विज्ञापन

देहरादून: स्कूल में छात्राओं ने टीचर पर लगाए छेड़छाड़ के आरोप, प्रिंसिपल बोली- "बताओ तुमको सर कैसे छूते हैं"

इस मामले में छात्राओं का दावा है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई. मामले के सामने आने के बाद स्कूल में हंगामा हुआ और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

देहरादून: स्कूल में छात्राओं ने टीचर पर लगाए छेड़छाड़ के आरोप, प्रिंसिपल बोली- "बताओ तुमको सर कैसे छूते हैं"
उत्तराखंड में एक निजी स्कूल में छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई है.

देहरादून के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्राओं द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद विवाद खड़ा हो गया है. छात्राओं ने स्कूल के फिजिक्स शिक्षक पर गलत तरीके से छूने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. मामले के सामने आने के बाद शुक्रवार को स्कूल परिसर में हंगामा हो गया और बड़ी संख्या में परिजन स्कूल पहुंच गए.

परिजनों का दावा है कि शिक्षक के खिलाफ 15 छात्राओं ने स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल को लिखित शिकायत दी थी. आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. इसके बाद छात्राओं ने अपने परिवार के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी.

प्रिंसिपल के रवैये पर भी सवाल

छात्रा के अनुसार जब उसने शिकायत की तो प्रिंसिपल ने उससे कहा, "बताओ तुमको सर कैसे छूते हैं" और पूछा, "क्या तुमको घर पर पापा नहीं छूते क्या, इस तरह?" छात्रा का आरोप है कि उसे यह भी कहा गया कि "तुम्हारे चेहरे पर लिखा हुआ है कि तुम झूठ बोल रही हो" और "तुम्हारे साथ इस तरह की कोई घटना नहीं हुई." छात्रा ने बताया कि यह घटना केवल उसके साथ नहीं हुई बल्कि कई अन्य छात्राएं भी इसी तरह की घटनाओं का सामना कर चुकी हैं. उसका कहना है कि यह पहली बार नहीं है.

शिकायत दिखाने में आनाकानी का आरोप

परिजनों का आरोप है कि छात्राओं की शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया. उनका कहना है कि जब वे शिकायत को लेकर स्कूल पहुंचे तो प्रिंसिपल वहां से उठकर जाने लगीं और छात्रा द्वारा दी गई शिकायत दिखाने में भी आनाकानी की गई.

पुलिस ने शुरू की जांच

देहरादून के एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने कहा कि मामला पुलिस के संज्ञान में आ चुका है और इसकी जांच कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि एक वरिष्ठ अधिकारी और एक महिला अधिकारी इस मामले की जांच करेंगी. पुलिस स्कूल प्रशासन और संबंधित पक्षों के बयान भी दर्ज करेगी.

एसएसपी ने कहा कि यदि जांच में आरोपों की गंभीरता और सत्यता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है.

यह भी पढ़ें- जितने में आ जाए नई Mercedes कार, उतना बना रिपेयर खर्च; बेंगलुरु के इंजीनियर ने शेयर किया बिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dehradun, Dehradun School News, Teacher Misconduct Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com