- टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप में पहली बार तीन बार और लगातार दो बार खिताब जीतने का इतिहास रचा
- अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया
- गूगल ट्रेंड्स के अनुसार टी-20 वर्ल्ड कप 2026 कीवर्ड की सर्चिंग भारत और न्यूजीलैंड दोनों में बहुत बढ़ी
टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया. पहली टीम बन गई, जिसने तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता. इतना ही नहीं, लगातार दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भी पहली टीम बन गई. रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 255 रन बनाए. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में ही 159 रन पर सिमट गई.
गूगल पर भी टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर जबरदस्त सर्चिंग हुई. गूगल ट्रेंड्स का डेटा बताता है कि 't20 World Cup 2026' कीवर्ड्स की सर्चिंग 1,400% से ज्यादा बढ़ी. अकेले 'india national cricket team vs new Zealand national cricket team' को 50 लाख से ज्यादा बार सर्च किया गया.
चूंकि, फाइनल मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच था, इसलिए हमने गूगल ट्रेंड्स पर इन दोनों देशों में 't20 World Cup 2026' को लेकर क्या-क्या सर्च हुआ? इसकी तुलना की.
भारत में क्या-क्या सर्च हुआ?
गूगल ट्रेंड्स के डेटा से पता चलता है कि भारत में 't20 World Cup 2026' के बारे में शाम से सर्चिंग बढ़नी शुरू हो गई थी. रात को 10:50 बजे इसकी सर्चिंग पीक पर थी.
ये भी पता चलता है कि मैच खत्म होने के बाद लोगों ने कार किसे मिली? मैन ऑफ द मैच कौन रहा? मैन ऑफ द सीरीज कौन रहा? इसे लेकर काफी सर्च किया. भारत में सबसे ज्यादा 'who won the car in t20 world cup 2026' कीवर्ड की सर्चिंग सबसे ज्यादा रही. गूगल ट्रेंड्स के मुताबिक, इसकी सर्च 'Breakout' की कैटेगरी में पहुंच गई, यानी अचानक इसकी सर्चिंग में जबरदस्त उछाल आया. गूगल पर जब किसी कीवर्ड्स की सर्चिंग में 5,000% से ज्यादा का उछाल आता है तो उसे 'Breakout' कैटेगरी में रखा जाता है.

इसके अलावा 't20 world cup 2026 final man of the match', 't20 world cup 2026 man of the match' और 't20 world cup man of the series' जैसे कीवर्ड्स की भी खूब सर्चिंग हुई. टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में मैन ऑफ द मैच जसप्रीत बुमराह और मैन ऑफ द सीरीज संजू सैमसन रहे. संजू सैमसन को ही कार भी मिली.
न्यूजीलैंड में क्या सर्च हुआ?
न्यूजीलैंड में भी गूगल पर शाम से सर्चिंग बढ़नी शुरू हो गई थी. भारतीय समयानुसार रात 8:42 बजे इसकी सर्चिंग पीक पर थी. रात को 10:34 बजे के बाद से इसकी सर्चिंग घटने लगी.
गूगल ट्रेंड्स के मुताबिक, न्यूजीलैंड में सबसे ज्यादा 't20 world cup prize money 2026' को सर्च किया गया. दूसरे नंबर पर 'Sanju Samson' रहे. इनकी सर्चिंग को भी गूगल ने 'Breakout' की कैटेगरी में रखा है, जो दिखाता है कि न्यूजीलैंड में गूगल पर इन्हें कितना सर्च किया गया.

इसके अलावा, गूगल पर 'who won t20 world cup 2026' और 't20 world cup 2026 winner' जैसे कीवर्ड्स की भी खूब सर्चिंग हुई, जो दिखाता है कि न्यूजीलैंड वालों ने शायद बैठकर लाइव मैच भी नहीं देखा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं