विज्ञापन

कत्ल के बाद घर में रात भर रुके, नहाया, खजूर खाए और... बांग्लादेश में हिंदू परिवार की हत्या में बड़ा खुलासा

पुलिस ने बताया कि बाद में संदिग्धों ने चोरी किए गए सोने के गहने घर के पास एक मंदिर के पीछे सुनसान जगह पर छिपा दिए थे. संदिग्धों से मिली जानकारी के आधार पर गहने बरामद किए गए.

कत्ल के बाद घर में रात भर रुके, नहाया, खजूर खाए और... बांग्लादेश में हिंदू परिवार की हत्या में बड़ा खुलासा
इस परिवार को बगैर किसी कारण मार दिया गया.
  • रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले में दो चचेरे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है
  • आरोपियों ने याबा नशीली दवा का सेवन करते हुए परिवार के सदस्यों को गला घोंटकर मार डाला था
  • परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं था और हत्या को लूटपाट का दिखावा करने के लिए घर में तोड़-फोड़ की गई थी

बांग्लादेश में एक हिंदू परिवार की हत्या में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने रंगपुर शहर में एक रिटायर्ड स्कूल टीचर, उनकी पत्नी और उनके दो बच्चों की उनके घर पर हुई हत्याओं में शामिल होने के आरोप में आज दो चचेरे भाइयों को हिरासत में लिया है.आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय सिद्धार्थ दास और 19 वर्षीय मुग्धा दास के तौर पर की गई.

क्यों की गई पूरे परिवार की हत्या

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अब्दुल माबुद ने आज एक ब्रीफिंग में बताया कि ये दोनों गुरुवार रात पड़ोसी इमारत के ज़रिए गणपति चक्रवर्ती के घर की छत पर गए थे और वहां याबा ले रहे थे. याबा  एक अवैध और अत्यधिक खतरनाक सिंथेटिक नशीला ड्रग है. इसे लेने से शरीर में अचानक बहुत अधिक ऊर्जा, सतर्कता और अत्यधिक आनंद का अहसास होता है.

बांग्लादेश में हिंदू परिवार की हत्या करने वाले दोनों संदिग्ध

बांग्लादेश में हिंदू परिवार की हत्या करने वाले दोनों संदिग्ध

आवाज सुनकर 65 वर्षीय गणपति (जो रंगपुर जिला स्कूल के रिटायर्ड टीचर थे) छत पर गए और उन दोनों आदमियों से वहां होने का कारण पूछा. अपनी पहचान जाहिर होने से बचाने के लिए, संदिग्धों ने उन्हें उसी गमछे (पतले सूती तौलिये) से गला घोंटकर मार डाला, जो उन्होंने अपने कंधे पर रखा हुआ था. पुलिस ने बताया कि गणपति ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे शोर-शराबा हुआ. शोर सुनकर उनकी पत्नी, 50 वर्षीय प्रीतिलता चक्रवर्ती, ऊपर गईं. अधिकारी ने बताया कि संदिग्धों ने सीढ़ियों पर ही कपड़े के एक टुकड़े से उनका गला घोंट दिया. पुलिस ने बताया कि इस घटना के दौरान दंपत्ति की बेटी, 23 वर्षीय आगामी चक्रवर्ती प्रार्थि और बेटे, 12 वर्षीय प्रियम चक्रवर्ती की भी हत्या कर दी गई.

शनिवार रात करीब 11:30 बजे रंगपुर शहर के दासपारा (मछुआपारा) इलाके में एक बंद घर से परिवार के चार सदस्यों के शव बरामद किए गए. गणपति का शव छत पर मिला, जबकि प्रीतिलता और आगामी के शव सीढ़ियों से बरामद किए गए। प्रियम का शव घर के अंदर एक बिस्तर के नीचे मिला. कमिश्नर ने बताया कि रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस, क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट और डिटेक्टिव ब्रांच की संयुक्त जांच से दो संदिग्धों की पहचान की गई. पुलिस ने बताया कि परिवार का किसी के साथ कोई ज्ञात विवाद या दुश्मनी नहीं थी.

नमाज के समय घर से निकले

आरोप है कि संदिग्ध गुरुवार रात भर घर के अंदर ही रहे. बताया जाता है कि उन्होंने बाथरूम में नहाया, डाइनिंग टेबल से खजूर खाए और याबा (नशीली दवा) का सेवन किया. पुलिस के मुताबिक, उन्होंने गणपति और प्रीतिलता के मोबाइल फोन से फिंगरप्रिंट मिटाने के लिए उन्हें वॉशिंग पाउडर मिले पानी में भिगो दिया था. बताया जाता है कि संदिग्ध शुक्रवार सुबह तक घर के अंदर ही रहे और शुक्रवार की नमाज के समय जब इलाके में सन्नाटा हुआ, तब वहां से निकल गए. आरोप है कि उन्होंने घर में तोड़-फोड़ की ताकि हत्याओं को लूटपाट का मामला दिखाया जा सके.

पुलिस ने बताया कि बाद में संदिग्धों ने चोरी किए गए सोने के गहने घर के पास एक मंदिर के पीछे सुनसान जगह पर छिपा दिए थे. संदिग्धों से मिली जानकारी के आधार पर गहने बरामद किए गए. हत्याओं का ब्योरा देते हुए भावुक हो गए कमिश्नर माबुद ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद संदिग्धों ने चारों पीड़ितों की हत्या करने की बात कबूल कर ली थी.

यह भी पढ़ें-

जंग के बीच ईरान को खजाना मिल गया, 7.5 ट्रिलियन क्यूबिक फीट से ज्यादा गैस का पता चला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bangladesh, Bangladesh Hindu Family, Murder, Rangpur Family Murder, Rangpur Family Killings
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com