पाकिस्तानी 'विराट कोहली' अहमद शहजाद भी वैभव सूर्यवंशी के विस्फोट खेल के दीवाने हो गए हैं. संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ वैभव के महज 53 गेंदों में खेली गई दोहरी शतकीय पारी की उन्होंने जमकर सराहना की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना विचार साझा करते हुए शहजाद ने कहा, 'बहुत लोगों ने हमारी तनकीद (आलोचना) की. क्या हमेशा सूर्यवंशी की बाते करते रहते हैं. वो कर तो कुछ रहा नहीं है. आप हर टाइम सूर्यवंशी... सूर्यवंशी... टैलेंट... टैलेंट करते रहते हैं. लें भाई उसने कर दिया. मैंने बोला था टी20 में 200 करने वाला खिलाड़ी है. बोला था की नहीं, आज देख लें. वो फास्टेस्ट लिस्ट 'ए' में 200 मार गया है. वो फास्टेस्ट लिस्ट 'ए' के अंदर 150 मार गया है. वो फास्टेस्ट लिस्ट 'ए' के अंदर 100 मार गया है. हर जगह वैभव सूर्यवंशी का नाम आ गया है. उसने एक बार फिर से दिखाया है. मार-मार के बेड़ा गर्क कर दिया है. चंद बालों पर उसने डबल सेंचुरी कर दी है. मैच के दौरान वह 28 छक्के मार गया यार. अनरियल है. बस सात चौके लगाए. ये जेनरेशनल टैलेंट है.'
संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने 384.90 की स्ट्राइक रेट से की बल्लेबाजी
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के 12वें मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी बेहद प्रचंड लय में नजर आए. उनकी आक्रामकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुकाबले के दौरान उन्होंने केवल 53 गेंदों का सामना किया. इस बीच देखते ही देखते 384.90 की स्ट्राइक रेट से 204 रन कूट डाले. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से 28 छक्के और सात चौके देखने को मिले.
बासिल हमीद ने वैभव के विस्फोट पर लगाया लगाम
दोहा में वैभव सूर्यवंशी के विस्फोट पर लगाम बासिल हमीद ने लगाया. पारी का 13वां ओवर डालने आए हमीद ने वैभव को आर्यंष शर्मा के हाथों कैच आउट करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया. हालांकि, आउट होने से पूर्व वैभव मैच का रूख पूरी तरह से भारतीय खेमे की तरफ मोड़ चुके थे. वैभव जब आउट हुए. उस दौरान भारतीय टीम का स्कोर 12.5 ओवरों में 3-245 रन था और जीत के लिए केवल पांच रनों की जरूरत थी.
भारत को मिली सात विकेट से जीत
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो दोहा में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए संयुक्त अरब अमीरात की टीम 50 ओवरों में 249/8 रन बनाने में कामयाब हुई थी. विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 250 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 14.2 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल कर लिया. वैभव ने 204 रनों का योगदान दिया, जबकि रिंकू सिंह नाबाद 27 रन बनाने में कामयाब रहे. अभिषेक शर्मा (12) और प्रभसिमरन सिंह (03) का बल्ला खामोश रहा. कुमार कुशाग्र (01) रन बनाकर नाबाद रहे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं