विज्ञापन
This Article is From Mar 18, 2016

टी20 वर्ल्ड कप : न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को आठ रन से हराया

टी20 वर्ल्ड कप : न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को आठ रन से हराया
धर्मशाला: शानदार फॉर्म में चल रही न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को धर्मशाला में खेले गए टी20 विश्वकप के सुपर-10 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को आठ रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

न्यूजीलैंड के आठ विकेट पर 142 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 134 रन ही बना पायी। इस तरह से न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 8 रनों से शिकस्त दी। न्यूजीलैंड ने पहले मैच में भारत को हराया था।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से ओपनर उस्मान ख्वाजा ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। उनके अलावा मिशेल मार्श ने 24 और ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से मैक्लीनगन ने तीन, मिशेल सेंटेनर और कोरे एंडरसन ने 2-2 व सोढ़ी ने 1 विकेट हासिल किया।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए थे।

न्यूजीलैंड को मार्टिन गुपटिल (39) और कप्तान केन विलियमसन (24) ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 61 रन जोड़े। जेम्स फॉल्कनर ने गुपटिल को पवेलियन भेज टीम को पहली सफलता दिलाई। गुपटिल कीवी टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

इसके बाद कीवी टीम इस शानदार शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाई और उसके विकेट गिरते रहे, जिससे टीम की बड़े स्कोर की उम्मीदें धराशायी हो गई। गुपटिल के बाद विलियमसन भी 66 के कुल स्कोर पर ग्लेन मैक्सवेल का शिकार बन पेवलियन लौट गए। कोरी एंडरसन (3) भी ज्यादा देर मैदान पर टिक नहीं सके और पवेलियन लौट गए।

कोलिन मुनरो (23) अच्छा खेल रहे थे, लेकिन उनकी पारी पर मिशेल मार्श ने ब्रेक लगाया। अंत में ग्रांट इलियट (27) ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से फॉल्कनर और मैक्सवेल को दो-दो विकेट मिले। शेन वाटसन और मार्श को एक-एक विकेट मिला। दो बल्लेबाज रन आउट हुए।

न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ खेली अपनी टीम में एक बदलाव किया और स्पिनर नाथन मैकुलम के स्थान पर मिच मैक्लीनगन को टीम में स्थान दिया।

टीमें इस प्रकार हैं : न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन :कप्तान:, मार्टिन गुप्टिल, हेनरी निकोलस, ल्यूक, रास टेलर, कोलिन मुनरो, मिशेल सैंटर, ग्रांट इलियट, मिशेल मैकलेनाघन, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट, एडम मिल्ने, ईश सोढी, कोरी एंडरसन।

आस्ट्रेलिया : स्टीवन स्मिथ :कप्तान:, डेविड वार्नर, एशटन एगर, नाथन कोल्टर-नील, जेम्स फाकनर, आरोन फिंच, जान हेस्टिंग्स, जोश हेजलवुड, उस्मान ख्वाजा, मिशेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, पीटर नेविल, एंड्रयू टाई, शेन वाटसन, एडम जाम्पा।

- साथ में भाषा इनपुट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com