विज्ञापन

पैसे नहीं दिए तो ले ली जान! बकाया मजदूरी न मिलने पर नौकर ने की बुजुर्ग महिला की हत्या, सोने का कंगन लेकर फरार

देहरादून में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनके पुराने नौकर को गिरफ्तार किया है. आरोपी घटना के बाद सोने का कंगन लेकर फरार हो गया था.

पैसे नहीं दिए तो ले ली जान! बकाया मजदूरी न मिलने पर नौकर ने की बुजुर्ग महिला की हत्या, सोने का कंगन लेकर फरार
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को 12 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है.

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां बकाया मजदूरी मांगने पहुंचे एक व्यक्ति ने 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी महिला के हाथ से सोने का कंगन लेकर फरार हो गया. हालांकि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया.

पति ने दी पुलिस को सूचना

पुलिस के अनुसार 112 कंट्रोल रूम पर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनकी पत्नी घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं. सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घर में 72 वर्षीय रेखा बंसल बेसुध हालत में मिलीं. मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घटना के बाद पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए. घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि मामले की हर कड़ी को जोड़ा जा सके.

जांच के लिए बनाई गईं कई टीमें

हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं. टीमों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की पहचान शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को विनीत कुमार नाम के व्यक्ति पर शक हुआ. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से बुजुर्ग महिला का सोने का कंगन, वारदात में इस्तेमाल किया गया धातु का कड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया.

15 साल पुरानी पहचान बनी हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपी विनीत कुमार ने बताया कि वह उत्तरकाशी का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से देहरादून में रह रहा है. वह एक सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता था. साथ ही दिनेश बंसल की "अनुज प्रकाशन" नाम की बुक शॉप में हेल्पर का काम भी कर चुका था. इसी दौरान उसकी पहचान बंसल परिवार से हुई थी और वह उन्हें करीब 15 वर्षों से जानता था.

आरोपी का कहना है कि उसके वेतन के कुछ पैसे लंबे समय से बकाया थे. कई बार मांगने के बावजूद उसे भुगतान नहीं मिला. घटना वाले दिन वह बकाया पैसा मांगने के लिए घर पहुंचा, जहां रेखा बंसल अकेली थीं.

गुस्से में किया हमला, फिर दबा दिया मुंह

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जब उसने अपने मजदूरी के पैसे मांगे तो रेखा बंसल ने पैसे देने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. गुस्से में आकर उसने हाथ में पहने धातु के कड़े से महिला के चेहरे पर वार कर दिया. हमले में घायल होकर महिला बिस्तर पर गिर गईं और शोर मचाने लगीं. पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह और नाक दबा दिया. कुछ देर बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो चुकी है तो उसने उनके हाथ से सोने का कंगन निकाल लिया और वहां से भाग गया.

कपड़े बदलकर छिपने की कोशिश

वारदात के बाद आरोपी अपने गेस्ट हाउस पहुंचा और पुलिस से बचने के लिए कपड़े बदल लिए. हालांकि तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की सतर्कता के कारण वह ज्यादा देर तक फरार नहीं रह सका. पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 309(4) और 117(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल उससे मामले के अन्य पहलुओं को लेकर भी पूछताछ की जा रही है.

यह भी पढ़ें- दो मिनट पुलिस ना आती तो... स्वतंत्र भारद्वाज को पकड़े जाने के बीच निशु आजाद और उसके पिता का आया पुराना वीडियो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dehradun News, Dehradun Murder, Uttarakhand News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com