हरिद्वार में सोमवती अमावस्या के मौके पर श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ा है कि शहर की रफ्तार थम सी गई है. वीकेंड और स्नान पर्व एक साथ पड़ने से हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए हैं. शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है और कई जगह जाम जैसे हालात बन गए हैं. अगर आप भी हरिद्वार जाने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है.
सोमवती अमावस्या पर बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सोमवार को सोमवती अमावस्या का स्नान होना है, जिसके चलते देशभर से श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं. हर साल की तरह इस बार भी स्नान के लिए भारी संख्या में लोग आ रहे हैं, लेकिन इस बार वीकेंड होने से भीड़ और ज्यादा बढ़ गई है. धार्मिक आस्था के चलते लोग किसी भी हाल में गंगा स्नान करना चाहते हैं.
चारधाम यात्रियों से बढ़ा दबाव
इन दिनों चारधाम यात्रा भी जारी है, और बड़ी संख्या में यात्री हरिद्वार से होकर गुजर रहे हैं. ऐसे में शहर में वाहनों की संख्या अचानक बढ़ गई है. श्रद्धालु अपनी निजी गाड़ियों से उत्तराखंड के अलग-अलग तीर्थ स्थलों की ओर जा रहे हैं, जिससे हरिद्वार के सभी प्रमुख हाईवे पर भारी ट्रैफिक देखने को मिल रहा है.
सड़कों पर बढ़ी भीड़, जाम जैसे हालात
लगातार बढ़ते वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था पर दबाव साफ दिखाई दे रहा है. मुख्य मार्गों पर गाड़ियों की लंबी लाइनें लगी हैं और ट्रैफिक बेहद धीमी गति से रेंग रहा है. हालांकि अभी पूरी तरह जाम नहीं लगा है, लेकिन हालात कभी भी गंभीर हो सकते हैं.
श्रद्धालुओं की गाड़ियों के पहुंचने से शहर की अधिकतर पार्किंग पूरी तरह भर चुकी हैं. सड़क किनारे भी वाहन खड़े नजर आ रहे हैं. कई जगहों पर चलने के लिए भी जगह कम पड़ रही है, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों दोनों को परेशानी हो रही है.
ट्रैफिक कंट्रोल में जुटी पुलिस
ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए पुलिस और ट्रैफिक पुलिस लगातार सड़कों पर मौजूद है. अधिकारी खुद मौके पर निगरानी कर रहे हैं और जहां भी समस्या हो रही है, तुरंत कार्रवाई की जा रही है. भीड़ को संभालना और ट्रैफिक को नियंत्रित रखना इस समय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. अगर इसी तरह वाहनों की संख्या बढ़ती रही, तो पुलिस को डायवर्जन प्लान लागू करना पड़ सकता है. हालांकि इससे ट्रैफिक को संभालने में मदद मिलेगी, लेकिन यात्रियों की परेशानी भी बढ़ सकती है.
पुलिस ने विशेष तैयारी की है- SSP
हरिद्वार के SSP नवनीत सिंह धुल्लर के मुताबिक, सोमवती अमावस्या के स्नान को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और बड़े वाहन शहर में आ रहे हैं. पुलिस ने इसके लिए विशेष तैयारी की है और सभी जरूरी स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. उनका कहना है कि ट्रैफिक भले ही धीमा चल रहा हो, लेकिन हालात को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं