गाजियाबाद में घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) 174वीं बोर्ड बैठक में कई प्रस्ताव पास हुए हैं. जिसमें सबसे अहम 'हरनंदीपुरम' ग्रीन टाउनशिप के पहले चरण के लेआउट प्लान को मंजूरी मिल गई है. करीब 20 साल बाद इस फैसले पर मुहर लगी है. ऐसे में यह दिल्ली-एनसीआर के रियल एस्टेट और शहरी विकास के लिहाज से अहम फैसला माना जा रहा है. गाजियबाद में घर बनाने का सपना देखने को वालों के लिए यह खुशखबरी जैसा है. बताया जा रहा है कि इसे इसी साल दिवाली के मौके पर आधिकारिक तौर पर आम जनता के लिए लॉन्च किया जाएगा.
गाजियाबाद में बनेगा 'हरनंदीपुरम' टाउनशिप
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की तरफ से मंजूर किए गए पहले चरण के लेआउट के अनुसार, इस टाउनशिप में पर्यावरण और आधुनिकता देखने को मिलेगा. इस योजना का कुल क्षेत्रफल का लगभग 35 प्रतिशथ हिस्सा आवासीय उपयोग के लिए होगा, वहीं, पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए 27 प्रतिशत हिस्से को पूरी तरह से ग्रीन बेल्ट, पार्कों और खुले स्थानों के लिए आरक्षित रखा गया है. वहीं 25 प्रतिशत हिस्सा पब्लिक व सेमी-पब्लिक उपयोग और पांच प्रतिशत भाग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए तय किया गया है.
गाजियाबाद के 8 गांव होंगे कवर
- भोवापुर
- शाहपुर निज मोरटा
- मोरटा
- मथुरापुर
- शमशेर
- चंपत नगर
- भनेड़ा खुर्द
- नगला फिरोज मोहनपुर
500 वर्ग फुट तक के प्लाट
गाजियाबाद में बनने वाले इस टाउनशिप के पहले चरण में 120 वर्ग मीटर से लेकर 500 वर्ग मीटर के आकार के करीब दो हजार आवासीय प्लॉट्स बनेंगे. साथ ही ग्रुप हाउसिंग सोसाइटीज और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बहुमंजिला भवनों का निर्माण होगा. टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, गोल्फ कोर्स, आधुनिक फूड कोर्ट, अत्याधुनिक अंडरग्राउंड सीवरेज-ड्रेनेज नेटवर्क और ई-बस कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं दी जाएंगी, जो इसे एक प्रीमियम लिविंग स्पेस बनाएंगी. जीडीए ने पहले चरण के लिए भोवापुर और शाहपुर निज मोरटा गांव में लगभग 47.16 हेक्टेयर भूमि को सिलेक्ट किया है.
दिल्ली एनसीआर से कनेक्टिविटी
गाजियाबाद के इस नए शहर की खासियत यह है कि इसकी कनेक्टिविटी दिल्ली-एनसीआर से मजबूत होगी. यह राजनगर एक्सटेंशन के पास बनेगी. दिल्ली-मेरठ रोड से भी यह कनेक्ट होगी. इसके अलावा यह टाउनशिप दुहाई रैपिड रेल स्टेशन से महज 2 किलोमीटर की दूरी पर यह टाउनशिप रहेगा. गाजियबाद शहर की दूरी महज 15 मिनट और नोएडा सेक्टर-62 की दूरी 30 मिनट और दिल्ली बॉर्डर भी 30 मिनट तक रहेगी.
इसके अलावा हरनंदीपुरम के अलावा इस बोर्ड बैठक में एक और अच्छी खबर है. गाजियाबाद के मोरटी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण भी किया जाएगा. इसके लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के साथ होने वाले लैंड पूलिंग समझौते और एमओयू के अंतिम ड्राफ्ट को बोर्ड ने मंजूरी दे दी है. इसके बाद अब स्टेडियम के निर्माण कार्य में तेजी आएगी और गाजियाबाद जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी करने वाले शहरों की कतार में शामिल हो जाएगा.
ये भी पढ़ेंः मथुरा-वृंदावन में 289 एकड़ में बसेगा नया शहर, बरसाना-नंदगांव को फायदा, दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे के करीब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं