- भारतीय नागरिक नेपाल यात्रा के लिए पासपोर्ट या वोटर आईडी जैसे वैध और ओरिजिनल पहचान पत्र साथ रखें.
- आधार को नेपाल प्रवेश के लिए पर्याप्त दस्तावेज नहीं माना जाता, खासकर हवाई मार्ग से यात्रा करने वाले के लिए.
- फ्लाइट से नेपाल जाने पर सख्त इमिग्रेशन जांच होती है, जहां सिर्फ पासपोर्ट या वोटर आईडी स्वीकार किए जाते हैं.
Nepal Travel Rules for Indians: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्ते सदियों पुराने हैं. अब इन रिश्तों को नई रफ्तार देने के लिए 23 नवंबर 2026 को अयोध्या और जनकपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखा दी गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की ओर से हरी झंडी दिखाकर शुरू की गई इस 604 किलोमीटर लंबी रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं और पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह है.
हफ्ते में एक दिन चलने वाली यह ट्रेन सोमवार को अयोध्या कैंट और शनिवार को जनकपुर धाम से रवाना होगी. रास्ते में यह गोरखपुर, बस्ती, रक्सौल, सीतामढ़ी और मधुबनी जैसे प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगी. हालांकि, सफर की तैयारी करने से पहले यात्रियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि नेपाल बॉर्डर पार करने या वहां घूमने के लिए पासपोर्ट अनिवार्य है या आधार कार्ड से भी काम चल जाएगा?
नेपाल जाने के लिए कौन से डॉक्यूमेंट हैं वैलिड
भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता और खुली सीमा होने की वजह अक्सर लोग यह मान लेते हैं कि वहां जाने के लिए किसी खास कागजी कार्रवाई की जरूरत नहीं होती. यह सोच आपको बॉर्डर पर मुसीबत में डाल सकती है. भारतीय नागरिकों को नेपाल यात्रा के दौरान अपने साथ वैध और ओरिजिनल पहचान पत्र रखना जरूरी है. भारतीय नागरिक कुछ तय शर्तों के साथ बिना पासपोर्ट के भी नेपाल जा सकते हैं, बशर्ते उनके पास भारत सरकार की ओर से जारी वैध फोटो पहचान पत्र हो. यात्रा के लिए भारतीय पासपोर्ट या भारत के निर्वाचन आयोग की ओर से जारी ओरिजिनल वोटर आईडी कार्ड सबसे विश्वसनीय दस्तावेज हैं. अगर किसी के पास ये दोनों नहीं हैं, तो काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जारी आपातकालीन या वैध पहचान प्रमाण पत्र का उपयोग किया जा सकता है.
क्या आधार कार्ड दिखाकर नेपाल में मिल जाएगी एंट्री?
भारत में हर छोटे-बड़े काम के लिए आधार कार्ड सबसे प्रमुख दस्तावेज है, लेकिन नेपाल यात्रा के मामले में यह नियम लागू नहीं होता. सिर्फ आधार कार्ड के भरोसे नेपाल जाने का प्लान बनाना भारी पड़ सकता है. हाल ही में नेपाल प्रशासन की ओर से नियमों में सख्ती बरतते हुए कई भारतीय यात्रियों को सिर्फ आधार कार्ड होने की वजह से एंट्री देने से रोक दिया गया था. खासतौर पर हवाई मार्ग से नेपाल जाने वाले यात्रियों के लिए आधार कार्ड को पर्याप्त ट्रैवल डॉक्यूमेंट नहीं माना जाता है. इसके अलावा, मोबाइल फोन में सेव दस्तावेजों की फोटो, पीडीएफ या स्क्रीनशॉट दिखाने पर भी आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. यात्रा के दौरान हमेशा ओरिजिनल और साफ सुथरा फिजिकल कार्ड ही साथ रखें.
फ्लाइट और सड़क के रास्ते जाने वालों के लिए अलग-अलग नियम
अगर आप फ्लाइट से काठमांडू या नेपाल के किसी दूसरे जा रहे हैं, तो एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन और सुरक्षा जांच बेहद सख्त होती है. यहां आपके पास ओरिजिनल पासपोर्ट या ओरिजिनल वोटर आईडी कार्ड होना ही चाहिए. कटा फटा या धुंधला कार्ड होने पर बोर्डिंग से रोका जा सकता है. ड़क या नई शुरू हुई ट्रेन के जरिए नेपाल जाते समय बॉर्डर पर प्रक्रिया थोड़ी सहज जरूर लग सकती है, लेकिन सुरक्षा जांच के दौरान वैध आईडी मांगी जाती है. 2026 में भारत सरकार ने नेपाल और भूटान जाने वाले यात्रियों के लिए नियमों को और अधिक स्पष्ट करते हुए यह तय किया है कि जमीन या हवाई किसी भी रास्ते से जाने वाले भारतीयों को इमिग्रेशन अधिकारियों के सामने निर्धारित पहचान पत्र दिखाने होंगे.
बच्चों और बुजुर्गों के लिए क्या हैं दिशानिर्देश?
अगर आप परिवार के साथ नेपाल घूमने जा रहे हैं, तो बच्चों के दस्तावेजों का भी खास ख्याल रखें. 18 साल से कम उम्र के बच्चों के पास अगर पासपोर्ट नहीं है, तो उनका स्कूल या कॉलेज की ओर से जारी वेध फोटो आईडी कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र साथ रखना सही रहेगा. वहीं, 65 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक अपनी फोटो और पते वाला कोई भी सरकारी पहचान पत्र जैसे पैन कार्ड, राशन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस ओरिजिनल रूप में साथ रखकर यात्रा कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- जमीन खरीदने से पहले इन 5 चीजों की कर लें जांच, वरना कोर्ट कचहरी के चक्कर लगाते-लगाते हो जाएंगे परेशान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं