विज्ञापन

अल-सैयद का 'हबीबी जेडी वेंस', हिजाब में इल्हान का डांस- अमेरिका चुनाव में इन 7 मुस्लिम नेताओं ने बनाया इतिहास

अमेरिका की जनता ने दिखा दिया है कि यह लोकतंत्र सभी के लिए है, यहां विभाजनकारी राजनीति के लिए जगह नहीं है. इन मुस्लिम उम्मीदवारों ने इलाज, मकान, इमिग्रेशन, नागरिक अधिकार और इजरायल-फिलिस्तीन पर अमेरिका की नीति जैसे मुद्दों पर मिडटर्म चुनाव लड़ा था.

अल-सैयद का 'हबीबी जेडी वेंस', हिजाब में इल्हान का डांस- अमेरिका चुनाव में इन 7 मुस्लिम नेताओं ने बनाया इतिहास
अमेरिकी कांग्रेस में कम से कम सात मुस्लिम उम्मीदवार सीटें जीतने में सफल रहे हैं

अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में कम से कम सात मुस्लिम उम्मीदवार जीतकर संसद में पहुंच गए हैं. इनमें सबसे बड़ा नाम अब्दुल अल-सैयद का भी है, जो अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले मुस्लिम बन गए हैं. सैयद की पहचान और उनके नाम का बार-बार मजाक उड़ाने वाले डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को मिडटर्म चुनावों में करारी हार मिली है. विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने संसद के दोनों सदनों पर कब्जा कर लिया है. अब्दुल अल-सैयद जीत के बाद खुलकर ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को निशाने पर ले रहे हैं तो दूसरी तरफ रिकॉर्ड पांवीं बार हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में पहुंची डेमोक्रेट इल्हान उमर डांस कर रही हैं. यह डांस डोनाल्ड ट्रंप को जवाब है जिन्होंने सिर्फ इल्हान उमर की धार्मिक पहचान की वजह से उन्हें निशाना बनाया.

अब्दुल अल-सैयद

अब्दुल अल-सैयद के रूप में अमेरिका को पहला मुस्लिम सीनेटर मिल गया है. अब्दुल अल-सैयद ने अपनी शानदार जीत के बाद उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि इसमें "बड़ी ही मजेदार विडंबना" है कि जनवरी में वेंस को ही संविधान के हिसाब से उन्हें शपथ दिलानी होगी. मिशिगन सीनेट चुनाव में रिपब्लिकन माइक रोजर्स को हराने के बाद, अपनी जीत के भाषण में अल-सैयद ने जोरदार तालियों के बीच सीधे उपराष्ट्रपति को संबोधित करते हुए कहा, "जेडी, हबीबी, इसमें एक बहुत ही मजेदार विडंबना है कि संवैधानिक रूप से यह आपकी जिम्मेदारी है कि जनवरी में आप मुझे शपथ दिलाएं."

सीनेटर के भाषण में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र आया. अल-सैयद ने कहा, "डोनाल्ड, देखिए, मुझे पता है कि आपको मेरा नाम लेने में दिक्कत होती है. इसलिए, जनवरी में जब जेडी मुझे शपथ दिला देंगे, तो आप मुझे बस 'सीनेटर' कहकर बुला सकते हैं." 

याद रहे कि ट्रंप ने सैयद को आतंकवादी तक कहा है और उनका संबंध 9/11 के हाईजैकर्स के साथ जोड़ा था. 

एडम हमावी

न्यू जर्सी में डेमोक्रिट उम्मीदवार आदम हमावी ने 12वें कांग्रेस जिले में रिपब्लिकन उम्मीदवार ग्रेग मेले को हराया है. वह हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स पहुंचे हैं. वे संसद में इस राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले पहले मुस्लिम बन गए. आदम को 70.2% वोट मिले, जबकि ग्रेग को 28.3% वोट मिले.

हमावी एक प्लास्टिक सर्जन हैं और अमेरिका की सेना में पहले लड़ाई के मैदान में सर्जन रह चुके हैं. उन्होंने 2024 में गाजा के एक अस्पताल में सेवा भी दी थी. उन्होंने सबके लिए मुफ्त इलाज, मेडिकल और स्टूडेंट कर्ज माफ करने, इमिग्रेशन और कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) को खत्म करने, और इजरायल को अमेरिकी सैन्य मदद बंद करने के मुद्दों पर चुनाव लड़ा था.

इल्हान उमर

मिनेसोटा में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार इलहान उमर ने 5वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से रिपब्लिकन जॉन नेगेल और निर्दलीय डेवेल जैक्सन को हराकर पांचवीं बार जीत हासिल की. ​​उमर को 76.5 प्रतिशत वोट मिले, जबकि नेगेल को 16.2 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए. जीत हासिल करने के बाद इल्हान उमर सेलिब्रेशन करते हुए नाचने लगीं. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. उन्होंने मिनियापोलिस के कार्मेल मॉल में अपने पति और समर्थकों के साथ मिलकर यह जीत मनाई.

उन्होंने चुनाव प्रचार में और सांसद के पूर में इन मुख्य मुद्दों पर जोर दिया- इलाज, अमीर-गरीब के बीच की खाई, इमिग्रेशन और लोगों की मदद करना. ट्रंप ने कई बार रैलियों और सोशल मीडिया पोस्ट में सोमाली मूल की इल्हान उमर को देश छोड़ने के लिए कहा. जुलाई 2019 में उनकी एक रैली के दौरान भीड़ ने उनके बयानों के बाद "उसे वापस भेजो" के नारे लगाए थे.

डारियालिजा अविला शेवेलियर

न्यूयॉर्क के 13वें कांग्रेस जिले से डेमोक्रेट डारियालिजा एविला शेवेलियर जीती हैं. उन्होंने रिपब्लिकन जोमो विलियम्स को हराया है. उन्हें 87.5% वोट मिले, जबकि विलियम्स को 11.4% वोट मिले. शेवेलियर एक सिविल राइट्स इंवेस्टिगेटर हैं और पीएचडी की छात्रा हैं. उन्होंने इस्लाम कबूल किया है. उन्होंने अपने समुदाय को जोड़ने और फिलिस्तीनियों के अधिकारों के मुद्दे पर चुनाव लड़ा था.

रशीदा तलीब

मिशिगन से डेमोक्रेट रशीदा तलीब ने 12वें कांग्रेस जिले से पांचवीं बार जीत हासिल की. उन्होंने रिपब्लिकन जेम्स हूपर को हराया. फिलिस्तीनी मूल की अमेरिकी सांसद तलीब ने फिलिस्तीनियों के अपने हक, आम लोगों की सुरक्षा और इजरायल को अमेरिकी हथियार भेजने पर ज्यादा निगरानी रखने की बात कही है.

आंद्रे कार्सन

इंडियाना में डेमोक्रेट आंद्रे कार्सन ने 7वें कांग्रेस जिले की सीट बचा ली. उन्होंने रिपब्लिकन पैट्रिक मैकॉले को हराया. कार्सन हाउस में सबसे लंबे समय से मुस्लिम सांसद हैं. उन्होंने बराबरी, लोगों की मदद और देशों के बीच सहयोग पर काम किया है.

लतीफा साइमन

कैलिफोर्निया से डेमोक्रेट लतीफा साइमन ने 12वें कांग्रेस जिले से फिर से जीत हासिल की. उन्होंने अपनी ही पार्टी की जेमी जॉयस को हराया. पहले सिविल राइट्स कार्यकर्ता रही साइमन ने सस्ते मकान, इलाज, इमिग्रेंट्स के अधिकार और जलवायु न्याय की बात कही है. उन्होंने इजरायल को हमले वाले अमेरिकी हथियार भेजने का विरोध किया है.

आयशा वहाब

कैलिफोर्निया की राज्य सीनेटर आयशा वहाब 14वें कांग्रेस जिले में आगे चल रही हैं. उन्होंने अपनी जीत का दावा कर दिया है. हालांकि अभी फाइनल रिजल्ट नहीं आया है. उनका मुकाबला अपनी ही पार्टी की मेलिसा हर्नांडेज से था. अफगान मूल की अमेरिकी नेता वहाब ने इलाज, सस्ते मकान और कामकाजी परिवारों की परेशानियों पर ध्यान दिया है.

एबर कावास

संसद से बाहर भी, फिलिस्तीनी मूल की अमेरिकी डेमोक्रेट एबर कावास ने इतिहास रच दिया. उन्होंने न्यूयॉर्क स्टेट सीनेट की 12वीं सीट जीत ली. वे न्यूयॉर्क स्टेट विधानसभा में चुनी जाने वाली पहली फिलिस्तीनी-अमेरिकी और पहली मुस्लिम महिला बन गईं.

यह भी पढ़ें | कौन हैं अमेरिकी चुनाव में इतिहास रचने वाले अब्दुल सैयद, मिशिगन से बने अमेरिका के पहले मुस्लिम सीनेटर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Midterm Elections 2026, US Midterm Elections 2026 Results, US Midterm Elections News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com