विज्ञापन

भ्रष्टाचार की सीमा कर दी पार; मंत्री रेखा आर्य पर पति गिरधारी लाल साहू का वीडियो वार, CM से भी लगाई गुहार

देहरादून कैंट थाने में दर्ज मुकदमे के बाद मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू आमने-सामने आ गए हैं. गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर मंत्री पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए, जबकि मंत्री पहले ही मारपीट, उत्पीड़न और धमकी देने के आरोपों में शिकायत दर्ज करा चुकी हैं.

भ्रष्टाचार की सीमा कर दी पार; मंत्री रेखा आर्य पर पति गिरधारी लाल साहू का वीडियो वार, CM से भी लगाई गुहार
रेखा आर्या के खिलाफ पति का मोर्चा, वीडियो में लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
अल्टर्ड बाय NDTV
  • उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या पर पति का वीडियो वार, बोले- 'भ्रष्टाचार की सीमा पार कर दी'
  • देहरादून में दर्ज मुकदमे के बाद गिरधारी लाल साहू का जवाब
  • परिवारिक विवाद से राजनीतिक बहस तक पहुंचा मामला
देहरादून:

उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के बीच विवाद अब खुलकर सामने आ गया है. मंत्री द्वारा देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराने के बाद गिरधारी लाल साहू ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पलटवार किया है. उन्होंने मंत्री द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह झूठा बताते हुए भ्रष्टाचार और राजनीतिक शक्ति के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं.

मंत्री रेखा आर्या ने दर्ज कराया है मुकदमा

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं. शिकायत में एक ऑडियो क्लिप का भी उल्लेख किया गया है, जिसके आधार पर हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं. मामला दर्ज होने के बाद यह विवाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है.

सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर किया पलटवार

मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरधारी लाल साहू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर मंत्री रेखा आर्या के आरोपों का जवाब दिया. वीडियो में उन्होंने सबसे पहले उस ऑडियो को लेकर सवाल उठाया, जिसका जिक्र शिकायत में किया गया है. साहू ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर जारी किया गया ऑडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से तैयार किया गया है और इसका उद्देश्य परिवार को तोड़ना है. उन्होंने कहा कि यह ऑडियो वास्तविक नहीं है और इसे जानबूझकर तैयार कराया गया है.

भ्रष्टाचार के लगाए गंभीर आरोप

वीडियो में गिरधारी लाल साहू ने रेखा आर्या पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी कथित भ्रष्टाचार के पैसे का उपयोग नहीं किया और हमेशा भ्रष्टाचार का विरोध किया. साहू ने कहा, 'साहू जी ने तुम्हारे भ्रष्टाचार के पैसे कभी नहीं लिए. हमेशा यही कहा कि भ्रष्टाचार मत करो. तुम्हारा नाम पूरा भ्रष्टाचारियों में है.' उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने जो भी संपत्ति अर्जित की है, वह भ्रष्टाचार से अर्जित की गई है. साहू ने दावा किया कि उनके पास मंत्री की कथित अवैध संपत्तियों से जुड़ी जानकारी है और समय आने पर वह उसका खुलासा करेंगे.

'मैंने तुम्हें कहां से कहां पहुंचाया'

वीडियो में गिरधारी लाल साहू ने निजी जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि रेखा आर्या आज जिस राजनीतिक मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने में उनका भी योगदान रहा है. उन्होंने कहा, 'जीवन में चढ़ाव-उतार आते हैं. हो सकता है आज तुम ताकत में हो. तुम वो दिन भूल गई कि मैंने तुम्हें कहां से, एक सड़क पर खड़ी हुई महिला को मैंने कहां से कहां पहुंचा दिया. पूरा उत्तराखंड जानता है कि शादी के समय तुम दो सलवार-कुर्तों में आई थीं और आज कहां पहुंच गई हो.'

शिकायत वापस लेने की अपील

गिरधारी लाल साहू ने मंत्री से दर्ज कराई गई शिकायत और बयान वापस लेने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे और निराधार हैं. उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो इसकी शपथ लेकर पुष्टि की जाए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी रेखा आर्या को गाली नहीं दी, उनका उत्पीड़न नहीं किया और न ही उनके कथित भ्रष्टाचार के पैसे का उपयोग किया.

मुख्यमंत्री से भी लगाई गुहार

वीडियो में साहू ने मुख्यमंत्री से भी हस्तक्षेप की मांग की. उन्होंने कहा कि पत्रकार बंधुओं और मेरे मुख्यमंत्री जी, मेरे मित्र भी हैं, मेरे भाई भी हैं, मैं आपसे अपील करना चाहूंगा कि आप न्याय करें और आपको अगर ध्यान हो, माननीय मुख्यमंत्री जी, तो मैंने भ्रष्टाचार की शिकायत आपसे भी इनकी की थी.

यह भी पढ़ें : 'पति के दूसरी महिलाओं से संबंध, विरोध किया तो मारपीट की', उत्तराखंड की मंत्री ने रोते हुए FB पर डाला वीडियो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rekha Arya, Girdhari Lal Sahu, Uttarakhand News, Corruption Allegation, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com