बांग्लादेश एक बार फिर हिंसा की आग में झुलस रहा है. जैसे-जैसे पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बांग्लादेश लौटने की संभावित तारीख नजदीक आ रही है, पड़ोसी देश में हिंसा बढ़ती जा रही है. स्थानीय मीडिया ने शुक्रवार को बताया कि पिछले छह दिनों में बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर हिंसा जारी रही, जिसमें आगजनी, देसी बम विस्फोट, तोड़फोड़, सड़कें जाम करना और झड़पें शामिल थीं. इस दौरान कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. अब तो शुक्रवार के तड़के सुबह सिलहट में, देश के उप विदेश मंत्री हुमायूं कबीर के घर की ओर जाने वाली गली के मुख्य द्वार पर उपद्रवियों ने आग लगा दी.
चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को आग के हवाले कर दिया गया था.
उप विदेश मंत्री के घर के बाहर आगजनी
डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार यह घटना तड़के करीब 3:30 बजे हुई. पुलिस के अनुसार, इस गली में तीन-चार घर हैं, जिनमें हुमायूं कबीर का घर भी शामिल है. तड़के 3:00 बजे से 3:30 बजे के बीच, हमलावरों ने गली के मुख्य गेट के अंदर पॉलीथीन जैसी चीजों में आग लगा दी. शुक्रवार सुबह घटनास्थल का मुआयना करने पर मुख्य गेट की लोहे की ग्रिल पर जलने के निशान मिले, और ज़मीन पर जली हुई पॉलीथीन की राख बिखरी पड़ी थी.
लगातार बढ़ रही हिंसा
14 से 19 नवंबर के बीच कम से कम 12 जिलों में हुई हिंसा के दौरान पुलिस थानों, राजनीतिक नेताओं के घरों, सरकारी दफ्तरों, वाहनों, परिवहन ढांचे, और वित्तीय व शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बनाया गया. बांग्लादेश के दैनिक समाचार पत्र 'द बिजनेस स्टैंडर्ड' की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बीच कई जिलों में अवामी लीग के नेताओं और पार्टी से जुड़े लोगों के घरों पर हमले हुए. इन घरों में तोड़फोड़ की गई, लूटपाट की गई और उन्हें आग के हवाले कर दिया गया. शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को बांग्लादेश में बैन किया जा चुका है.
18 नवंबर को ढाका के उत्तरी इब्राहिमपुर इलाके में 'स्वेच्छासेबक लीग' के अध्यक्ष गाजी मेस्बाउल हुसैन साच्चू के घर पर हमला हुआ. बताया गया है कि 20-25 लोगों के एक समूह ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और गैरेज में खड़ी एक मोटरसाइकिल तथा सोफे में आग लगा दी.
उसी रात करीब 9 बजे, राजधानी के मीरपुर इलाके में 'जुबो लीग' के महासचिव मैनुल हुसैन खान निखिल के घर (मल्लिका हाउसिंग में स्थित) पर हमला किया गया, वहां तोड़फोड़ की गई और घर को आग लगा दी गई. आरोप है कि इन हमलों में सत्ताधारी बीएनपी (BNP) पार्टी के छात्र संगठन 'छात्र दल' के कार्यकर्ता शामिल थे. इसके अलावा, बुधवार को राजशाही जिले के बाघा उपजिला में उपद्रवियों ने पूर्व राज्य मंत्री शहरयार आलम के चार मंजिला घर की चारदीवारी फांदकर अंदर पेट्रोल डाला और उसे आग के हवाले कर दिया.
बारीसाल जिले में पूर्व मंत्री जहांगीर कबीर नानक और रिटायर्ड मेजर जनरल जियाउल अहसान के घरों में भी तोड़फोड़ की गई और उन्हें आग लगा दी गई. अहसान नेशनल टेलीकम्युनिकेशन मॉनिटरिंग सेंटर के पूर्व महानिदेशक थे. साथ ही, पटुआखाली जिले में बुधवार और गुरुवार के बीच हमलावरों ने अवामी लीग के नेताओं और उससे जुड़े संगठनों के नेताओं के कम से कम सात घरों में आग लगा दी. इनमें पूर्व सांसद शाहजहां मिया का घर भी शामिल था.
गुरुवार तड़के सोनागाजी में फेनी-3 के पूर्व सांसद हाजी रहीम उल्लाह के पैतृक घर में लूटपाट की गई और उसे आग लगा दी गई, जबकि कुमिला में पूर्व सांसद एकेएम बहाउद्दीन बहार के घर को भी निशाना बनाया गया. पुलिस मुख्यालय ने गुरुवार को बताया कि 7 और 18 नवंबर के बीच देश में फैली हिंसा के दौरान 74 वाहनों को आग लगा दी गई और 78 जगहों पर देसी बम विस्फोट की घटनाएं सामने आईं.
पुलिस और बैंकों को भी निशाना बना रहे दंगाई
12 दिन के इस दौरान पुलिस के दफ्तरों और गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया. आधिकारिक आंकड़ों में 3 पुलिस ठिकानों पर आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं, जबकि 18 पुलिस गाड़ियां जला दी गईं. इसके अलावा, दो पुलिस ठिकानों पर देसी बम धमाकों की भी खबर आई, और एक धमाके में एक गाड़ी को नुकसान पहुंचा.
बढ़ती हिंसा से देश में वित्तीय संस्थानों का काम भी प्रभावित हुआ है. गुरुवार को बांग्लादेश के ग्रामीण बैंक ने कहा कि 10 नवंबर से अब तक उसकी 72 शाखाओं को आगजनी या आग लगाने की कोशिश का निशाना बनाया गया है, जिससे हजारों सदस्यों की लोन सेवा और आर्थिक मौके प्रभावित हुए हैं.
(इनपुट- IANS)
यह भी पढ़ें | Video: बांग्लादेश में भड़की हिंसा, यूनुस के घर और बैंक जले; PM रहमान बोले-मुंहतोड़ जवाब दो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं