देखने में यह असंगठित लग सकती है, लेकिन इसके भीतर एक लोकतांत्रिक संरचना और व्यवस्था मौजूद है. उन्होंने कहा कि आज के जटिल भारत को केवल इसी प्रकार की व्यापक राजनीतिक संरचना के जरिए संगठित किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें : राहुल गांधी से पाकिस्तानी स्टूडेंट ने पूछा कब बैठकर बात करेंगे भारत-पाकिस्तान, नेता विपक्ष ने दिया तीखा जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, PM Modi, Rahul Gandhi Chicago University, Trump Xi Putin Meeting, Compromised Pm
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com