विज्ञापन

UNGA में भारत-मध्य पूर्व-यूरोप कॉरिडोर को ट्रंप का समर्थन, बोले- ईरानी चेकपॉइंट्स से ऊर्जा व्यवस्था दूर करें

संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान GCC और अरब देशों के नेताओं के साथ बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों ने वैकल्पिक ऊर्जा और व्यापार मार्गों की जरूरत को और बढ़ा दिया है.

UNGA में भारत-मध्य पूर्व-यूरोप कॉरिडोर को ट्रंप का समर्थन, बोले- ईरानी चेकपॉइंट्स से ऊर्जा व्यवस्था दूर करें
भारत-मध्य पूर्व-यूरोप कॉरिडोर को ट्रंप का समर्थन, ईरान को कड़ी चेतावनी
व्हाइट हाउस
  • UNGA बैठक में ट्रंप ने भारत से यूरोप तक आर्थिक गलियारे को बताया जरूरी
  • ट्रंप बोले- मध्य पूर्व की ऊर्जा व्यवस्था को ईरानी नियंत्रण से दूर करना होगा
  • ट्रंप ने IMEC को बताया ऊर्जा और व्यापार सुरक्षा का अहम रास्ता
न्यूयॉर्क:

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के इतर आयोजित बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) को लेकर बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार इस परियोजना का मजबूत समर्थन करती है क्योंकि क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा खतरों और वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों ने ऊर्जा आपूर्ति के लिए वैकल्पिक मार्गों की जरूरत को और स्पष्ट कर दिया है. उन्होंने कहा कि यह परियोजना मध्य पूर्व, भारत और यूरोप के बीच संपर्क और आर्थिक सहयोग को नई दिशा दे सकती है.

IMEC के समर्थन में ट्रंप

जीसीसी (GCC ) और अरब देशों के नेताओं के साथ बैठक में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान से जुड़े आतंकी हमलों और पड़ोसी देशों में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों ने यह दिखाया है कि मध्य पूर्व की ऊर्जा अवसंरचना को ईरानी चेकपॉइंट्स से दूर स्थानांतरित करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से उनका प्रशासन भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे और ऊर्जा परिवहन से जुड़ी अन्य परियोजनाओं का समर्थन करता है. ट्रंप के अनुसार तेल और ऊर्जा संसाधनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पाइपलाइन और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं महत्वपूर्ण हैं.

GCC मीटिंग के दौरान ट्रंप

GCC मीटिंग के दौरान ट्रंप
Photo Credit: व्हाइट हाउस

दशकों पुरानी चुनौतियों से उबरने की बात

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार ट्रंप ने कहा कि मध्य पूर्व क्षेत्र लंबे समय से विभिन्न चुनौतियों का सामना करता रहा है, लेकिन अब हालात बदलने की संभावना दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि सभी देश मिलकर उन समस्याओं को पीछे छोड़ने के करीब पहुंच रहे हैं, जिन्होंने दशकों तक इस क्षेत्र को प्रभावित किया है. उनका मानना है कि सहयोग और आर्थिक संपर्क क्षेत्र की स्थिरता को मजबूत कर सकते हैं.

अमेरिका के करीबी साझेदार

बैठक में मौजूद नेताओं को संबोधित करते हुए ट्रंप ने उन्हें अमेरिका के सबसे करीबी मित्र, सहयोगी और साझेदार बताया. उन्होंने कहा कि सभी देशों का साझा उद्देश्य मध्य पूर्व को अधिक सुरक्षित और समृद्ध बनाना है. ट्रंप के मुताबिक, क्षेत्रीय सहयोग के जरिए आर्थिक विकास और सुरक्षा दोनों को मजबूती दी जा सकती है.

क्या है IMEC परियोजना?

भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा (IMEC) वर्ष 2023 में घोषित किया गया था. इस परियोजना में दो प्रमुख कॉरिडोर शामिल हैं. पहला पूर्वी कॉरिडोर, जो भारत को खाड़ी क्षेत्र से जोड़ता है. दूसरा उत्तरी कॉरिडोर, जो खाड़ी क्षेत्र को यूरोप से जोड़ता है. इस परियोजना के तहत रेल नेटवर्क, समुद्री मार्ग, जहाज-रेल संपर्क व्यवस्था और सड़क परिवहन नेटवर्क विकसित किए जाने की योजना है. इसका उद्देश्य व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति और कनेक्टिविटी को तेज और सुरक्षित बनाना है.

ईरान को लेकर फिर दी चेतावनी

ट्रंप ने अपने संबोधन में ईरान को लेकर भी कड़ा रुख दोहराया. उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग किया है और उम्मीद है कि वह जल्द सही निर्णय लेगा. ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी आ सकता है, जब हालात बदलने का अवसर नहीं बचेगा. उन्होंने दावा किया कि बैठक में मौजूद कई देश भी क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को लेकर समान चिंताएं रखते हैं.

यह भी पढ़ें : UNGA 81: सहयोग के बिना नहीं सुलझेंगी वैश्विक चुनौतियां; शांति, जलवायु और सुरक्षा पर बोले एस जयशंकर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, UN General Assembly 2026, UNGA 81, India Middle East Europe Corridor, IMEC
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com