विज्ञापन

अमेरिकी अड्डे पर अटैक से पहले चीन ने ईरान को दीं सैटेलाइट तस्वीरें? ट्रंप बोले- हम भी तो जासूसी करते हैं

WSJ की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई में जॉर्डन में हुए एक हमले से पहले ईरान को चीन से वहां मौजूद एक सैन्य अड्डे की सैटेलाइट तस्वीरें मिली थीं. इस हमले में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत भी हुई थी.

अमेरिकी अड्डे पर अटैक से पहले चीन ने ईरान को दीं सैटेलाइट तस्वीरें? ट्रंप बोले- हम भी तो जासूसी करते हैं
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपित शी जिनपिंग
  • डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्डन हमले से पहले चीन द्वारा ईरान को सैटेलाइट तस्वीरें देने की रिपोर्ट खारिज की है
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि चीन और अमेरिका दोनों एक जैसी जासूसी गतिविधियां करते हैं
  • वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ईरान को चीन संस्थान की ओर से यह सैटेलाइट तस्वीर दी गई थी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि जुलाई में जॉर्डन में हुए एक हमले से पहले ईरान को चीन से वहां मौजूद एक सैन्य अड्डे की सैटेलाइट तस्वीरें मिली थीं. इस हमले में तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत भी हुई थी. हाल ही में वॉल स्ट्रीट जर्नल में छपी एक रिपोर्ट में जॉर्डन में हुए इस हमले को लेकर कुछ अज्ञात अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी गई थी.

लेकिन अब जब डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ होने वाली आगामी बैठक में इस मुद्दे को उठाएंगे, तो ट्रंप ने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया. इसके बजाय उन्होंने कह दिया कि चीन और अमेरिका एक जैसी जासूसी करते हैं. एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “वे मूल रूप से वही करते हैं, जो हम करते हैं. जब लोग कहते हैं कि चीन हमारी जासूसी करता है, तो मैं कहता हूं कि आप सही कह रहे हैं, और हम भी उनकी जासूसी करते हैं.”

चीन से रिश्ता मजबूत करने में लगे ट्रंप?

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों ने उन चीनी संस्थाओं के नाम बताने से इनकार कर दिया, जिन्होंने ईरान को ये सैटेलाइट तस्वीरें उपलब्ध कराई थीं. रिपोर्ट में यह भी नहीं कहा गया कि चीन की सरकार सीधे तौर पर इसमें शामिल थी. ट्रंप के बयान से ऐसा लगता है कि उनकी सरकार हाल के दिनों में वॉशिंगटन और बीजिंग के बीच कई मुद्दों पर चल रहे तनाव को कम करके दिखाने की कोशिश कर रही है. हालांकि, अमेरिका चीन के ईरान के साथ करीबी संबंधों को लेकर अब भी नाराज है.

चीन और अमेरिका के राष्ट्रपतियों की 24 सितंबर को अमेरिका में मुलाकात होने की उम्मीद है. ध्यान रहे कि चीन ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस बैठक की पुष्टि नहीं की है. रविवार को ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ उनके अच्छे संबंध हैं. आयरलैंड की यात्रा के बाद अमेरिका लौटते समय ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि उन्होंने ठीक व्यवहार किया है और हम भी ठीक व्यवहार कर रहे हैं.”

यह भी पढ़ें: इंसानों पर लटक रही बेतहाशा आगे बढ़ते AI की तलवार! फिर ट्रंप क्यों कम नहीं करना चाहते इसकी रफ्तार?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, China Iran Relation, US China
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com