- अमेरिकी राष्ट्रपति ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास पर सख्त निगरानी या रोक की जरूरत को नजरअंदाज किया
- ट्रंप का मानना है कि अमेरिका को AI की वैश्विक दौड़ में चीन से आगे रहना जरूरी है ताकि बढ़त न खोएं
- AI की रफ्तार धीमी करने की सलाह एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोडेई ने खुद दी है और टेक लीडर्स ने सपोर्ट किया
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI कंट्रोल से बाहर जा रहा है और पूरी दुनिया डरी हुई है. खुद AI फिल्ड में दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी एंथ्रोपिक और OpenAI के सीईओ कह रहे हैं कि AI के विकास की रफ्तार को कम करने की जरूरत है. लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विकास पर अपनी सरकार की ओर से रोक या सख्त निगरानी की जरूरत को नजरअंदाज कर दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि AI की वैश्विक दौड़ में अमेरिका, चीन से अपनी बढ़त खो सकता है. ट्रंप का मानना है कि अगर अमेरिका यह दौड़ जीतता है, तो AI से जुड़े खतरों को दूर करने में भी मदद मिलेगी.
ट्रंप ने माना कि AI के लिए कुछ नियम बनाए जाने की जरूरत है. लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि ये नियम क्या हो सकते हैं. AI के बहुत तेजी से आगे बढ़ने और बिना पर्याप्त निगरानी के इसके विकास को लेकर जो चेतावनियां दी जा रही हैं. लेकिन ट्रंप ने उन्हें ऐसे नकारात्मक ताकतों से जोड़ दिया, जिनके बारे में उन्होंने कुछ साफ नहीं बताया.
ट्रंप ने क्या कहा?
एपी की रिपोर्ट के अनुसार आयरलैंड की यात्रा के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “हम कुछ सीमाएं तय कर सकते हैं, हम यह कर सकते हैं और वह कर सकते हैं. लेकिन मुझे लगता है कि बहुत सारी नकारात्मक ताकतें हैं, जो इन बातों को उठा रही हैं... जिन्हें नहीं उठाना चाहिए. वे ऐसी बातें उठा रहे हैं, जो होंगी ही नहीं. लेकिन जो भी AI की दौड़ जीतेगा, वही जीतेगा.”
रिपब्लिकन राष्ट्रपति ट्रंप ने यह बात आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोडेई के बयान के एक दिन बाद कही. अमोडेई ने कहा था कि AI इंडस्ट्री को अपने तेजी से हो रहे विकास की रफ्तार कुछ कम करनी चाहिए, ताकि AI की सुरक्षा के इंतजामों को भी इसके साथ आगे बढ़ने का समय मिल सके. टेक्नोलॉजी की दुनिया के दूसरे बड़े लोगों, जिनमें एलन मस्क और OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन शामिल हैं, ने भी सार्वजनिक तौर पर अमोडेई की बात का समर्थन किया.
एक पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि क्या AI इंडस्ट्री को अपनी रफ्तार कम करनी चाहिए या इस पर नियम लगाए जाने चाहिए. इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि AI के विकास में अमेरिका, चीन से आगे है. उन्होंने कहा, “और सच कहूं तो मैं चाहता हूं कि हम आगे ही रहें, क्योंकि जो भी AI की दौड़ जीतेगा, वही जीतेगा.”
बता दें कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सितंबर के आखिर में व्हाइट हाउस आने वाले हैं. वह ट्रंप से मुलाकात करेंगे. माना जा रहा है कि AI भी दोनों नेताओं के बीच होने वाली बातचीत के मुद्दों में शामिल होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं