उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी की सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने फेसबुक पेज पर वीडियो डाला है. इसमें रेखा आर्या रोते हुए अपनी बात कह रही हैं. इस वीडियो में उन्होंने अपने साथ घरेलू हिंसा होने का आरोप लगाया है. इसे लेकर उन्होंने अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है.
रेखा आर्या ने अपने फेसबुक पेज पर न सिर्फ अपना वीडियो डाला है, बल्कि अपने पति गिरधारी लाल साहू की फोटो समेत दो ऑडियो भी पोस्ट किए हैं.
रेखा आर्या ने क्या कहा?
अपने वीडियो में रोते हुए रेखा आर्या ने कहा, 'आज मैं एक ऑडियो लेकर आई हूं. इस ऑडियो ने मुझे झकझोर दिया है. मेरे वैवाहिक जीवन पर प्रश्न लगा दिया है. ईमानदारी के साथ रहने के बदले ऐसा परिणाम मिलता है क्या? इस ऑडियो को सुनकर आज मुझे हृदयाघात की पीड़ा के साथ ये निर्णय लेना पड़ा, पुलिस में तहरीर देनी पड़ी, अपने बच्चों की रक्षा-सुरक्षा के लिए.'
वह आगे कहती हैं, 'ये वीडियो भी मैं इसलिए बना रही हूं, क्योंकि महिला आम हो या खास... घरेलू अत्याचार न सहना है, बल्कि उसे कहना है. बाकी आप ऑडियो सुने तो खुद ब खुद सारे प्रश्नों का उत्तर मिलेगा.'
उन्होंने कहा, 'मैं संविधान को साक्षी मानते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती आई हूं, करती हूं और करती रहूंगी. मुझे अपने देव ने यहां तक पहुंचाया है. मुझे पूरा भरोसा है, इस क्षण में भी वह मेरे साथ होंगे. मैं इस पीड़ा में भी हूं, पर अपने कर्तव्य को नहीं भूली.'
शिकायत में लगाए ये आरोप
रेखा आर्या ने पुलिस में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराई है.
इस शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पति गिरधारी लाल साहू पहले से शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे लेकिन शादी के समय ये बात छिपाई गई. और जब तक उन्हें सच्चाई पता चली तब तक उनके भी बच्चे हो चुके थे, इसलिए वह चुप रहीं.

उन्होंने आरोप लगाया है कि गिरधारी लाल साहू के दूसरी महिलाओं के साथ भी अवैध संबंध हैं. इन संबंधों का विरोध करने पर उनके पति ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी.
शिकायत में कहा गया है कि हाल ही में एक ऑडियो मिला है, जिसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बात करते हुए उन्हें जान से मारने की साजिश रच रहे हैं. उन्हें अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की जान का खतरा है.
तबीयत खराब, अस्पताल में हुईं भर्ती
रेखा आर्या की तबीयत खराब हो गई है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की एक टीम उनको एग्जामिन कर रही है.
डॉ. सिद्धांत खन्ना ने बताया कि जब मंत्री रेखा आर्या अस्पताल आई थीं, तब उनका ब्लड प्रेशर बहुत हाई था और उनके चेस्ट में लेफ्ट साइड दर्द हो रहा था.
उन्होंने बताया कि अब उनकी कंडीशन स्टेबल है, लेकिन उनको मॉनिटर किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि उनके साथ हार्ट स्पेशलिस्ट भी उनकी जांच कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं