विज्ञापन

ट्रंप के शौक नवाबी हैं! जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में लड़ाएंगे UFC फाइटर, 'खूनी खेल' का स्टेज बनकर तैयार

Donald Trump News: डोनाल्ड ट्रंप के जन्मदिन के मौके पर व्हाइट हाउस में होने जा रहे इस UFC फाइट इवेंट में कम से कम 6 करोड़ डॉलर खर्च होंगे, यहां जानिए इसका खर्चा कौन उठाएगा.

ट्रंप के शौक नवाबी हैं! जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में लड़ाएंगे UFC फाइटर, 'खूनी खेल' का स्टेज बनकर तैयार
Donald Trump News: डोनाल्ड ट्रंप अपने जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में लड़ाएंगे UFC फाइटर

व्हाइट हाउस… अमेरिका का राष्ट्रपति भवन, जहां दुनिया के बड़े-बड़े नेता आए, इतिहास के कई बड़े फैसले हुए. लेकिन अब वहां कुछ ऐसा होने जा रहा है, जिसे देखकर पूरी दुनिया हैरान है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के बड़े लॉन में एक विशाल “केज फाइट” एरीना बनवा दिया है. यहां मंगलवार को बड़े-बड़े क्रेन लोहे के विशाल ढांचे लगाते दिखे. यह सब 14 जून को होने वाले यूएफसी (UFC) इवेंट के लिए किया जा रहा है, जो ट्रंप के 80वें जन्मदिन पर आयोजित होगा. यानी ट्रंप के शौक नवाबी दिख रहे हैं. पहले जैसे राजा अपने जन्मदिन पर पहलवानों को लड़ाते थे और लुत्फ उठाते थे, वैसे ही ट्रंप करने वाले हैं.

इस महीने की शुरुआत में ओवल ऑफिस में हुए एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा था, “हम एक बहुत बड़ी फाइट कराने जा रहे हैं. ऐसा पहले कभी नहीं हुआ, और शायद फिर कभी नहीं होगा.” उस समय उनके साथ इस इवेंट में हिस्सा लेने वाले चार फाइटर्स भी मौजूद थे. ट्रंप ने यूएफसी के मशहूर “ऑक्टागन” की तस्वीर भी दिखाई. यह आठ कोनों वाला फाइटिंग रिंग होता है, जिसके चारों तरफ लोहे की जाली लगी होती है. इसके पीछे व्हाइट हाउस दिखाई दे रहा था और आसपास दर्शकों के बैठने की व्यवस्था थी.

अरबपति रिपब्लिकन नेता ट्रंप का कहना है कि करीब 4,500 लोग सीधे लॉन में बैठकर मैच देख पाएंगे. वहीं व्हाइट हाउस के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जहां करीब 1 लाख लोग फ्री में यह मुकाबला देख सकेंगे.

UFC फाइटिंग के फैन हैं ट्रंप

ट्रंप खुद यूएफसी के बड़े फैन हैं. वह कई फाइट इवेंट्स में जा चुके हैं. इससे युवा पुरुषों के बीच उनकी लोकप्रियता बढ़ी है, जो 2024 के अमेरिकी चुनाव में बेहद अहम वोटर समूह माना जाता है. इस इवेंट का नाम “यूएफसी फ्रीडम 250” रखा गया है. ट्रंप का दावा है कि यह इवेंट अमेरिका के स्थापना के 250वीं सालगिरह के जश्न से जुड़ा है. यह मुकाबला “फ्लैग डे” वाले दिन होगा, जो दरअसल ट्रंप का जन्मदिन भी है.

यूएफसी ने मार्च में घोषणा की थी कि छह मुकाबलों वाले इस इवेंट की मुख्य फाइट में इलिया टोपुरिया और जस्टिन गेथजे आमने-सामने होंगे. यह लाइटवेट चैंपियनशिप मुकाबला होगा. 

खर्चा कौन उठाएगा

हालांकि, इस इवेंट को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं. खासकर इसकी भारी लागत और व्हाइट हाउस जैसे ऐतिहासिक स्थान पर आयोजन को लेकर. यूएफसी की पैरेंट कंपनी ने फरवरी में कहा था कि इस फाइट को आयोजित करने में कम से कम 6 करोड़ डॉलर खर्च होंगे. हालांकि कंपनी को उम्मीद है कि कॉर्पोरेट स्पॉन्सरशिप और दूसरे स्रोतों से करीब आधा पैसा वापस मिल जाएगा. व्हाइट हाउस का कहना है कि पूरा खर्च यूएफसी उठा रही है. व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी एएफपी से कहा, “टैक्स देने वालों का एक भी डॉलर इस्तेमाल नहीं किया जा रहा.”

लेकिन यह बेहद भव्य इवेंट ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेरिका ईरान के साथ युद्ध में उलझा हुआ है. इस वजह से तेल की कीमतें और आम अमेरिकियों के रहने-खाने का खर्च काफी बढ़ गया है.

यह यूएफसी स्टेज ट्रंप द्वारा व्हाइट हाउस में किए गए एक और बड़े बदलाव का हिस्सा भी है. इससे पहले वह मशहूर रोज गार्डन की घास हटवा चुके हैं और एक विशाल 40 करोड़ डॉलर का बॉलरूम बनाने के लिए पूरे ईस्ट विंग को तुड़वा चुके हैं. पिछले कई दशकों में व्हाइट हाउस का साउथ लॉन अमेरिकी इतिहास के कई बड़े पलों का गवाह रहा है.

यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप के नाम से वायरल भैंसे की बकरीद पर कुर्बानी देगा मालिक, फेमस होने पर भी दी प्रतिक्रिया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, UFC Event In White House, US News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com