- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमला दिखाती हुईं AI से बनी कई तस्वीरें ट्रूथ सोशल पर शेयर कीं
- ट्रंप ने ईरान को जल्द शांति समझौते की दिशा में कदम उठाने की चेतावनी दी, कहा- नहीं माना तो कुछ नहीं बचेगा
- 28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर बड़े हमले शुरू होने के बाद से संघर्ष जारी है
US Iran War and Donald Trump: मिडिल ईस्ट में चल रही जंग को लेकर अमेरिका और ईरान आमने-सामने खड़े हैं. दोनों इंतजार कर रहे हैं कि पहले कौन झुकेगा और इस टकराव को खत्म करेगा. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देर रात सोशल मीडिया पर पोस्टों की बाढ़ ला दी. उन्होंने अपने प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर AI से बनी कई तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें ईरानी नावों पर मिसाइल हमले, अंतरिक्ष में जंग और पूरे खाड़ी पर लहराता अमेरिकी झंडा दिखाया गया.
कुछ ही घंटों में ट्रंप ने 20 से ज्यादा तस्वीरें पोस्ट कीं. इनमें ज्यादातर तस्वीरों में ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई बढ़ाने की धमकी जैसा संदेश था. अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा शेयर की गई एक तस्वीर में पूरे मिडिल ईस्ट का नक्शा दिखाया गया था, जिस पर अमेरिकी झंडा लगा था. साथ ही चारों तरफ से ईरान की ओर तीर बने हुए थे.

एक दूसरी तस्वीर में अमेरिकी ड्रोन को ईरानी तेज रफ्तार नौकाओं पर हमला करते दिखाया गया. इसके साथ कैप्शन लिखा था: “बाय बाय, फास्ट बोट्स.” यह तस्वीर भी AI से बनी थी.

ट्रंप ने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें अमेरिका का जंगी जहाज ईरानी विमान को निशाना बनाता दिख रहा था. वीडियो के साथ ही ट्रंप की क्लिप भी लगी थी. पांच सेकंड की इस क्लिप में ट्रंप मेज पर उंगलियां चलाते हुए ऐसे दिख रहे थे, जैसे कंप्यूटर पर टाइप कर रहे हों. इसके बाद वह कहते सुनाई देते हैं, “बा बा बा बा... फायर, बूम.”
उन्होंने एक और AI तस्वीर पोस्ट की, जिसमें “स्पेस फोर्स” टाइटल के नीचे ट्रंप अंतरिक्ष में दिखाई दे रहे थे. उनके आसपास सैटेलाइट्स थे और ऐसा लग रहा था कि वह अंतरिक्ष से मिसाइल हमलों की निगरानी कर रहे हैं. एक दूसरी तस्वीर में ट्रंप एक अंतरिक्ष यान में “किल बटन” दबाते दिख रहे थे. पीछे लगी कई स्क्रीन पर मिसाइल हमले और परमाणु विस्फोट जैसा दृश्य नजर आ रहा था.

ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी
इन पोस्टों के बाद ट्रंप ने ईरान को नई चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि ईरान को जल्दी शांति समझौते की तरफ बढ़ना होगा, वरना “उनका कुछ भी नहीं बचेगा.” ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा है, “ईरान के लिए समय तेजी से निकल रहा है. उन्हें बहुत जल्दी कदम उठाना होगा, नहीं तो उनका कुछ भी नहीं बचेगा. समय बेहद अहम है.”
गौरतलब है कि 28 फरवरी से अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर बड़े हमले शुरू होने के बाद से संघर्ष लगातार जारी है. इस जंग को खत्म करने की कोशिशों में अब तक कोई खास प्रगति नहीं हुई है. इस संघर्ष ने पूरी खाड़ी को हिला दिया है और साथ ही तेल संकट भी पैदा कर दिया है. इस युद्ध की वजह से अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर लगभग नाकेबंदी जैसी स्थिति बन गई है. शांति के समय दुनिया के करीब 25 प्रतिशत तेल निर्यात इसी रास्ते से गुजरते हैं. इस संघर्ष ने पड़ोसी देशों इजरायल और लेबनान को भी एक खतरनाक टकराव में खींच लिया है.
यह भी पढ़ें: 'समझौते पर राजी नहीं हुए, तो कुछ भी नहीं बचेगा...', ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं