हिंसा और आंदोलनों के दौर के बाद बांग्लादेश के कपड़ा मजदूरों के लिए गुड न्यूज आ गई है. बांग्लादेश में रेडीमेड कपड़ा इंडस्ट्री के मजदूरों के लिए न्यूनतम मासिक वेतन बढ़ाकर 17,000 टका कर दिया गया है. पहले ये 12,500 टका था, यानी अब 36% की बढ़ोतरी हुई है. ये फैसला फैक्ट्री मालिकों और मजदूरों के प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद लिया गया. ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार ये फैसला बुधवार तड़के 12 घंटे लंबी मैराथन बैठक के बाद हुआ. बैठक मंगलवार दोपहर 2 बजे शुरू हुई थी और बुधवार रात करीब 2 बजे खत्म हुई.
बार-बार हो रहे थे विरोध-प्रदर्शन
बांग्लादेश चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा गारमेंट निर्यातक देश है. यह देश अक्टूबर से ही कर्मचारियों के बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों का सामना कर रहा था, जो बेहतर वेतन की मांग कर रहे थे. अब समझौता होने के बाद, कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने लोगों से वापस फैक्ट्रियों में लौटने की अपील की है. कर्मचारियों के प्रतिनिधि बाबुल अख्तर ने पत्रकारों से कहा, "वैसे तो हम पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं, लेकिन नतीजा बहुत बुरा भी नहीं है. पहले, कर्मचारियों के वेतन में हर पांच साल में संशोधन होता था, लेकिन इस बार तीन साल बाद ही वेतन में संशोधन किया गया है."
शुरुआत में कर्मचारियों ने 30,000 टका (भारतीय करेंसी में 22292 रुपए) के न्यूनतम मासिक वेतन की मांग की थी, जबकि अभी उन्हें 12,500 टका मिल रहा है. कर्मचारियों का कहना है कि भोजन, आवास, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत के मुकाबले उनका वेतन बहुत कम है.
अब देश के सरकारी गारमेंट उद्योग वेतन बोर्ड के अध्यक्ष, जज सैयद आज़ाद सुभानी ने बताया कि बुधवार सुबह हुए वोटिंग के बाद, "बहुमत ने 17,000 टका के न्यूनतम वेतन का समर्थन किया."
देश को हो रहा था नुकसान
बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ने रविवार को बताया कि इन विरोध प्रदर्शनों के कारण उद्योग को लगभग 428 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है, जबकि 254 मिलियन डॉलर के ऑर्डर दूसरे देशों में चले गए हैं. यह विरोध प्रदर्शन क्रिसमस के व्यस्त सीजन से ठीक पहले आया.
बांग्लादेस का गारमेंट उद्योग 'फ्रूट ऑफ द लूम' (Fruit of the Loom) और 'लेवी स्ट्रॉस' (Levi Strauss) जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों को सामान सप्लाई करता है. यह सालाना लगभग 38 बिलियन अमेरिकी डॉलर की कमाई करता है. बांग्लादेश की कुल निर्यात कमाई का चार-पांचवां हिस्सा इसी उद्योग से आता है.
यह भी पढ़ें | नेपाल तक ट्रेन यात्रा के लिए क्या पासपोर्ट जरूरी या ID कार्ड से चलेगा काम, जानें कौन से डॉक्यूमेंट रखना जरूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं