- डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में CNN, MS NOW और Politico को मीडिया कवरेज के लिए बैन कर दिया है
- ट्रंप का मानना है कि ये मीडिया संस्थान उनके बारे में गलत और पक्षपाती रिपोर्टिंग कर रहे हैं
- फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने यूएन जनरल असेंबली के इवेंट में CNN और Politico के क्रेडेंशियल मंजूर किए हैं
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक फैसला लेते हैं और उनकी पत्नी (फर्स्ट लेडी) मेलानिया ट्रंप ठीक उसके अलग स्टैंड लेती हैं. ऐसा लग रहा है मानों अमेरिका की फर्स्ट फैमली की तकरार दुनिया के सामने आ गई है. मुद्दा मीडिया पर बैन लगाने से जुड़ा है. दरअसल डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में CNN, MS NOW और Politico पर रोक लगा दी है, उन्हें बैन कर दिया है और पत्रकारों के क्रेडेंशियल (पास) जब्त कर लिए हैं. ट्रंप का मानना है कि ये मीडिया संस्थान उनके बारे में गलत कवरेज कर रहे हैं. लेकिन फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने प्रेस की आजादी के मामले में अलग नजरिया अपनाया है.
फर्स्ट लेडी के ऑफिस ने मंगलवार को यूनाइटेड नेशंस जनरल असेंबली (UNGA 2026) के दौरान होने वाले एक इवेंट के लिए CNN और Politico के प्रेस क्रेडेंशियल को मंजूरी दे दी. यानी यहां आकर वे कवर कर सकते हैं. यह इवेंट उनके "फॉस्टरिंग द फ्यूचर टुगेदर" गठबंधन को बढ़ाने के बारे में था, जिसका मकसद शिक्षा और टेक्नोलॉजी के जरिए बच्चों की भलाई को बढ़ावा देना है.
बता दें कि अमेरिका के तीनों नेशनल न्यूज आउटलेट्स ने बैन के खिलाफ 'फर्स्ट अमेंडमेंट' के तहत कोर्ट में मुकदमा दायर किया है. बुधवार को इसकी सुनवाई होनी है.
ट्रंप ने UN में भी CNN पत्रकार को डांटा
ऐसा नहीं है कि ट्रंप इन चैनलों के पत्रकारों को सिर्फ व्हाइट हाउस में नहीं चाहते, उनका मानना है कि उन्हें मेरे सामने आना ही नहीं चाहिए. मंगलवार को जनरल असेंबली में भाषण देने से पहले जब ट्रंप संयुक्त राष्ट्र पहुंचे और CNN की रिपोर्टर कैटलान कॉलिन्स को देखा, तो उन्होंने कहा, "मुझे हैरानी है कि CNN यहां मेरी कवरेज कर रहा है. आपको मेरी कवरेज के लिए यहां नहीं होना चाहिए. आपने कहा था कि आप मेरी कवरेज नहीं करेंगे."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं