- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार तक संघर्ष विराम पर बातचीत की संभावना जताई है.
- ट्रंप के बयान के बाद युद्ध विराम को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं लेकिन अभी सहमति नहीं बनी है.
- ईरान ने संघर्ष विराम पर फिलहाल सहमति देने से साफ इनकार कर दिया है.
ईरान सीजफायर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ईरान युद्ध सीजफायर
सीजफायर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि शुक्रवार तक इस मुद्दे पर बातचीत संभव है, हालांकि ईरान ने इस पर फिलहाल असहमति जता दी है. ट्रंप के बयान के बाद उम्मीदें जरूर बढ़ीं, लेकिन ईरान की ओर से आए जवाब ने साफ कर दिया है कि अभी संघर्ष विराम पर सहमति बनना आसान नहीं दिख रहा.
अगले दौर की बातचीत की तारीख को लेकर अब तक कोई स्पष्टता नहीं है. प्रस्तावित वार्ता की तैयारियों के तहत पाकिस्तान ने 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती समेत व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे.
इधर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यस्थ देश पाकिस्तान के अनुरोध पर ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है. ट्रंप ने कहा कि यह कदम तेहरान के आंतरिक मतभेदों से जूझ रहे नेतृत्व को सात सप्ताह से जारी युद्ध समाप्त करने के लिए एक प्रस्ताव तैयार करने का समय देने के उद्देश्य से उठाया गया है.
वहीं, ईरान के सरकारी समाचार चैनल की खबर के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि हमने अच्छी नीयत और गंभीरता के साथ बातचीत शुरू की थी, लेकिन वार्ताकार पक्ष (अमेरिका) ने अवहेलना और सद्भावना की कमी दिखाई है.
उपराष्ट्रपति वेंस और अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर को मंगलवार को इस्लामाबाद रवाना होना था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल की ‘‘पाकिस्तान यात्रा मंगलवार को नहीं होगी.''
इससे पहले इस्लामाबाद में 11 और 12 अप्रैल को हुई अमेरिका-ईरान वार्ता का पहला दौर किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सका, जिसके बाद मेजबान पाकिस्तान ने तनाव कम करने तथा एक और दौर की बातचीत की उम्मीद फिर से जगाने के लिए तेज कूटनीतिक प्रयास शुरू किए.
ये भी पढ़ें : दिल्ली में IRS की बेटी के हत्यारे को पुलिस ने किया गिरफ्तार, CCTV फुटेज में खुलेआम घूमता आया था नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं